शिक्षा खंड कांगड़ा की सर्वश्रेष्ठ स्कूल प्रबंधन समितियों को किया सम्मानित
मनाेज कुमार। कांगड़ा
खंड स्तरीय एक दिवसीय सामुदायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन शिक्षा खंड कांगड़ा के बीआरसीसी कार्यालय में किया गया, जिसमें शिक्षा खंड कांगड़ा की सभी 51 स्कूलों की स्कूल प्रबंधन समितियों के सदस्य व पंचायती राज संस्थान के पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्यातिथि मोहिंद्र पाल धीमान उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा जिला कांगड़ा ने खंड की सर्वश्रेष्ठ एसएमसी को स्मृति चिन्ह व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। शिक्षा खंड कांगड़ा के बीआरसी अप्पर प्राइमरी रविंदर नरयाल ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी स्कूल प्रबंधन समितियों के सदस्यों तथा पंचायती राज संस्थान के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए बताया की समुदाय की सहभागिता से ही हमारे सभी सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र अपना लक्ष्य हासिल कर पाएंगे व सभी स्कूल आगे भी अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन कर पाएंगे।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 पर भी चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि अब राष्ट्रीय शिक्षा नीति में रोजगार उन्मूलन कार्यक्रमों व शिक्षा को तरजीह दी जा रही है, ताकि बच्चे की पढ़ाई बाद में उसका रोजगार पैदा कर सके। खंड स्त्रोत व्यक्ति संजीव कपूर व आरती चौधरी ने स्कूलों में चल रही सभी प्रकार की गतिविधियों, साप्ताहिक क्विज, मिड डे मील, हर घर पाठशाला के बारे में बताते हुए साथ साथ स्कूल प्रबंधन समितियों के अधिकार व कर्तव्य के बारे में विशेष रूप से जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर मुख्यातिथि मोहिंदर पाल धीमान उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा जिला कांगड़ा ने समुदाय की सहभागिता पर लोगों से स्कूल की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया तथा स्कूलों में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर सीधे उनके कार्यालय से संपर्क करने पर भी चर्चा की।
रावमापा जंदराह की एसएमसी को स्कूल में अध्यापक की कमी पूरी करने तथा स्कूल में किसी भी प्रकार की समस्या आदि को अपने बलबूते हल करवाने पर प्रथम स्थान प्राप्त हुआ, राउपा ठाकुरद्वारा की एसएमसी को अध्यापक की कमी पूरी करने व स्कूल प्रांगण आदि में पोधारोपण व स्वच्छता अभियान चलाने हेतु द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ व रामापा खरठी की एसएमसी को स्कूल में चली आ रही पीने के पानी की समस्या व ग्राउंड को समतल कराने हेतु तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। मुख्यातिथि ने अन्य सभी एसएमसी को भी प्रोत्साहन स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विशेष रुप से उपस्थित खंड परियोजना अधिकारी व प्रधानाचार्य रावमापा न्यू कांगड़ा सीमा मेहता, खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी कांगड़ा मीनाक्षी शर्मा, डिप्टी डायरक्टर कार्यालय धर्मशाला से सीनियर असिस्टेंट अनूप, बीआरसी प्राथमिक सुशील सिहोत्रा, जेई एसएसए अनिल कुमार रहे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी मेहमानों को भोजन व चाय पान आदि करवाया गया।कार्यक्रम को सफल बनाने में बीआरसीसी कार्यालय से पूनम कोंंडल, चंचल, पूजा, अनूप व संजीव ने विशेष भूमिका निभाई।
