बिजली विभाग के नाम पर झूठे मैसेज भेजने वाले गिरोह से रहे सावधान : करण गुलेरिया
विद्युत उप मंडल ज्वालामुखी नंबर 1 के सहायक अभियंता करण गुलेरिया ने ज्वालामुखी क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि उपभोक्ता झूठे मैसेज भेजने वाले गिरोह से सावधान रहे। उन्होंने कहा कि आजकल सुनने में आ रहा है कि कुछ असामाजिक तत्व उपभोक्ताओं को बिजली विभाग के नाम से झूठे मैसेज भेज रहे हैं, जिसमें वह कह रहे हैं किआपका बिजली का कनेक्शन काट दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभाग की तरफ से किसी को इस प्रकार के मैसेज नहीं भेजे जा रहे हैं। लोग ऐसे मैसेज भेजने वालों से सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि ये शातिर उपभोक्ताओं को मैसेज कर उनसे कई जानकारियां हासिल कर रहे हैं। बिजली कनेक्शन कट जाने के भय से कई लोग उनके झांसे में भी आ रहे हैं, इसलिए ऐसे तत्वों से संपर्क ना बनाएं। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग इस प्रकार के मैसेज किसी को नहीं भेजता है। इस प्रकार के मैसेज आने पर पुलिस में इसकी शिकायत करें l
