पालमपुर : पिछले चार वर्षाें से सीएम गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाेगाें तक पहुंचा लाभ : भाजपा
प्रतिमा राणा। पालमपुर
वूल फैडरेशन पालमपुर के परिसर में आज भारतीय जनता पार्टी की कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना, संगठन महामंत्री पवन राणा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर, 2017 के सभी प्रत्याशी, जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष व महामंत्री उपस्थित रहे। बैठक के उद्घाटन सत्र में प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप का मार्गदर्शन मिला। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षाें से अधिक समय से भाजपा की सरकार प्रदेश में है और जिस तरह से प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में सरकार ने गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया है। इसी तरह से सभी कार्यकर्ता चुनाव के लिए जुट जाएं और इसी वर्ष प्रस्तावित चुनाव जनता के आशीर्वाद से फिर से हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाए, ताकि आने वाले पांच वर्षों तक हम आपकी सेवा कर सकें।
प्रदेश भाजपा महामंत्री त्रिलोक कपूर ने बैठक में कांगड़ा चंबा संसदीय क्षेत्र के प्रभारी होने के नाते शीर्ष नेतृत्व को पूर्व में किए गए कार्यों और आगामी कार्यक्रमों के बारे में विस्तृत से जानकारी दी। उन्होंने पार्टी द्वारा पालमपुर में अलग-अलग रूप से किए गए नए प्रयासों के बारे में भी पार्टी प्रभारी को अवगत करवाया। संगठन महामंत्री पवन राणा ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं को चुनाव तक पार्टी द्वारा निर्धारित किए गए कार्यक्रमों धरातल तक उतारने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी यह सुनिश्चित करें पार्टी का कोई भी कार्यकर्ता पार्टी या प्रत्याशी से रूष्ट न हो। प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने अपने संबोधन में कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो योजनाएं बनाई तथा उसका लाभ आम आदमी तक पहुंचाया तथा हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जिस तरह से पिछले 4 वर्षों से गरीब कल्याणकारी योजनाओं पर काम कर रहे हैं और जिस निष्ठा से वह हर वर्ग के लोगों को लाभ पहुंचाने में लगे हैं। इससे प्रतीत होता है कि हिमाचल प्रदेश की जनता भाजपा की सरकार के साथ है।
उन्होंने कहा कि हम सब एकजुटता से मिलकर कार्य करें, ताकि एक बार फिर से हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार बने। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुदान सिंह ने कांगड़ा-चंबा क्षेत्र के प्रमुख कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता ने जिस तरह हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में उत्तराखंड, मणिपुर एवं गोवा में जिस तरह से सरकारों को रिपीट करवाया है। वैसे ही आगे आने वाले समय में भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश में भी सत्तासीन होगी और एक बार फिर सरकार बनाएगी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही सरकार द्वारा चलाई गई जन हितैषी योजनाओं को आम जनमानस तक लेकर जाएं, जिससे उनका लाभ आम जनमानस उठा सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में जन हितैषी योजनाओं का भी लाभ आम जनमानस तक पहुंचे, इसके लिए कार्यकर्ता कमर कस लें तथा अधिक से अधिक लोगों को सुदृढ़ करते हुए भारतीय जनता पार्टी की सरकार को रिपीट करवाने में अपनी भूमिका निभाएं। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुदान सिंह के वक्तव्य एवं चर्चा से कांगड़ा-चंबा लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्त्ताओं में एक नए रक्त एवं ऊर्जा का संचार हुआ है।
