भारत की आजादी का अमृत महोत्सव के अवसर पर हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग वृत-4 शिमला द्वारा आज विश्राम गृह तारादेवी में प्रधान मंत्री ग्राम सड़क योजना के अन्तर्गत एक दिवसीय ग्रामीण सड़क कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यातिथि के रूप में हिमाचल प्रदेश कैलाश फैडरेशन के अध्यक्ष रवि मेहता शामिल हुए। इस अवसर पर रवि मेहता ने आजादी के महोत्सव अवसर पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत विभिन्न जानकारियां शिमला ग्रामीण के पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों को उपलब्ध करवाने के लिए लोक निर्माण विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपयी की दूर दृष्टि व राष्ट्र निर्माण के संकल्प को चरितार्थ करते हुए दिसम्बर 2000 में प्रधान मंत्री ग्राम सड़क योजना का शुभारम्भ किया और 2001 की जनगणना को आधार मानते हुए देशभर में सबसे पहले 500 की आबादी वाले गावों को सड़क सुविधा से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया और उसे पूर्ण करने के उपरान्त 250 की आबादी वाले गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ा गया। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार व प्रदेश सरकार द्वारा हर वर्ग के कल्याण के लिए चलाई गई विभिन्न योजनाओं का लाभ अब सीधे लोगों को मिल रहा है, जिसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम के कुशल नेतृत्व को जाता है। कार्यशाला में मुख्य अतिथि द्वारा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित हो रही शोघी-गोरो-कनौन सम्पर्क सड़क निर्माण के लिए दो बीघा जमीन दान देने वाले पजैल गांव के प्रदीप कुमार को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अधीक्षण अभियन्ता पीएमजीएसवाई राजीव शर्मा, अधीशासी अभियन्ता लोनिवि धामी वृत मान सिंह, अधिशासी अभियन्ता बागवानी इं रवी, भाजपा मण्डलाध्यक्ष दिनेश ठाकुर, पंचायत समिति टुटू की अध्यक्षा अनुराधा शर्मा, जिला परिषद की सदस्य संतोष शर्मा व प्रभा वर्मा, पंचायत समिति सदस्य आशा, सीता व प्रमोद शर्मा, महिला मोर्चा अध्यक्षा बॉबी बंसल, सहायक अभियन्ता लोनिवि धामी सर्कल नवीन कौण्डल सहित आसपास की पंचायतों के पंचायत प्रतिनिधि व 100 से अधिक ग्रामीण उपस्थित रहे।
अधिकारियों को नवाचार विचारों के साथ आगे आना चाहिए और लीक से हट कर सोचना चाहिए ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग के सामाजिक-आर्थिक उत्थान और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए नवीन कार्यक्रम और परिणामोन्मुखी नीतियां बनाई जा सकें। यह बात मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज हिमाचल प्रदेश लोक प्रशासन संस्थान के कल्पतरू भवन का लोकार्पण करने के उपरान्त हिमाचल प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षुओं को सम्बोधित करते हुए कही। इस भवन का निर्माण 4.34 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।जयराम ठाकुर ने नागरिक/राजस्व प्रशासन के विभिन्न पहलूओं, विशिष्ट अधिनियमों पर व्यवहारिक अनुभवों के आधार पर पाठ्यक्रम तैयार करने के लिए हिपा की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने जनमंच कार्यक्रम के माध्यम से जनता की शिकायतों का घरों के निकट निवारण सुनिश्चित किया, जिससे लोगों को सरकारी कार्यालयों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा शुरू किए गए आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत न आने वाले लोगों को शामिल करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा हिमकेयर योजना शुरू की गई। उन्होंने कहा कि गम्भीर बीमारियों से ग्रस्त मरीजों के परिवारों को 3000 रुपये प्रतिमाह प्रदान करने के लिए सहारा योजना शुरू की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने डाॅ. राजीव बंसल और डाॅ. मनोज शर्मा द्वारा लिखित पुस्तक सिटीजन इम्पाॅवरमेंट-ए स्टडी ऑफ ई-गवर्नेंस सर्विसिज और डाॅ. राजीव बंसल द्वारा लिखित पुस्तक स्टैपिंग स्टोनज-ए कम्पेंडियम ऑफ केस स्टडीज का भी विमोचन किया।
शिमला : भाषा, कला एवं संस्कृति मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर ने आज यहां कुल्लू घाटी को यूनेस्को विश्व धरोहर के रूप में मनोनित करवाने के लिए एच.बी.टैक टीम के साथ बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि कुल्लू घाटी की काष्ठकुणी भवन शैली, ग्राम देवताओं की विशिष्ट परम्परा तथा इसका अदभूत प्राकृतिक सौन्दर्य कुछ ऐसी विशिष्टताएं हैं जिनके आधार पर कुल्लू घाटी को विश्व धरोहर के रूप में प्रस्तुत किया जा सकता है। बैठक में निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही इस बारे में एक विस्तृत प्रस्तावना तैयार कर प्रदेश सरकार को सौंपी जाएगी। बैठक में एचबीटैक टीम की ओर से एक प्रस्तुति भी दी गई। निदेशक भाषा एवं संस्कृति विभाग डाॅ. पंकज ललित तथा एचबीटैक टीम की ओर से भृगु आचार्य तथा अक्षत इस बैठक में उपस्थित थे।
जिला दंडाधिकारी सोलन कृतिका कुल्हारी ने जिला में आवश्यक वस्तुओं का अधिकतम परचून मूल्य निर्धारित करने के संबंध में 09 जुलाई को जारी अधिसूचना को अगले 2 माह तक प्रभावी रखने के आदेश जारी किए हैं। यह अधिसूचना हिमाचल प्रदेश जमाखोरी एवं मुनाफाखोरी रोकथाम आदेश 1977 के अन्तर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी की गई है। अधिसूचना के अनुसार बकरा अथवा भेडे का मीट 450 रुपये प्रति किलोग्राम, सूअर का मीट 250 रुपये प्रति किलोग्राम, ड्रेस्ड चिकन तथा डेस्ड ब्राॅयलर 200 रुपये प्रति किलोग्राम, बिना तली मछली 250 रुपये प्रति किलोग्राम, तली हुई मछली 300 रुपये प्रति किलोग्राम तथा जीवित मुर्गे का मूल्य 150 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित किया गया है। जिला के ढाबों तथा प्रतिष्ठानों में तंदूरी चपाती 07 रुपये प्रति चपाती, तवा चपाती 06 रुपये प्रति चपाती, भरा हुआ परांठा 25 रुपये प्रति परांठा, फुल डाईट (चावल चपाती एवं दाल तथा सब्जी) 70 रुपये, एक प्लेट चावल 50 रुपये प्रति प्लेट, दाल फ्राईड 60 रुपये प्रति प्लेट, मीट करी 120 रुपये प्रति प्लेट, चिकन करी 100 रुपये प्रति प्लेट, वेजीटेबल स्पेशल 70 रुपये प्रति प्लेट, मटर अथवा पालक पनीर 90 रुपये प्रति प्लेट, सब्जी अथवा चना एवं दही के साथ 02 पूरी 50 रुपये प्रति प्लेट तथा रायता 50 रुपये प्रति प्लेट निर्धारित किया गया है। यह अधिकतम परचून मूल्य है। स्थानीय दूध की दर 40 रुपये प्रति लीटर, सभी ब्रान्ड के पैकेट वाले दूध की दर मुद्रित मूल्य के अनुसार, पनीर 260 रुपये प्रति किलोग्राम तथा दही का मूल्य 60 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित किया गया है। यह अधिकतम परचून मूल्य है। सभी ब्रान्ड के शीतल पेय मुद्रित दर के अनुसार विक्रय किए जा सकते हैं।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने कहा कि कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ करना समय की मांग है और इस दिशा में केन्द्र तथा हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा सत्त प्रयास किए जा रहे हैं। डाॅ.सैजल आज यहां इंडियन फार्मर्ज अलायन्स द्वारा ‘उन्नत किसान उन्नत कृषि’ विषय पर आयोजित एक दिवसीय संगोष्ठी एवं सफल किसान सम्मान समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे। डाॅ.सैजल ने कहा कि आज भी कृषि आर्थिकी का मज़बूत स्तम्भ है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में हमें रासायनिक खेती से प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ना है। अनेक अनुसंधानों ने यह सिद्ध किया है कि रासायनिक खेती मनुष्य सहित अन्य जीव-जन्तुओं एवं उपजाऊ भूमि के लिए हानिकारक सिद्ध हो रही है। इस दिशा में हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक खेती, खुशहाल किसान योजना सभी को राह दिखा रही है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती अपनाकर जहां सम्पूर्ण सृष्टि के लिए सुरक्षित खाद्यान्न की पैदावार की जा सकती है वहीं कृषि योग्य भूमि को अन्नत काल तक उपजाऊ रखा जा सकता है। राज्य खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरूषोत्तम गुलेरिया, बघाट बैंक के अध्यक्ष पवन गुप्ता, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डाॅ. राजेश कश्यप, जिला परिषद सोलन की पूर्व अध्यक्ष शीला, भाजपा मण्डल सोलन के अध्यक्ष मदन ठाकुर, ग्राम पंचायत मशीवर के प्रधान नरेंद्र ठाकुर, ग्राम पंचायत भारती के प्रधान मीना राम, ग्राम पंचायत कोठों के उप प्रधान सुनील ठाकुर, ग्राम पंचायत शामती के पूर्व प्रधान संजीव सूद, डाॅ. यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वद्यालय नौणी के कुलपति परविन्द्र कौशल, नौणी विश्वविद्यालय में विस्तार शिक्षा के पूर्व निदेशक डाॅ.ओपी शर्मा, आईफा पंजाब के अध्यक्ष सरदार तेजेन्द्र सिंह, प्रगतिशील किसान संगठन सोलन के महासचिव बलदेव ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति तथा किसान इस अवसर पर उपस्थित थे।
बेरोजगार प्रशिक्षित शारीरिक शिक्षक संघ सोलन ने प्रदेश स्तर पर पीईटी के पदों को भरने का हिमाचल प्रदेश सरकार के कदम का स्वागत किया है।संघ के प्रधान यतेन्द्र पाल ने कहा कि बेरोजगार प्रशिक्षित शारीरिक शिक्षक संघ सोलन हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल द्वारा कल शारीरिक शिक्षकों के 870 पद भरने की मंजूरी प्रदान करने का स्वागत करता है l संघ पिछले कई वर्षों से सभी पीईटी के पदों को भरने की पुरजोर मांग सरकार के समक्ष विभिन्न स्तरों पर समय-समय पर करता रहा है, जिस पर सरकार द्वारा सहानुभूति पूर्वक विचार करने का आश्वासन संघ को बार-बार मिलता रहा। संघ के सभी सदस्य सरकार इस कदम का पुरजोर स्वागत करते हैं और संघ सरकार से पीईटी, डीपीई एवं योगा अध्यापकों के पदों को भरने की प्रक्रिया को इसी तरह निरंतर जारी रखने की मांग करता है। जिससे बेरोजगारो की संख्या कम हो सके और उन्हें उचित रोजगार प्राप्त हो सके।
हिमाचल किसान यूनियन जिला मंडी के निर्देशानुसार हिमाचल किसान यूनियन गोपालपुर खंड सरकाघाट की चुनाव प्रक्रिया बैठक शुक्रवार सुबह 11:00 बजे नौवाही की ग्राम पंचायत भवन नौवाही में होने निश्चित हुए है। कोविड-19 के नियमों की पालना करते हुए यूनियन के संविधान अनुसार निश्चित गोपालपुर खंड सरकाघाट की सभी लगभग 50 पंचायतों से केवल दो-दो प्रतिनिधि सदस्य ही चुनाव प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। इस बैठक में जिला मंडी व राज्य प्रेषक विशेष तौर पर अनिवार्य रूप से अपनी देखरेख में चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाएंगे ताकि चुनाव प्रक्रिया में किसी प्रकार की धांधली ना हो सके।
हिमालय मंच 29 अगस्त को बाबा भलकु की स्मृति में कालका-शिमला रेल व पर्यावरण यात्रा का आयोजन कर रहा है। लेखक सदस्य सुबह 8-15 बजे शिमला रेलवे स्टेशन से कनोह रेलवे स्टेशन तक ट्रेन से जायेंगे और वहां से कंडाघाट रेलवे स्टेशन तक पर्यावरण जागरूकता की दृष्टि से पैदल यात्रा करेंगे। दोपहर बाद स्टेशन पर ही एक साहित्यिक गोष्ठी का भी आयोजन किया जायेगा, जिसमें हिमालय मंच के लेखक सदस्यों सहित स्थानीय और दूर दराज से भाग लेने आये लेखक, कलाकार और छात्र भी भाग लेंगे। यह यात्रा शिमला, समरहिल, केथलीघाट, कनोह और कंडाघाट रेलवे स्टेशनों के अधिकारियों के सहयोग से की जाएगी। शिमला रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक प्रिंस सेठी यात्रा को हरी झंडी देंगे। इस बात की जानकारी लेखक और हिमालय साहित्य मंच के अध्यक्ष एसआर हरनोट ने शिमला में प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को दी। हरनोट ने बताया की यह अनूठी यात्रा साहित्य और पर्यावरण जागरूकता की दृष्टि से दुर्लभ प्रतिभा के धनी मजदूर बाबा भलकु की स्मृति में वर्ष 2018 में शुरू की गयी थी। इस यात्रा में लेखक पहले चलती रेल में शिमला से बड़ोग तक साहित्य गोष्ठी करते हैं और फिर चायल स्थित बाबा भलकु के पुस्तैनी घर झाझा जाकर उनके परिवार से मिलकर वहां साहित्यिक गोष्ठी करते हैं। वर्ष 2018 और 2019 में इन यात्राओं और गोष्ठियों के सफल आयोजनों के बाद कोविड के कारण गत वर्ष यात्रा नहीं हो पायी थी। इसी वजह से कोविड नियमों की अनुपालना करते हुए इस बार यात्रा और गोष्ठी का छोटा स्वरुप रखा गया है। उन्होंने ने इस यात्रा में सहयोग के लिए शिमला रेलवे स्टेशन के अधीक्षक प्रिंस सेठी, रेलवे के चीफ कमर्शियल इन्सपेक्टर अमर सिंह ठाकुर, कंडाघाट स्टेशन के अधीक्षक दिनेश शर्मा और समर हिल स्टेशन के अधीक्षक संजय गेरा का धन्यवाद व्यक्त किया है। इस पूरे आयोजन का खर्च पहले की तरह मंच के सदस्य आपसी सहयोग से करेंगे जबकि छात्रों से कोई आर्थिक सहयोग नहीं लिया जाता। इस कार्यक्रम में एसआर हरनोट, आत्मारंजन, सतीशरत्न, गुप्तेश्वर नाथ उपाध्याय, विद्या निधि छाबड़ा, अभिषेक तिवारी, मधु शर्मा, गुलपाल वर्मा, वीरेंद्र कुमार, धनंजय सुमन, स्नेह नेगी, सुमित राज,भारती कुठियाला, कल्पना गांगटा, वंदना राणा, लेखराज चौहान, मोनिका छट्टू, नरेश देयोग, कुलदीप तरुण, सीता राम शर्मा, उमा नदैक, कुल राजीव, आयुष ठाकुर, रत्न चंद निर्झर, तेजस्विनी मेहता, राज कुमार गौतम, जगदीश गौतम, प्रेम लाल शर्मा और सुनील कुमार हरनोट शामिल होंगे।
हिमाचल प्रदेश में 30 अगस्त तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान मानसून सक्रिय होने की संभावना है साथ ही निचले और मध्य क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 30 अगस्त तक प्रदेश के मैदानी, मध्य व उच्च पर्वतीय भागों में बारिश के आसार हैं। वहीं, प्रदेश में मंगलवार को मौसम मिलाजुला रहा। वही मंडी जिला में सबसे ज्यादा बारिश 73 मिलीमीटर और कांगड़ा जिले में 63 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सुरेन्द्र पॉल का कहना है कि काँगड़ा, ऊना सहित कई जिलो में 7 से 12 मिलिमीटर बारिश की संभावना है जबकि अन्य जिलो में 4 से 6 मिलिमीटर बारिश होने की संभावना है जबकि उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश की संभावना कम है।
शिमला : सेब के दामों में अचानक आई गिरावट के बाद बागवानों की चिंता बढ़ गई है। कांग्रेस ने इसके लिए सरकार के साथ सेब व्यापारियों की सांठ गांठ को जिम्मेदार बताया है। प्रदेश सरकार किसानों बागवानों के हितों की रक्षा करने में असमर्थ है ऐसे में बागवानी मंत्री को पद से हटाने की मांग कांग्रेस ने की है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि आज कल सेब सीजन चल रहा है और इस वर्ष सभी को सेब के अच्छे दाम मिलने की उम्मीद थी, लेकिन बागवानों को इस बार निराशा ही हाथ लगी है। बेमौसमी बारिश व बर्फबारी के चलते बागवाणों को भारी नुकसान झेलना पड़ा। सरकार से बार-बार आग्रह करने के बावजूद भी आज तक नुकसान की भरपाई नही की गई। कुलदीप राठौर ने कहा कि बागवानो को सस्ता कार्टन ओर कीटनाशक उपलब्ध करवाने चाहिए थे, लेकिन सरकार ने इनके दामो में भी वृद्धि कर दी। उन्होंने कहा की केंद्र द्वारा जो नए कृषि कानून लागू किये गए है उसका असर दिखने लग गया है जिसके कारण कुछ एक चुनिदा कंपनियों की वजह से सेब के दामो मे भारी गिरावट दर्ज की गई है। कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि सरकार को अडानी पर तुरन्त अंकुश लगाना चाहिए, ताकि प्रदेश के किसानों के हितों को बचाया जा सके। जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए कुलदीप सिंह राठौर ने कहा की मुख्यमन्त्री स्वयं बागवान होने का दावा करते है लेकिन वे बागवानों के हितों के लिए कोई कदम नही उठा रहे हैं।
आज यानि बुधवार को भारत की कम्युनिस्ट पार्टी जिला सोलन का 14वां जिला सम्मेलन संपन्न हुआ। सम्मेलन में नव उदारवाद व साम्राज्यवाद के विरुद्ध लड़ाई व जन मुद्दों पर जनता को लामबंद करते हुए आंदोलन को मजबूत करने के प्राण के साथ 11 सदस्यीय कमेटी का चयन किया गया। जिला सचिव के तौर पर मोहित वर्मा को चुना गया। सम्मेलन की शुरुआत शोक प्रस्ताव से की गई जिसमें सीपीएम के तमाम लोग जिन्होंने पार्टी को बनाने में व उसकी रूपरेखा तैयार करने में काम किया तथा महामारी के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी की वजह से जिनकी मृत्यु हुई उन सभी की मृत्यु पर शोक प्रकट किया गया। जिला सचिव द्वारा सोलन की राजनीतिक व सांगठनिक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। इस रिपोर्ट में जिला सोलन की सामाजिक व आर्थिक संगठन की स्थिति व आने वाले समय में किये जाने वाले कार्यों के बारे में बात की गई। इस सम्मेलन के अंदर आने वाले समय में ठोस रणनीतियों को अपनाते हुए नव उदारवाद व सांप्रदायिकता के खिलाफ संघर्ष करने व जन मुद्दों को उठाते हुए पार्टी को मजबूत करने का निर्णय लिया गया।
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के औच्छघाट-नारग सड़क पर एक बड़ा हादसा होने से टल गया है। जानकारी के मुताबिक निजी बस कोट से सोलन वाया औच्छघाट होते हुए जा रही थी। इस बीच देवथल-नौरा के बीच पहुंचते ही दूसरी तरफ से आ रही गाड़ी को साइड देते समय सड़क धंसने से बस का अगला टायर सड़क के बाहर हो गया। इस कारण बस का अगला हिस्सा ढांक की तरफ लटक गया। बस में पच्छाद की विधायक के पीएसओ संजय की पत्नी और बेटा समेत करीब 30 यात्री सवार थे। सभी यात्री सुरक्षित हैं। हादसे के पीछे खराब सड़क भी मुख्य वजह मानी जा रही है।
बुधवार को आम आदमी पार्टी ज्वालामुखी यूथ विंग के अध्यक्ष विकास धीमान ने प्रेस विज्ञापित माध्यम से कहा कि पूरा हिमाचल हमारे युवा नेता अनुराग ठाकुर के स्वागत में लगा हुआ है। इसके लिए उन्हें बधाई परन्तु उन्हें आश्चर्य है कि वह वित्त और कॉर्पोरेट मामलों के राज मंत्री रहे और उन्होंने पीएसयू के विनिवेश के बारे में भी चर्चा नहीं की। युवा सरकारी क्षेत्र में नौकरी पाने का सपना देख रहे हैं और वे इसके लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयों के विनिवेश में व्यस्त है। अनुराग ठाकुर हमारे सांसद हैं और हमारे अधिकारों के लिए लड़ना उनकी जिम्मेदारी है। अब भारतीय रेलवे में सरकारी नौकरी पाना हमारे युवाओं के लिए एक सपना बनकर रह जाएगा। यहां देश सरकार से राहत की तलाश में है लेकिन सरकार लोगों को तनाव देने में व्यस्त है। आप नेता विकास धीमान ने कहा की अनुराग ठाकुर ने युवाओं के लिए नौकरियों के बारे में कुछ भी चर्चा नहीं की, जबकि हिमाचल प्रदेश के युवा इस बात से बहुत खुश थे कि उनका नेता अधिक ऊँचाइयों पर है और उनके लिए कुछ करेगा। लेकिन नेता ने युवाओं के रोजगार के अवसरों के बारे में कुछ भी नहीं बताया।
भारतीय राज्य पैन्शनर्ज महासंघ हिमाचल प्रदेश के तत्वधान में 2 सितंबर को मण्डी शहर के भियुली स्थित भीमाकाली मन्दिर में सुबह 11बजे प्रदेश पैन्शनरो की एक बैठक का आयोजन किया जा रहा है। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष ब्रह्मानंद व महामंत्री इन्दर पाल शर्मा ने जारी सँयुक्त प्रेस बयान में कहा कि इस बैठक में प्रदेश पैन्शनरो के सभी समान्तर संघो के प्रदेश व जिला पदाधिकारियो को आमंत्रित किया गया है।इन्दर पाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश स्तर पर पहली बार होने वाली इस सँयुक्त बैठक में पैन्शनरो की सभी प्रमुख मांगो पर चर्चा होगी तथा सरकार द्वारा इस वर्ग की की जा रही लगातार उपेक्षा पर सर्व सहमती से आगामी रूपरेखा तैयार की जायेगी। सभी समान्तर संघो की एकसंयुक्त समन्वय /संघर्ष समिति का गठन किया जायेगा।
किसान और पशुपालक अब अपनी समस्याओं का समाधान कृषि विवि पालमपुर के किसान पोर्टल पर कर सकेंगे। किसानों की समस्याओं का समाधान सरल हिंदी भाषा में होगा। कृषि विवि ने छात्रों और कृषक समुदाय के लिए दो नई सेवाओं की शुरुआत की। कुलपति प्रो. हरिंद्र कुमार चौधरी ने कहा कि नेशनल अकादमिक डिपॉजिटरी की सुविधा छात्रों को उनकी प्रामाणिक डिजिटल डिग्री और अन्य शैक्षणिक दस्तावेजों तक पहुंच प्रदान करेगी। विश्वविद्यालय की नई अपडेटिड वेबसाइट में प्रौद्योगिकियों के हस्तांतरण के लिए समर्पित किसान पोर्टल शामिल है। किसान पोर्टल के माध्यम से किसान सीधे खेत से सवाल पूछ सकते हैं और विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों से तेज और विश्वसनीय समाधान प्राप्त कर सकते हैं। वे पोर्टल पर हिंदी या अंग्रेजी में अपने प्रश्नों के साथ प्रासंगिक फोटो भी अपलोड कर सकते हैं।
दाड़लाघाट : पिपलुघाट पोस्ट ऑफिस में बजुर्गों व दिव्यागों को समय पर सामाजिक सुरक्षा पेंशन को लेकर परेशान होना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है की उन्हें पेंशन लेने के लिए शाखा के कई चक्कर काटने पड़ते है, कभी कैश तो कभी कनेक्टिविटी का बहाना बना दिया जाता है। मंगलवार को सुबह दस बजे जब स्थानीय लोग पेंशन लेने के लिए पोस्ट आफिस पहुचे तो कार्यालय में ताला लटका हुआ था। घण्टों इंतजार के बाद जब पोस्ट मास्टर नही पहुचा तो लोगों ने निरीक्षक से इसकी शिकायत कर दी। जिसके बाद पोस्ट मास्टर ने कर्यालय का ताला खोलकर पेंशन देना तो शुरू कर दिया पर अनपढ़ वृद्ध लोगों को फॉर्म खुद भरने को कहा। वृद्ध पेंशन धारक मार्किट में दुकानदारों से फॉर्म भरवाने के लिए घूमते रहे।स्थानीय लोगों में मोहन लाल, राजू, हेम राज, उमेश, भूपेंद्र, गंगी, निर्मला, शिव राम, प्रभु राम, गुलाबो ने बताया कि बहुत से पेंशन धारक ठागर, भेल, कलावन भलेड से आते है जो पिपलुघाट से लगभग 8 किलोमीटर दूर है। पोस्ट मास्टर कभी कैश तो कभी कनेक्टिविटी न होने की बात कहकर उनके कई चक्कर लगवाता रहता है। स्थानीय लोगों ने परेशान होकर पोस्ट मास्टर पर कार्यवाही की मांग की है। जब इस बारे में रत्न चंद शर्मा अधीक्षक डाकघर सोलन से बात की गयी तो उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जाएगी, अगर कोई दोषी पाए जाता है तो उस पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। उधर,पोस्ट मास्टर श्याम लाल का कहना है की कई बार इंटरनेट कनेक्टिविटी नही होने तथा लोगों की जो पेंशन ग्रुप में आती है उसके कारण समस्या आ रही है। क्योंकि ग्रुप की सीरियल में लिस्ट बनकर आती है, जिसमें कई बार पहली लिस्ट में पेंशन आ जाती है तो दूसरी में नही आती है और दूसरी लिस्ट वाले लोग आ जातें है, क्योंकि उन्हें भी पता नहीं होता कि किस लिस्ट की पेमेंट आई है इसलिए उन्हें बार बार चक्कर काटने पड़ते है। उन्होंने कहा कि मुझे भी इनके चक्कर लगना अच्छा नही लग रहा लेकिन जो पेंशन आती है वह सोलन ऑफिस से आती है। इस कारण यह हो रहा है।
दाड़लाघाट : भारतीय किसान संघ खंड कुनिहार की संगठनात्मक बैठक जिला अध्यक्ष प्रेम दत्त शर्मा की अध्यक्षता में दाड़लाघाट में संपन्न हुई। इस दौरान निर्वाचन अधिकारी जय सिंह ठाकुर प्रांत प्रचारक प्रमुख उपस्थित रहे। इसमें कुनिहार खंड की विभिन्न ग्राम समितियों के कार्यकर्ताओं, किसान बंधुओं ने भाग लिया। नवगठित कार्यकारिणी के लिए दाड़लाघाट से नरेश कुमार शर्मा को अध्यक्ष, सेवड़ा चंडी से कृष्ण लाल शर्मा को उपाध्यक्ष, वहीं मंत्री पद के लिए पजीणा से किशोर चंद ठाकुर व सहमत मंत्री पद के लिए गवाह से नीमचंद को सर्वसम्मति से निर्वाचित किया गया। वही महिला प्रमुख पजीणा से सुमन ठाकुर, धुंधन से रतन बट्टू को जैविक प्रमुख, हेमराज ठाकुर को प्रचार प्रमुख और रमेश कुमार को युवा प्रमुख का पदभार सौंपा गया। गठन के पश्चात नवनिर्वाचित अध्यक्ष नरेश कुमार शर्मा ने कहा कि भारतीय किसान संघ किसानों के हितों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेगा। हमारी प्रमुख मांग किसानों को उपज की लागत आधारित लाभकारी मूल्य प्राप्त हो इसके लिए संघर्ष के लिए भी हम सदैव तत्पर रहेंगे। इस अवसर पर रतन बट्टू, श्याम सिंह चौधरी, जगदीश्वर शुक्ला, ओम प्रकाश शर्मा, राकेश गौतम आदि उपस्थित रहे।
पुलिस थाना ज्वालामुखी के अंतर्गत पुलिस टीम एएसआई नाजर सिंह के नेतृत्व में ट्रैफिक चेकिंग ड्यूटी पर सपडी से खुंडिया रोड पर मौजूद थी। यहां मोटरसाइकिल नम्बर एचपी 36बी0285 पर दो व्यक्ति सवार थे जो खुंडिया की तरफ सपडी की ओर आ रहे थे। पुलिस टीम को देखकर दोनों वापस भागने लगे लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें मुस्तैदी दिखाते हुए मौके पर ही पकड़ लिया। इस पर मोटरसाइकिल के पीछे बैठे व्यक्ति ने अपनी जेब से कुछ सामान निकालकर झाड़ियों में फेंक दिया, जिसे बाद में उठाकर देखने पर चरस पाई गई है। बताया जा रहा है कि उक्त चरस का वजन 22.15 ग्राम पाया गया है। मामले की पुष्टि करते हुए एसएचओ ज्वालामुखी जीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।
जिला कुल्लू के मुख्यालय ढालपुर में अदालत परिसर में कुल्लू भाजपा के सह मीडिया प्रभारी के खीमी राम व काईस पंचायत में पूर्व में पंचायत प्रतिनिधि रही यूम नेगी व उनके पति परस राम के साथ मारपीट हो गई। वहीं इस मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस बारे में खीमी राम ने भी कुल्लू पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। वही, पूर्व प्रधान युम नेगी ने भी इस बारे में शिकायत दी है और पुलिस ने भी मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आपसी लेनदेन के मामले को लेकर यह मारपीट की घटना पेश आई। दोपहर बाद अदालत परिसर के बाहर अचानक हुई मारपीट से स्थानीय लोग भी हैरान हो गए। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें छुड़ाने की भी कोशिश की। लेकिन बाद में उन्हें कुल्लू पुलिस को सूचित करना पड़ा और कुल्लू पुलिस के जवान उन्हें पकड़ कर थाने ले गए। जहां पर अब खीमी राम ने अपने साथ हुई मारपीट के बारे में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। इस बारे में एसपी कुल्लू गुरुदेव शर्मा का कहना है कि पुलिस को शिकायत मिली है और पुलिस दोनों पक्षो की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई करने में जुट गई है।
राजधानी शिमला में एक संत से हाथपाई के खिलाफ विश्व हिन्दू परिषद् ने सरकार से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। बीते दिनों शिमला में विधानसभा के समीप स्थित रामकृष्ण मिशन आश्रम में एक महिला वकील अपने सहयोगी के साथ कई कुत्तों को लेकर पहुंची। महिला पर आरोप है कि उसने अपने कुत्तों को मंदिर के अंदर प्रवेश करने से नहीं रोका और जब वहां मौजूद एक व्यक्ति ने कुत्तों को बाहर करना चाहा तो उसने वहां मौजूद संत के साथ बहसबाजी व हाथापाई शुरू कर दी। महिला केवल यहां तक सीमित नहीं रही बल्कि बाहर जाते समय उसने संत पर पीछे से हमला कर दिया। विश्व हिन्दू परिषद के प्रांत मंत्री सुनील जसवाल और ट्रस्टी अमन पूरी द्वारा जारी संयुक्त बयान में इस घटना की कठोर निंदा की है। उनका कहना है कि यह घटनाक्रम किसी धार्मिक स्थल की पवित्रता को जबरन अपवित्र करने वाला अपराधिक कृत्य है। उन्होंने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच करने तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाने की मांग की है, जिससे भविष्य में कोई भी धार्मिक स्थलों का इस प्रकार अपमान न कर सके। उन्होंने स्पष्ट किया है कि साधु-संतों के खिलाफ विश्व हिन्दू परिषद किसी भी प्रकार की हिंसा का विरोध करता है। साथ ही दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करता है।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा का विशेष सत्र 16 और 17 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सत्र में विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। स्वर्णिम हिमाचल दिवस पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विधानसभा के विशेष सत्र बुलाने की घोषणा की थी। विशेष सत्र में हिमाचल के सभी पूर्व विधायक जिन्होंने हिमाचल को बनाने और विधानसभा को चलाने में अपना सहयोग दिया है। उन सभी को सम्मानित किया जाएगा। विशेष सत्र में किसी भी तरह के प्रश्न काल का आयोजन नहीं होगा। इसके अलावा इस विशेष सत्र में विधायक स्वर्णिम हिमाचल को लेकर अपनी अपनी राय देंगे। आज से पहले हिमाचल कैसा था कैसा दिखता था। इस पर चर्चा की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश के बद्दी में राष्ट्रीय मार्ग इलाहाबाद बैंक के सामने चालक की जल्दबाजी के कारण पेट्रोल पंप में आग भड़क गई। पाइप का नोजल गाडी में फंसने के कारण पंप सड़क पर गिर गया। सड़क पर तेल गिरते ही हुए शॉट सर्किट से आग लग गई। पंप के कर्मचारियों ने आग तुरंत आग पर काबू पा लिया। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। पंप ऑपरेटर संजय ने बताया कि एक कार चालक पंप पर पेट्रोल डलवाने आया। जब कर्मी गाड़ी में तेल डाल रहा था तो कार चालक ने एकदम से गाड़ी आगे बढ़ा ली। जिससे मशीन की नोजल गाड़ी में फंसी रही और मशीन नीचे गिर गई। मशीन के गिरने से हुए शॉर्ट सर्किट से आग फैल गई। कर्मियों और आसपास के दुकानदारों ने आग पर काबू पाया गया। उधर, डीएसपी नवदीप सिंह ने कहा कि पेट्रोल पंप में आग लगने की सूचना उन्हें मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
राज्य सरकार समाज के कमजोर वर्गों, विशेषकर अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लोगों के कल्याण और सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए संकल्पबद्ध है। यह बात मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष वीरेंद्र कश्यप के नेतृत्व में प्रदेश भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अनुसूचित जाति समुदाय प्रदेश और देश के विकास में प्रमुख भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति के स्नेह से ही यह संभव हो पाया है कि आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन पाई है। अनुसूचित जातियों को सरकार में उचित प्रतिनिधित्व मिले, इसके लिए राज्य सरकार हमेशा प्रयासरत है। भाजपा के कार्यकाल में ही अनुसूचित जाति विशेष घटक योजना के तहत अनुसूचित जाति की जनसंख्या के अनुपात के अनुसार बजट में वृद्धि की गई है। इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीन चौधरी, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव विवेक सोनकर, सक्षम गुडि़या बोर्ड की अध्यक्षा रूपा शर्मा, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारिता कृषि और ग्रामीण विकास बैंक लिमेटिड की अध्यक्षा शशि बाला सहित मोर्चे के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
ज्वालामुखी के पूर्व विधायक एवम कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता संजय रत्न ने कहा है कि मोदी सरकार देश की पहली ऐसी सरकार है जो सत्ता में आने के बाद से ही एक-एक करके सरकारी संपत्तियां बेचती जा रही है। उन्होंने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश को खोखला करने के लिए मोदी सरकार ने कमर कसी हुई है और एक बार फिर मोदी सरकार सरकारी संपत्तियां बेचकर पैसे जुटाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सरकारी संपत्ति को जल्द बेचने के लिए मोदी सरकार के जिस नये प्रोग्राम का खुलासा किया है, वह इस सरकार की हर मोर्चे पर विफलता और दिशाहीनता का सूचक है। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने सरकारी संपत्तियां बेचकर पैसा जुटाने के लिए मोदी सरकार को जनादेश नहीं दिया था बल्कि वायदों को हकीकत में बदलने के लिए भारी जन समर्थन दिया था। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने सत्ता में आने से पहले देश की जनता को इस नारे के साथ भ्रमित किया था कि-"बहुत हुई महंगाई की मार, अबकी बार मोदी सरकार" और अब देश की जनता ने साक्षात देख लिया है कि मोदी शासन में गैस सिलेंडर 1000 और पेट्रोल ₹100 प्रति लीटर का आंकड़ा पार कर गया है। महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ डाली है। हर साल 2 करोड युवाओं को नौकरियां देना तो दूर की बात रही, सरकार की गलत नीतियों के चलते करोड़ों लोग अपने रोजगार से हाथ धो बैठे हैं। हर वर्ग सरकार से हताश और निराश है। किसान सड़कों पर बैठे हैं और मोदी सरकार चैन की बंसी बजा रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार चंद पूंजीपतियों को खुश करने वाली सरकार बन कर रह गई है और आम आदमी की पीड़ा से मोदी सरकार ने अपना मुख मोड़ लिया है।
सोलन में धर्मपुर-स्पाटू रोड़ पर मोहन बॉडी के पास बजरी से भरा एक बड़ा टिप्पर सड़क धंसने से पलट गया। टिप्पर नंबर (HR 68 V 3738) फोरलेन निर्माण करता कंपनी जीआर इंफ्रास्ट्रक्चर के मिक्सिंग प्लांट के लिए, बजरी लेकर जा रहा था। मोहन बॉडी के समीप सामने से आ रही गाड़ी को पास देने के लिए ड्राइवर कच्चे रोड़ में अपने ट्रक को ले गया। जिससे वहां पर सड़क धंसने से ट्रक सड़क से 4-5 फुट नीचे खाई में पलट गया। इस दुर्घटना में ट्रक चालक को मामूली चोटें आई हैं। अन्य किसी को कोई भी नुकसान होने की सूचना नहीं है। पुलिस द्वारा मौके पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
पावंटा साहिब में माज़रा पुलिस ने एक ट्रक चालक से 8 किल्लो 60 ग्राम भुक्की बरमाद की है। जानकरी के मुताबिक माज़रा पुलिस देर रात गश्त पर तैनात थी, उस समय शक के आधार पर पुलिस ने एक ट्रक को रुकवा कर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस ने ट्रक चालक से 8 किल्लो 60 ग्राम भुक्की बरामद की। चालक की पहचान रशीद मोहमद निवासी माजरा के रूप में हुई है। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए DSP वीरबहादुर ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया है।
हिमाचल प्रदेश में 30 अगस्त तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान किसी तरह का अलर्ट नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 30 अगस्त तक प्रदेश के मैदानी, मध्य व उच्च पर्वतीय भागों में बारिश के आसार हैं। वंही जोगिंदरनगर में 32.0, मनाली 17.0, ऊना 5.4, नाहन 4.4, बरठीं बिलासपुर 4.0, कांगड़ा 2.3 और पालमपुर में 1.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। उधर, राजधानी शिमला में मंगलवार सुबह मौसम साफ रहा। दोपहर से हल्क बादल छाए हुए हैं। केलांग में न्यूनतम तापमान 12.8 और ऊना में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
हिमाचल प्रदेश की मंडियों में सेब के वाजिब दाम नहीं मिलने से बागवानों ने तुड़ान का काम रोक दिया है। कुछ बागवानों ने स्थानीय मंडियों में फसल बेचने की बजाय बाहरी राज्यों का रुख करना शुरू कर दिया है। ओला रहित सेब की साफ फसल की 28 किलो की पेटी को भी अधिकतम 1400 रुपये दाम मिल रहे हैं। ओलों से दागी फसल तो भूसे के भाव बिक रही है। मैदानी क्षेत्रों में बाढ़, कोरोना से फैली मंदी जैसे कई कारणों को दाम नहीं बढ़ पाने का कारण माना जा रहा है। पराला, भट्टाकुफर, सोलन, परवाणू आदि फल मंडियों में सेब की आवाजाही कम हो गई है। कई बागवान जयपुर, मुंबई, चेन्नई और देश की अन्य मंडियों के लिए सेब भेज रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से सेब के दाम मंडियों में बुरी तरह से पिट रहे हैं। सेब की करीब 28 किलो की पेटी की बोली 200 से 300 रुपये लग रही है। कुछ समय पहले यही बोली 1000-1200 रुपये से लगनी शुरू होती थी।
सोलन : देश की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर केन्द्रीय युवा सेवाएं एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान से नेहरू युवा केन्द्र सोलन द्वारा 28 अगस्त, 2021 को ‘फिट इंडिया फ्रीडम रन’ का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी नेहरू युवा केन्द्र सोलन की उप निदेशक ईरा प्रभात ने मंगलवार को दी। उन्होंने कहा कि ‘फिट इंडिया फ्रीडम रन’ 28 अगस्त, 2021 को प्रातः 6.00 बजे चिल्ड्रन पार्क सोलन से आरम्भ होगी। फिट इंडिया फ्रीडम रन चिल्ड्रन पार्क सोलन से मालरोड सोलन होते हुए चम्बाघाट तथा चम्बाघाट से पुनः वापिस चिल्ड्रन पार्क सोलन में समाप्त होगी। ईरा प्रभात ने कहा कि फिट इंडिया फ्रीडम रन से पहले सभी को फिट इंडिया की शपथ दिलाई जाएगी। इस अवसर पर भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में संदेश भी सुनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर केन्द्रीय युवा सेवाएं एवं खेल मंत्रालय द्वारा देश के 29 राज्यों के 744 जिलों के विभिन्न विकास खण्डों के 75 कस्बों और गांवों में भिन्न-भिन्न आयोजन किए जा रहे हैं। आजादी की दौड़ का यह कार्यक्रम 02 अक्तूबर, 2021 तक आयोजित किया जाएगा। ईरा प्रभात ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत करना तथा उन्हें स्वस्थ रहने के प्रति जागरूक बनाना है।
जसवां-परागपुर : प्रदेश की जयराम सरकार द्वारा केबिनेट में रक्कड़ सीएचसी का दर्जा बढ़ाकर 24/7 में आपातकाल की सुविधा मिलने से स्थानीय जनता में स्वदेशी जागरण मंच के पूर्व संयोजक देशबंधु, प्रेम चन्द, केडी शर्मा, रक्कड़ की प्रधान जीवन लता, कुहना के प्रधान रामपाल, पूर्व प्रधान रत्न सिंह राठौर, नरेश, समीर, सजींव, राजेश, मनोज आदि ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार व प्रेम कुमार धूमल, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, उद्योग व परिवहन मंत्री विक्रम ठाकुर, स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल, संगठन मंत्री पवन राणा का रक्कड़ में सीएचसी का दर्जा बढ़ाने पर इन सभी नेताओं का धन्यवाद किया है। आपको बता दे कि पिछले काफी समय से रक्कड़ सीएचसी को अपडेट करने की मांग स्थानीय जनता द्वारा की जा रही थी, यही नहीं थोड़े ही समय पहले स्वदेशी जागरण मंच के पूर्व संयोजक देशबंधु इस मांग को लेकर भूख हड़ताल पर भी बैठे थे जिसे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के आशावासन के उपरांत तोड़ दिया गया था। आज हिमाचल प्रदेश केबिनेट में सीएचसी रक्कड़ का दर्जा बढ़ाकर 24/7 में आपातकाल सुविधा देने का फेसला लिया है वहीं स्थानीय वाशिंदों ने इस देन के लिए प्रदेश सरकार का दिल की गहराइयों से आभार व्यक्त किया है। बीते काफी सालों से यह मांग लोगों द्वारा की जा रही थी जिसे आज पूरा कर दिया गया है। लोगो का आरोप था कि रक्कड़ में ढंग की स्वास्थ्य सुविधा न होने की वजह से कई लोग मौत का ग्रास बन जाते थे रात में अगर कोई बीमार पड़ जाए तो उक्त व्यक्ति को या तो नादौन या फिर देहरा अस्पताल लेकर जाना पड़ता था और कई लोगों की वहां पहुँचने से पहले ही मौत हो जाती थी। अब सीएचसी रक्कड़ का दर्जा बढ़ने से लोगों को स्वास्थ्य जांच के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। रक्कड़ में ही लोगों का समय रहते उपचार हो जाएगा।
दाड़लाघाट : अल्ट्राटेक सीमेंट बागा में रक्षाबंधन का त्यौहार बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उत्सव का आयोजन कंपनी के लॉजिस्टिक्स विभाग द्वारा किया गया। इस मौके पर संस्थान प्रमुख विवेक माथुर व सभी विभाग प्रमुख शामिल हुए। इकाई प्रमुख द्वारा सभी चालक बंधुओं को खुशी का संदेश दिया व रक्षाबंधन के साथ-साथ सुरक्षा के साथ गाड़ी चलाना, खुद भी सुरक्षित रहना व औरों को भी सुरक्षित रखने के बारे संदेश दिया, जिससे घर एवं परिवार दोनों को सुरक्षित रख सके। अल्ट्राटेक कम्युनिटी वेलफेयर फाउंडेशन के समाजिक उतरदायित्व प्रभारी कुलीन देशमुख ने बताया कि सुरक्षा संबंधी संदेश को सभी चालक बंधुओं ने बड़े ध्यान से सुनना समझा व भविष्य में ऐसी गुणवान बातों के ऊपर अमल में लाने के बारे में हामी भरी। तद्पश्चात अल्ट्राटेक कम्युनिटी वेलफेयर द्वारा संचालित प्रशिक्षण केन्द्रों पर रक्षा बन्धन हेतु समस्त बहनों को हार्दिक शुभकामनां दी एवं आशा व्यक्त की बहनों द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त कर आय सवर्धन के कार्य किये जायेगें। इसी कड़ी में कंपनी द्वारा सभी चालक बंधुओं एवं प्रशिक्षित केन्द्र में उपस्थित बहनों को उपहार दिये गये जिसमें राखी, सैनिटाइजर मास्क के साथ मिठाई दी गई।
सोलन : भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र के उप निर्वाचन में प्रयोग में लाई जाने वाली इलैक्ट्राॅनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) तथा वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (फर्स्ट लेवल चेकिंग) मंगलवार को तहसील परिसर सोलन में पूर्ण की गई। इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त एवं राज्य फर्स्ट लेवल चेकिंग के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी नीलम दुल्टा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इलैक्ट्राॅनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) की प्रथम स्तरीय जांच विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पूर्ण की गई। ईवीएम की जांच भारत इलैक्ट्राॅनिक लिमिटिड (बेल) कंपनी के अभियन्ताओं द्वारा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ज़फ़र इकबाल ने इस अवसर पर कहा कि उप निर्वाचन के लिए कुल 320 बैलेट यूनिट, 320 कन्ट्रोल यूनिट तथा 320 वीवीपेट मशीनों की मंगलवार को प्रथम स्तरीय जांच की गई। उन्होंने कहा कि भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला प्रशासन त्रुटि रहित एवं सफल निर्वाचन के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के चन्द्रकान्त शर्मा, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के शिव दत्त ठाकुर, भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी के अनुराग पराशर, सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय यादव, तहसीलदार निर्वाचन राजेन्द्र शर्मा, तहसीलदार सोलन गुरमीत नेगी, नायब तहसीलदार निर्वाचन महेन्द्र ठाकुर एवं दीवान चंद ठाकुर तथा अग्निश्मन अधिकारी राजा राम भागटा उपस्थित थे।
कुल्लू : जिला निर्वाचन अधिकारी (उपायुक्त) आशुतोष गर्ग ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला कुल्लू के सभी चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों 22-मनाली, 23-कुल्लू, 24-बंजार तथा 25-आनी (अ.जा.) की मतदान केन्द्रों की प्रारूप सूचियां तैयार कर ली गई है। इन सूचियों की एक प्रति जिला निर्वाचन कार्यालय, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एसडीएम मनाली, कुल्लू, बंजार तथा आनी व जिला की समस्त तहसीलों व उप तहसीलों के कार्यालयों में 27 अगस्त 2021 तक जनसाधारण के निःशुल्क निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेंगी। मतदान केन्द्रों की सूचियों के संदर्भ में किसी प्रकार की आपत्ति अथवा सुझाव हो तो उनके कार्यालय तथा एसडीएम कार्यालयों में आगामी 27 अगस्त तक प्रस्तुत करने को कहा गया है।
मंगलवार को एसएफआई हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई द्वारा कुलसचिव को ज्ञापन सौंपा गया। इसमें एसएफआई ने विश्वविद्यालय में चल रही तमाम तरह की समस्याओं का विवरण दिया। इसमें सबसे पहेली मांग है कि जल्द से जल्द विश्वविद्यालय को आम छात्रों के लिए खोला जाए। जैसा कि आने वाले समय में विश्वविद्यालय में परीक्षाएं होने जा रही हैं इसके चलते जल्द से जल्द विश्वविद्यालय को खोला जाना चाहिए। इसके अलावा एसएफआई ने यह मांग भी कुलसचिव के समक्ष रखी की 2018 में विश्वविद्यालय द्वारा नॉन-टीचिंग स्टाफ और पंचायत सहायक के लिए आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए थे लेकिन आज भी विश्वविद्यालय द्वारा इनकी परीक्षाएं नहीं करवाई गई है। जबकि इसमें विश्वविद्यालय द्वारा भारी भरकम फीस बच्चों से वसूली गई है। एसएफआई विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग करती है कि जल्द से जल्द इन परीक्षाओं का शेड्यूल जारी किया जाए और इसके अलावा एसएफआई ने यह मांग भी की कि पिछले लंबे समय से विश्व विद्यालय बंद है फिर भी प्रशासन द्वारा छात्रों से पूरी फीस वसूल की जा रही है फिर चाहे वह हॉस्टल फीस हो या परीक्षा की फीस हो। हम मांग करते है कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा तमाम तरह की फीस में रिलैक्सेशन दी जानी चाहिए। एसएफआई ने यह मांग भी उठाई है कि आने वाले समय में विश्वविद्यालय में परीक्षाएं करवाई जानी है इसके लिए बहुत से छात्र विश्विद्यालय की ओर रुख करेंगे, इसीलिए विश्वविद्यालय में वैक्सीन लगाने के लिए परमानेंट वैक्सीनेशन सेंटर खोला जाना चाहिए ताकि छात्रों को वैक्सीन लगाने के लिए जगह जगह ना भटकाना पड़े। इसके अलावा एस एफ आई ने मुख्यतः जो प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न शिक्षण संस्थानों में स्पोर्ट्स और कल्चरल कोटा खत्म किया जा रहा है उस की बहाली की मांग कुलसचिव के समक्ष रखी। एसएफआई का मानना है कि इस कोटे को किसी भी हाल में खत्म नहीं किया जाना चाहिए। इसके अलावा एस एफ आई द्वारा कुलसचिव को पिंक पेटल्स के ऊपर जितनी भी खाने की दुकाने हैं उनके बाहर रेट लिस्ट लगाने के लिए कहा क्योंकि देखा जा रहा है कि बिना किसी नोटीफिकेशन के दुकानदारों द्वारा मूल्यों में वृद्धि की गई है। हि०प्र० विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष विवेक राज ने बताया कि अगर इन सभी मुद्दों पर जल्द से जल्द संज्ञान नही लिया गया तो आने वाले समय में एसएफआई तमाम छात्र समुदाय को एकजुट करते हुए उग्र आंदोलन करेगी जिसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन जिम्मेदार होगा।
ज्वालामुखी : डीएवी भड़ोली स्कूल में चरित्र निर्माण शिविर का आयोजन प्रधानाचार्य सुरजीत कुमार राणा के दिशा निर्देशों में किया गया। हवन यज्ञ ,यज्ञ प्रार्थना, भजन, प्रवचन, ओम का उच्चारण, गायत्री मंत्र, तथा ईश्वर स्तुति प्रार्थना मंत्र कार्यक्रम के आकर्षण रहें। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के वाइस चेयरमैन डॉ ओपी सौंधी व नादौन क्षेत्र के आर्य समाज के प्रधान सुरेंद्र आर्या विशेष रूप से उपस्थित हुए। कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री मंत्रोच्चारण से की गई तथा "तेरे पूजन को भगवान बना मन मंदिर आलीशान" भजन से की गई। यज्ञ में प्रधानाचार्य ने अपने अध्यापकों व विद्यालय में कार्यरत हर व्यक्ति सहित भाग लिया और यज्ञ में परमपिता परमात्मा से कोरोना महामारी से मुक्त होने की प्रार्थना की। प्रधानाचार्य सुरजीत कुमार राणा ने अपने संबोधन में अध्यापकों को कहा कि बच्चों को प्रारंभ से ही अपने माता-पिता की सेवा करना, बड़ों का कहना मानना, परिश्रम करना, तथा नैतिक मूल्यों पर आधारित कहानियों के माध्यम से उनमें नैतिकता के गुणों को विकसित करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के चेयरमैन प्रबोध महाजन वाइस चेयरमैन ओपी सोनी, ए आर ओ वीके यादव व प्रबंधक नमित शर्मा ने प्रधानाचार्य की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
प्रदेश मंत्रिमण्डल की मंगलवार यहां मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शिक्षा विभाग में ड्राइंग शिक्षकों के 820 पदों और शारीरिक शिक्षा अध्यापकों के 870 पदों सहित शिक्षकों की विभिन्न श्रेणियों के 4000 पदों को भरने का निर्णय लिया गया। विद्यार्थियों को उनके घर के निकट गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए इन 4000 पदों में से 2640 पद प्रारम्भिक शिक्षा विभाग जबकि 1360 पद उच्चतर शिक्षा विभाग में अनुबंध आधार पर भरे जाएंगे। बैठक में फैसला किया गया कि शिक्षकों के विभिन्न पद बैच आधार पर शीघ्रता से भरे जाएंगे। मंत्रिमण्डल ने शहरी विकास विभाग द्वारा विश्व बैंक और भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग के साथ नेगोशिएशन पैकेज के प्रारूप को मंजूरी दी ताकि ग्रेटर शिमला क्षेत्र में जल आपूर्ति योजना सेवाओं में सुधार के लिए शिमला जलापूर्ति एवं सीवरेज सेवा वितरण कार्यक्रम के वित्तपोषण के लिए विश्व बैंक के माध्यम से 250 मिलियन डाॅलर (1813 करोड़ रुपये) का वित्त पोषण किया जा सके। कुल 250 मिलियन डाॅलर में से विश्व बैंक 160 मिलियन डाॅलर (1160.32 करोड़ रुपये) की वित्तीय सहायता प्रदान करेगा और शेष राशि 90 मिलियन डाॅलर (652.68 करोड़ रुपये) का वहन हिमाचल सरकार द्वारा किया जाएगा। बैठक में प्रधान सचिव, शहरी विकास विभाग को विश्व बैंक के साथ समझौता पैकेज को अंतिम रूप प्रदान करने और हस्ताक्षर करने के लिए अधिकृत किया गया। शिमला जल आपूर्ति और मल निकासी परियोजना के मुख्य उद्देश्य वर्ष 2050 तक पानी की मांग को पूरा करने के लिए सतलुज नदी से अतिरिक्त 67 एमएलडी के साथ शिमला जल आपूर्ति में संवर्द्धन, विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण कुफरी, शोघी, घणाहट्टी और अतिरिक्त योजना क्षेत्र के लिए 2050 तक शिमला नगर निगम क्षेत्र में सभी घरेलू और व्यवसायी उपभोक्ताओं के लिए सप्ताह भर 24 घंटे जलापूर्ति और शिमला नगर निगम क्षेत्र में बेहतर मलनिकासी सेवाएं प्रदान करना है। इस परियोजना में शिमला जिले की सुन्नी तहसील के शकरोड़ी गांव के पास सतलुज नदी से पानी उठाने की योजना बनाई गई है जिसमें संजौली में 1.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक उठाने और 22 कि.मी की पाइप बिछाने से 67 एमएलडी पानी की वृद्धि शामिल है। इस परियोजना के अन्तर्गत नगर निगम शिमला में वितरण पाइप नेटवर्क को सप्ताह भर 24 घंटे जलापूर्ति प्रणाली में स्तरोनन्त करने का भी प्रावधान है। इसके अतिरिक्त, शिमला के मैहली, पंथाघाटी, टूटू और मशोबरा क्षेत्रों में मलनिकासी प्रणाली प्रदान की जाएगी। यह राज्य के लिए एक प्रमुख परियोजना होगी जो शिमला में बेहतर जलापूर्ति और मलनिकासी प्रणाली प्रदान करने का प्रयास करेगी और वर्ष 2050 तक शहर की आवश्यकताओं को पूरा करेगी। हिमाचल प्रदेश सरकार का शहरी विकास विभाग कोविड-19 के कारण उत्पन्न वित्तीय बाधाओं के बावजूद विश्व बैंक और वित्त मंत्रालय से इस निधि को प्राप्त करेगा। बैठक के दौरान राज्य में कोविड-19 की स्थिति और संभावित तीसरी कोरोना लहर से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों पर भी प्रस्तुति दी गई। मंत्रिमण्डल ने जिला बिलासपुर की सदर तहसील के लाड़ाघाट में नए औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान खोलने को स्वीकृति प्रदान की। मंत्रिमण्डल ने सैद्धान्तिक रूप से नई पेंशन योजना के अन्तर्गत आने वाले शहरी स्थानीय निकायों के कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति एवं मृत्यु ग्रेच्यूटी का लाभ देने का निर्णय लिया। मंत्रिमण्डल ने जिला मण्डी के चुराग में नया विकास खण्ड कार्यालय को खोलने की मंजूरी प्रदान की। बैठक में जिला मण्डी के सिराज विधानसभा क्षेत्र के बगस्याड़ में अटल आदर्श विद्यालय खोलने की स्वीकृति भी प्रदान की गई। मंत्रिमण्डल ने बिलासपुर, हमीरपुर, रिकांगपिओ और नाहन के एडीआर केन्द्रों के लिए अनुबंध आधार पर सीधी भर्ती के माध्यम से आशुलिपिकों के चार पद सृजित करने की स्वीकृति प्रदान की। मंत्रिमण्डल ने जेबीटी के रिक्त पदों पर जेबीटी के समकक्ष योग्यता वाले 24 गैर-आवासीय विशेष प्रशिक्षण शिक्षकों की अनुबंध आधार पर नियुक्ति का निर्णय लिया। मंत्रिमण्डल ने मण्डी जिला में प्रारम्भिक शिक्षा खण्ड बल्ह और सुन्दरनगर-1 को अलग कर सलवाहन में नया प्रारम्भिक शिक्षा खण्ड कार्यालय सृजित करने की स्वीकृति प्रदान की। जिला चम्बा के राजकीय माध्यमिक पाठशाला दारवीं को राजकीय उच्च पाठशाला और राजकीय उच्च पाठशाला लामू और बडग्रां को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में स्तरोन्नत करने के साथ इन स्कूलों के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के 16 पद भरने की स्वीकृति प्रदान की गई। मंत्रिमण्डल ने जिला मण्डी के करसोग क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बलधार को 30 बिस्तरों की क्षमता वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में स्तरोन्नत करने के साथ विभिन्न श्रेणियों के तीन पद सृजित करने की मंजूरी प्रदान की। मंत्रिमण्डल ने जिला कांगड़ा में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रक्कड़ को 24 घण्टे सेवाएं प्रदान करने वाले आपातकालीन चिकित्सा संस्थान के रूप में स्तरोन्नत करने की स्वीकृति प्रदान की। मंत्रिमण्डल ने आईजीएमसी शिमला के चमयाणा में निर्माणाधीन सुपरस्पेशलिटी ब्लाॅक के ब्लड बैंक, शवगृह, जैव चिकित्सा कचरा प्रबन्धन स्थान और कैन्टीन तथा कैफेटेरिया के लिए अतिरिक्त भवन के निर्माण कार्य को एचएससीसी प्राइवेट इण्डिया लिमिटेड को सौंपने का निर्णय लिया, जिसके लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग और कार्यान्वयन करने वाली एजेंसी के मध्य समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किया जाएगा।
दाड़लाघाट : ऑनलाइन पढ़ाई में आ रही कठिनाइयों को दूर करने के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घनागुघाट में प्रधानाचार्य विनोद कुमार के दिशा निर्देश में अध्यापकों द्वारा जरूरतमंद बच्चों को मोबाइल बांट छात्रों की समस्या को दूर करने का प्रयास किया गया। पहली कड़ी में विद्यालय के अध्यापकों प्रवक्ता राजनीति शास्त्र देशराज तथा प्रशिक्षित स्नातक विज्ञान सुमन कौर द्वारा मोबाइल बांटे गए। निकट भविष्य में अन्य अध्यापकों द्वारा भी जरूरतमंद विद्यार्थियों को मोबाइल दिए जाएंगे, ताकि कोरोना काल में विद्यार्थी घर पर रहकर ऑनलाइन क्लास आसानी से लगा सके। प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने सभी अध्यापकों, एसएमसी सदस्यों व स्थानीय जनता से इस मुहिम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य प्रकाश शर्मा, महेंद्र गौतम, विनोद बंसल, उमा महेश्वर, शीला देवी, पुष्पेंद्र कौशिक, रामलाल, राजबाला, अजय शर्मा, मनोहर शास्त्री, कुलदीप कुमार, जोगिंदर कुमार, दीपंकर गिल, मदन सिंह, ज्वाला दास सहित समस्त अध्यापक तथा स्टाफ उपस्थित रहे।
सोलन : उपमण्डलाधिकारी एवं सक्षम अधिकारी भू-अधिग्रहण सोलन अजय यादव ने राष्ट्रीय राजमार्ग-05 के फोरलेन कार्य के दृष्टिगत परवाणू से शुंगल के मध्य उन भू-स्वामियों से अपने हिस्से की मुआवज़ा राशि प्राप्त करने के लिए आग्रह किया है जिन्हें किसी कारणवश मुआवज़ा राशि का भुगतान नहीं हुआ है। ऐसे भू-स्वामियों को उपमण्डलाधिकारी सोलन को 15 दिवस के भीतर आवेदन करने के लिए कहा गया है। यह मुआवज़ा राशि उन भू-स्वामियों को वितरित की जानी है जिनकी अधिगृहित भूमि का मुआवज़ा उन्हें नहीं मिल पाया है। इस सम्बन्ध में जारी सूचना के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर सोलन जिला में परवाणू से चम्बाघाट के मध्य किलोमीटर 67 से किलोमीटर 106.700 तक 34 राजस्व महालों तथा किलोमीटर 106.700 से 131.000 तक चम्बाघाट से शुंगल के मध्य 32 राजस्व महालों में राष्ट्रीय राजमार्ग के फोरलेन एवं मार्ग को चौड़ा करने के कार्य के लिए विभिन्न भू-स्वामियों की भूमि व भवनों का केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा अधिग्रहण किया गया है। अधिगृहित भूमि का मुआवज़ा अधिकांश भू-स्वामियों को वितरित किया जा चुका है। कुछ भू-स्वामी जो कि या तो बाहर रहते हैं अथवा कुछ की मृत्यु हो चुकी है को मुआवज़ा राशि का भुगतान नहीं हो पाया है। ऐसे सभी शेष भू-स्वामियों से आग्रह किया गया है कि वे अपने हिस्से की मुआवज़ा राशि प्राप्त करने के लिए 15 दिन की अवधि के भीतर उपमण्डलाधिकारी सोलन को आवेदन करें। ऐसा न करने की स्थिति में मुआवज़ा राशि सरकारी कोष में जमा करवा दी जाएगी।
सोलन : जिला निर्वाचन कार्यालय सोलन में आउटसोर्स आधार पर सफाई कार्य के लिए दर-निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी कृतिका कुल्हरी ने मंगलवार को दी। उन्होंने कहा कि यह निविदाएं तहसीलदार निर्वाचन कार्यालय सोलन के 04 कमरों, जिला निर्वाचन कार्यालय सोलन के गलियारे, उपमण्डलीय निर्वाचन कार्यालय के 02 कमरों व गलियारे, कार्यालय के बाहर खुले स्थान, गैलरी तथा शौचालय की प्रतिदिन सफाई कार्य व जिला निर्वाचन कार्यालय तथा उपमण्डलीय निर्वाचन कार्यालय सोलन के भण्डारों के कमरों की आवश्यकतानुसार कभी-कभी सफाई के लिए आमंत्रित की गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सफाई का यह कार्य पूर्णतः आकस्मिक व अस्थायी है। इच्छुक व्यक्ति या पक्षकार अपनी-अपनी दर संविदाएं मोहरबन्द लिफाफे में 27 अगस्त, 2021 प्रातः 11.00 बजे तक जिला निर्वाचन कार्यालय सोलन के तहसीलदार के कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। सभी प्राप्त निविदाएं इसी दिन सांय 3.00 बजे खोली जाएंगी। अन्य जानकारी के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, सोलन के तहसीलदार निर्वाचन से सम्पर्क किया जा सकता है।
सोलन वासियों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई। सोलन से अब आईजीएमसी जान वाले मरीज़ों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। मरीज़ों को अपना ईलाज कराने के लिए शिमला IGMC अस्पताल तक आने-जाने के लिए भारी भरकम पैसे नहीं देने पड़ेंगे। सोलन से अब रोजाना एचारटीसी की बस मरीजों को सीधा IGMC शिमला पहुंचाएगी। रोज़ाना सुबह सोलन के पुराने बस अड्डा से 7:20 पर ये रवाना होगी और IGMC तक जाएगी।
शिमला: हिमाचल प्रदेश विश्व विद्यालय ने विजुअल आर्ट विभाग में एमए पेंटिंग का सिलेबस और प्रवेश की प्रक्रिया बदल दी है। प्रवेश पाने वाले छात्र-छात्राओं को अब एक थ्योरी और दो प्रैक्टिकल परीक्षाएं देनी होंगी। इसके आधार पर ही कोर्स में प्रवेश को मेरिट तैयार होगी। इन तीन परीक्षाओं के 150 अंक में से प्राप्तांक से ही मेरिट बनेगी। पूर्व में एक थ्योरी और एक प्रैक्टिकल होता था। विभाग की 10 सब्सिडाइज्ड और पांच नॉन सब्सिडाइज्ड सीटों के लिए 27 अगस्त को प्रवेश परीक्षा होगी। इसमें तीन तरह की परीक्षा होगी। इसमें पहली परीक्षा 50 अंक की होगी, जो थ्योरी की होगी। इसमें पूछे जाने वाले सवालों से संबंधित ब्योरा विवि की वेबसाइट पर छात्रों के लिए उपलब्ध करवाया गया है। वहीं पहली प्रैक्टिकल परीक्षा भी 50 अंक की होगी। इसमें ऑब्जेक्ट स्टडी रहेगी। दूसरी प्रैक्टिकल परीक्षा में क्रिऐटिव कंपोजिशन की होगी। ये तीनों परीक्षाएं एक एक घंटे की होंगी। इनमें प्राप्तांक आधार पर बनने वाली मेरिट ही प्रवेश का आधार रहेगी।
काँगड़ा : पुलिस थाना हरिपुर के अंतर्गत डाकघर बिलासपुर तहसील हरिपुर के निवासी ने पुलिस में अपनी 16 वर्षीय लड़की के 19 अगस्त दोपहर से घर से गायब होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। हरिपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने बताया कि उक्त लड़की को ढूढने के लिए पुलिस हर सम्भव प्रयास कर रही है। डीएसपी अंकित शर्मा ने बताया यह लड़की पहले भी अपने घर से भागी है जिसे पुलिस ने ढूंढ कर सुरक्षित घर पहुंचाया था। साथ ही बताया कि पुलिस हर पहलू की बारीकी से तफ़्तीष कर रही है।
प्रदेश में समुद्रतल से करीब 15 हजार फीट की ऊंचाई पर कुल्लू जिले की पिन पार्वती घाटी में हिमखंड गिरने से करीब 15 हजार भेड़-बकरियां और 150 से अधिक घोड़े फंस गए हैं। 2014 में पार्वती नदी पर बना पुल बहने के बाद अब हिमखंड गिरने से वैकल्पिक मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो गया है। मानतलाई चरागाह में प्रदेश भर से 50 से अधिक भेड़पालक भेड़-बकरियां चराने गए थे। अब मौसम का मिजाज बदलने से यहां कभी भी बर्फबारी हो सकती है। इससे भेड़पालकों की चिंता बढ़ गई है। भेड़पालक पिछले सात सालों से टुंडाभुज नामक पर टूटे हुए लकड़ी के पैदल पुल की मरम्मत करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार, प्रशासन, वन विभाग और स्थानीय पंचायत ने इस ओर कोई पहल नहीं की है। कुछ साल पूर्व वन विभाग कुल्लू ने यहां पुल बनाने की कवायद शुरू की थी, लेकिन विभागीय लापरवाही से इसका निर्माण नहीं हो सका।
हिमाचल प्रदेश के कॉलेजों में स्नातक डिग्री कोर्स के प्रथम वर्ष की आवेदन प्रक्रिया मंगलवार को थम जाएगी लेकिन अभी तक स्पोर्ट्स, सांस्कृतिक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों के आरक्षण पर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। ऑनलाइन आवेदन का मंगलवार को आखिरी दिन है। बुधवार को तय किए प्रवेश शेड्यूल के अनुसार पहली प्रवेश मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी लेकिन अभी तक सरकार और विवि प्रशासन यह तय नहीं कर पाया है कि खेल, सांस्कृतिक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों के लिए कितनी सीटें आरक्षित होंगी। सभी कॉलेजों ने पहले की तरह से स्पोर्ट्स, कल्चरल कोटा के तहत आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस बार ईडब्लूएस श्रेणी के छात्रों ने भी आवेदन किए हैं लेकिन उन्हें सीटें तभी मिल पाएंगी जब सरकार, शिक्षा विभाग और यूनिवर्सिटी आरक्षण को लागू करने को लेकर कोई फैसला लेंगे।
हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक आज यानि मंगलवार को राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ शिमला में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में सुबह 10:30 बजे शुरू हो गई है। बैठक में सरकार कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते बंदिशे बढ़ाने को लेकर फैसला ले सकती है। वंही बैठक में स्कूल-कॉलेजों में नियमित कक्षाओं को लेकर फैसला ले सकती है। गौरतलब है कि कोरोना के मामलों में वृद्धि के चलते स्कूल-कॉलेज में विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं लगने के आसार कम हैं। कोरोना के मामले बढ़ने पर ऑनलाइन पढ़ाई को ही जारी रखने का सरकार फैसला ले सकती है। शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों के आने पर लगाई गई रोक के फैसले की बैठक में समीक्षा होगी। शिक्षा विभाग ने स्कूलों में दसवीं और बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों और कॉलेजों में सप्ताह में तीन-तीन दिन के लिए विद्यार्थियों को बुलाने का प्रस्ताव तैयार किया है। अब मंत्रिमंडल तय करेगा कि विद्यार्थियों को बुलाना है या नहीं।
सोमवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा की नई राष्ट्रिय कार्यकारिणी का गठन भाजपा राष्ट्रिय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की सहमति से किया गया |इस नई कार्यकारिणी में देश के विभिन राज्यों से युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को शामिल किया गया। इस कार्यकारिणी में हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला के रहने वाले साकेश कुमार को भी शामिल किया गया है। साकेश कुमार पूर्व में हिमाचल प्रदेश भाजयुमों के प्रदेश सचिव व शिमला जिला के प्रभारी रहे चुके है इसी के साथ साकेश कुमार अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् में कार्य कर चुके है। साकेश कुमार को राष्ट्रिय कार्यकारिणी में शामिल होने पर हिमाचल युवा मोर्चा द्वारा बधाई दी गयी।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एंव हिमाचल कांग्रेस मामलों के सह प्रभारी संजय दत्त ने सोमवार को 23 अगस्त 2021 को जोगिन्द्र नगर में हिमाचल के पूर्व सांसद राम स्वरूप के परिवार से मुलाकात की एंव उनकी मृत्यु पर शोक व्यक्त किया और उनकी धर्मपत्नी चम्पा शर्मा स्वरूप से मिले। संजय दत्त ने राम स्वरूप के 3 पुत्रों शांति स्वरूप, आन्नद सवरूप और क्रांति स्वरूप से फोन पर बात कर अपनी संवेदनायें व्यक्त की। संजय दत्त ने कहा कि राम स्वरूप एक नेक सरल सज्जन एंव लोकप्रिय नेता थे जिन्हें मण्डी की जनता ने भारी बहुमत से लोक सभा में सांसद चुनकर भेजा था। दुख की इस घडी में कांग्रेस पार्टी उनके परिवार के साथ खडी है। पिछले कल ही संजय दत्त ने पूर्व सांसद राम स्वरूप शर्मा की मृत्यु पर सीबीआई या रिटार्यड जज की निगरानी में जांच की मंडी में मांग की तथा आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार उनकी मृत्यु के कारणों को छुपाने का प्रयास कर रही है, जबकि उनके परिवार एंव मण्डी की जनता को उनकी मृत्यु के असली कारण जानने का हक है। पूर्व में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सार्वजनिक रूप में कह चुके हैं कि यदि परिवार मांग करेगा तो इस पर सीबीआई की जांच करवाई जाएगी परन्तु अब सरकार ऐसा करने से गुरेज कर रही है। आज परिवार से बात करने पर संजय दत्त को उनकी बातों में वेदना का अहसास हुआ। संजय दत्त ने मौत के कारणों को जानने के लिए सीबीआई या रिटार्यड जज की निगरानी में जांच करवाने की मांग की है।
ताबो : डा यशवंत सिंह परमार औद्योगिकी एवम वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के लाहुल स्पीति कृषि केंद्र ताबो के वैज्ञानिकों की ओर से रंगरिक गांव में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। केंद्र का मुख्य उद्देश्य किसानों को कृषि की नई तकनीकों के बारे में जागरूक करना है। कृषि विज्ञान केंद्र ताबो की वैज्ञानिक डा मीना ( फल विभाग) ने किसानों को संरक्षित खेती के लाभ और उससे जुड़ी सभी आधुनिक तकनीकों के बारे में बताया। उन्होंने प्रशिक्षण शिविर में भाग ले रहे 25 किसानों को स्ट्रॉबैरी के रनर भी वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर किसान वैज्ञानिक तरीके से खेती करे तो उनका मुनाफा दोगुना होने में अधिक समय नहीं लगेगा। इसके साथ फसल तैयार करने में लागत भी कम आएगी। शिविर में किसानों को संबोधित करते हुए डा सविता ने किसानों, स्वयं सहायता समूहों को फलों और सब्जियों से बनने वाले खाद्य पदार्थों के बारे में जानकारी प्रस्तुत की। इन खाद्य पदार्थों में चटनी, आचार, जैम, मुरब्बा, जूस आदि बनाया जा सकता है। इसके माध्यम से आत्म निर्भर बनेंगे। इसके साथ स्वरोजगार के साधन भी घर में विकसित हो सकेंगे।
ज्वालामुखी : प्रधानाचार्य सुरजीत कुमार राणा की अध्यक्षता में शनिवार को 'रक्षाबंधन दिवस' के उपलक्ष्य पर विभिन्न स्तरों पर मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। जहाँ एक ओर एल०के०जी० व यू०के०जी० की कक्षाओं के लिए 'कलर राखी' पहली और दूसरी कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए ' ड्रा राखी' और तीसरी से दसवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए 'मेक राखी' शीर्षक के अंतर्गत गतिविधियाँ करवाईं गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में अपने त्योहारों को लेकर मन में तरंगे उत्पन्न होती हैं और अपनी संस्कृति के प्रति भी निश्छल प्रेम उत्पन्न होता है। स्कूल के लगभग सभी बच्चों ने बढ़-चढ़कर इन गतिविधियों में भाग लिया। कनिका, आर्यन, आयुष, कनिष्का, प्रणव, कौशिक, मान्या, हर्षित, सिमरन, कंचन, ओजस, शिवेन,प्रणव, शाइना, काव्या आदि कई बच्चों ने हर्षोल्लास के साथ अपनी गतिविधियाँ प्रस्तुत कीं। सभी बच्चों के प्रयास बहुत ही सराहनीय रहे। प्रधानाचार्य ने भी सभी बच्चों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और रक्षाबंधन संदेश देते हुए कहा कि रक्षाबंधन के पर्व से भाई-बहन की कई भावनाएँ जुड़ी हैं। यह त्योहार भाई और बहन के प्रेम का प्रतीक है। त्याग, प्रेम और कर्तव्य का यह बंधन है। राखी का रंग- बिरंगा धागा भाई-बहन के प्रेम के बंधन को और भी मजबूती प्रदान करता है।
जसवां-परागपुर : केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा एव खेल मंत्री अनुराग ठाकुर द्वारा आशीर्वाद यात्रा में रक्कड़ जनसभा में युवा नेता सुधीर शर्मा के नेतृत्व में युवाओं ने मंत्री अनुराग ठाकुर को रक्कड़ में केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिए ज्ञापन सौंपा। इस पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि रक्कड़ में केंद्रीय विद्यालय पर जल्द ही विचार किया जाएगा। जानकारी के अनुसार बीते बर्ष पहले रक्कड़ जनसभा में अनुराग ठाकुर ने केंद्रीय विद्यालय खोलने की घोषणा की थी। इस विषय पर सुधीर शर्मा ने कहा कि मंत्री अनुराग ठाकुर ने हमारी मांग को पूरा करने का आश्वासन दिया है।


















































