देहरा : शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेल जरूरी-बिक्रम ठाकुर
विनायक ठाकुर । देहरा
खेलों का मानव जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है, इससे व्यक्ति का सर्वांगीण विकास संभव है। खेलों के माध्यम से व्यक्ति में स्वस्थ मन और शरीर के साथ नेतृत्व की क्षमता, आपसी सामंजस्य सहित टीम भावना जैसे महत्वपूर्ण गुणों का विकास होता है। जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के कोटला बेहड़ में पहाड़ी गांधी बाबा कांशीराम को समर्पित क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने यह शब्द कहे। एक महीने तक चली इस क्रिकेट प्रतियोगिता में जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र के लगभग हर पंचायत की टीमों ने भाग लिया। देश के स्वतंत्रता आंदोलन में सत्याग्रह के माध्यम से महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पहाड़ी बाबा कांशीराम के जीवन संघर्ष और योगदान को युवाओं से परिचित करवाने हेतु उनके नाम पर इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उद्योग मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के लिए यह गर्व का विषय है कि पहाड़ी गांधी बाबा कांशीराम का संबंध जसवां परागपुर के डाडासीबा से रहा।
उन्होंने कहा कि पहाड़ी गांधी के नाम से प्रसिद्ध बाबा कांशीराम के जीवन के प्रेरणा लेकर क्षेत्र का हर युवा समाज में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए इस हेतु उनके नाम से ऐसी खेल प्रतियोगिताएं करवाने का विचार उनके मन में आया। बिक्रम ठाकुर ने बताया कि इस प्रतियोगिता में विजेता टीम को 41000 रुपए, उपविजेता को 21000 रुपए एवं तृतीय व चतुर्थ स्थान पर आने वाली टीमों को 11000 व 5100 रुपए दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त पूरी प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को एलईडी टीवी दिया जाएगा। प्रतियोगिता में पुरस्कार प्राप्त करने वाली टीमों में बणी, घूरूर, कोलापुर व लंडियारा रही।
उन्होंने कहा कि जसवां परागपुर खेल के क्षेत्र में भी प्रदेश में अच्छा प्रदर्शन करे इसके लिए वह युवाओं को हर व्यवस्था उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उद्योग मंत्री ने कोटला में जनसमस्याओं को सुनते हुए अधिकतम का मौके पर निपटारा किया तथा शेष के समयबद्ध निवारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। कार्यक्रम में मंडलाध्यक्ष विनोद शर्मा, युवा मोर्चा अध्यक्ष रिक्की ठाकुर, मनमोहन व सुरेश ठाकुर सहित प्रतियोगिता में भाग ले रही टीमों के सदस्य और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
