भारतीय मजदूर संघ हमीरपुर ने मांगों को लेकर किया प्रदर्शन
भारतीय मजदूर संघ की इकाई हमीरपुर ने अपनी मांगों को लेकर मंगलवार को जिला मुख्यालय गांधी चौक पर विरोध प्रदर्शन किया और एडीसी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। भारतीय मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष तिलक राज शर्मा ने कहा कि जून में भारतीय मजदूर संघ का मंडी में अधिवेशन हुआ था। इसमें मांगों को लेकर ज्ञापन देने का निर्णय लिया गया था।। उन्होंने मांग की है कि भारतीय मजदूर संघ के सभी विभागों के कर्मचारी, मिड-डे मील वर्कर, आशा वर्कर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, जल शक्ति विभाग में कार्यरत कर्मचारियों को नियमित किया जाए। आशा वर्करों को न्यूनतम वेतन 18000 रुपये दिया जाए। अन्य प्रदेशों के आधार पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवानिवृत्ति की आयु 65 वर्ष की जाए। सभी मिड-डे मील वर्करों को न्यूनतम मजदूरी लागू की जाए तथा उनके नियमतिकरण के लिए नियम बनाए जाएं। सरकार की ओर से बोर्ड, निगम एवं स्थानीय निकायों के कर्मचारियों के लिए जारी की गई पेंशन की अधिसूचना को बहाल किया जाए। जिन बोर्डोंं, निकायों और निगमों के कर्मचारियों को नई पेंशन योजना के अंतर्गत लाया है उनके लिए भी पुरानी पेंशन योजना लागू की जाए। तिलकराज शर्मा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री से मांग की है कि जल्द से जल्द उनकी मांगों को पूरा किया जाए।