उपायुक्त ने मेक शिफ्ट अस्पताल तथा अनाज मंडी का किया दौरा, निर्माण कार्यों का भी लिया जायज़ा
फर्स्ट वर्डिक्ट। नूरपुर
उपायुक्त डॉ निपुण जिंदल ने रविवार को इंदौरा में बनाए जा रहे 24 बिस्तरों के मेकशिफ्ट अस्पताल का दौरा किया तथा वहां चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस मौके पर विधायक रीता धीमान, एसपी डॉ खुशाल शर्मा, सीएमओ डॉ. गुरदर्शन गुप्ता, एसडीएम सोमिल गौतम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने हेतु मेकशिफ्ट अस्पताल की स्थापना की गई है। उन्होंने विभाग को निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने तथा अन्य सभी जरूरी व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि ज़िला में कोरोना मामलों की संख्या में प्रतिदिन कमी आ रही है, लेकिन इसके बाबजूद अभी भी प्रशासन पूरी तरह से सजग व सतर्क है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा नियमित रूप से कोरोना सैंपल एकत्रित किए जा रहे हैं।
उपयुक्त ने बताया कि ज़िला के मुख्य स्वास्थ्य संस्थानों में ऑक्सीजन प्लांट स्थापित कर दिए गए हैं तथा जिला के सभी अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे कोरोना के प्रति सजग रहें तथा सभी जरूरी एहतियात बरतें। इसके पश्चात उपायुक्त तथा विधायक रीता धीमान ने अधिकारिओं सहित मिलवां में बन रही अनाज मंडी का दौरा किया तथा निर्माण कार्यों का जायज़ा लिया। उन्होंने अधिकारिओं को निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए 15 अप्रैल से गेहूं की सरकारी खरीद शुरू की जा रही है, जिसके लिए ठाकुरद्वारा में अस्थाई रूप से अनाज मंडी स्थापित कर दी गई है। जिसके लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। उन्होंने किसानों से अनाज मंडी में जाकर अपनी फसल निर्धारित सरकारी मूल्य पर बेचने की अपील की है, ताकि उन्हें फसल के उचित दाम मिल सकें।
