IEC विश्वविद्यालय में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से छात्रों ने जीता गुरुओं का दिल अटल शिक्षा कुंज, कालू झंडा। अटल शिक्षा कुंज, कालू झंडा स्थित IEC विश्वविद्यालय में भारत के पूर्व राष्ट्रपति और महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस बेहद उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने अपने प्राध्यापकों और गुरुजनों के सम्मान में कई विशेष कार्यक्रम आयोजित किए। कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. प्रल्हाद गुप्ता और वरिष्ठ संकाय सदस्यों द्वारा दीप प्रज्वलित कर तथा डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इनमें शास्त्रीय नृत्य, संगीत और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करने वाली लघु नाटिकाएं शामिल रहीं। छात्रों ने अपने शिक्षकों को स्मृति चिह्न भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान पूरे परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल रहा। समारोह को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. प्रल्हाद गुप्ता ने कहा कि एक शिक्षक का दायित्व केवल किताबी ज्ञान देना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र का निर्माण करना और उन्हें समाज का जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। उन्होंने सभी प्राध्यापकों को उनके निरंतर मार्गदर्शन और शिक्षा के प्रति समर्पण के लिए धन्यवाद दिया।
कांग्रेस कमेटी महासचिव विवेक कुमार ने किया खेलों का आगाज, 11 पाठशालाओं की करीब 147 छात्राएं ले रही हैं भाग बरठी, 7 सितंबर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरठी में सोमवार को बरठी जोन की अंडर-19 छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का आगाज प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव विवेक कुमार ने किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न पाठशालाओं से पहुंची खिलाड़ी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए खेलों को खेल भावना के साथ खेलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से जहां विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है, वहीं आपसी भाईचारे एवं सहयोग की भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने छात्राओं से प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के साथ-साथ खेल भावना को सर्वोपरि रखने का आग्रह किया। प्रतियोगिता में बरठी जोन की 11 पाठशालाओं से करीब 147 खिलाड़ी छात्राएं विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। प्रतियोगिता को लेकर छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस झंडूत्ता अध्यक्ष विजय कौशल, ग्राम पंचायत गंढीर के प्रधान राजकुमार कौशल, पंचायत प्रधान बरठी उमा शर्मा, उपप्रधान राकेश मेहता, वासुदेव गौतम, परमजीत धीमान, कैप्टन वेद प्रकाश, यशपाल कौशल, सीपीएस प्रधानाचार्य स्वदेश कुमारी, नरेश धीमान, विशन दास, सूबेदार अनिल कुमार, रिंकू, उपप्रधान बड़गांव ओम प्रकाश, एसएमसी प्रधान कुलदीप धीमान, उपप्रधान दिनेश कौशल, टूर्नामेंट प्रभारी संजय कुमार, डीपी हरीश कुमार, संजय कालिया, किशोरी लाल, महेंद्र सिंह, दिनेश कुमार, पीईटी रविंद्र सिंह सहित दर्जनों गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सोलन शहर में बदमाशो के हौंसले बुलंद होते जा रहे है। दो दिन में दो बड़ी वारदात सामने आई है। शुक्रवार रात शहर के चौक बाजार में चाकुबाजी में कालका निवासी एक युवक की जान चली गई , एक युवक की उंगली कटी है और एक के सिर पर हमला हुआ है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और तफ्तीश जारी है। इससे पहले वीरवार रात शहर में मुख्य बाजार मॉल रोड पर एक शराब के ठेके पर काम करने वाले सेल्समैन पर दो युवकों ने बेलचे से हमला कर दिया था। उक्त सेल्समैन की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। इस पूरे मामले पर एसपी सोलन ने क्या कहा, आपको सुनाते है ..
दयानन्द आदर्श स्कूल द्वारा आर्य समाज भवन में श्री कृष्ण का जन्म उत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान प्रिंसिपल ऊषा मित्तल के नेतृत्व में हवन आयोजित किया गया जिसको पुरोहित पवन शास्त्री द्वारा सफलता पूर्वक पूर्ण किया गया। प्रिंसिपल उषा मित्तल ने बताया की इस अवसर पर दयानंद आदर्श विद्यालय के सहमंत्री मिस्टर मलिक, जॉइंट सेक्रेटरी रत्नेश वार्ष्णेय व आर्य समाज के अन्य अधिकारी गण भी मौजूद थे। इस उपलक्ष पर पवन शास्त्री ने छात्रों को योगीराज श्री कृष्ण जी के महान व्यक्तित्व से अवगत करवाया। ऊषा मित्तल ने उपस्थित श्रोताओं को बताया कि योगीराज श्री कृष्ण एक महान योद्धा, राजनीतिज्ञ, दयालु ,दूरदर्शी व सच्चे मित्र थे। एक राजा होकर भी उन्होंने अपने बचपन के गरीब मित्र सुदामा की सहायता की। श्री कृष्ण ने कुरुक्षेत्र की रणभूमि में अर्जुन को गीता का उपदेश दिया, व उसे कर्म करने और धर्म व सत्य की रक्षा के लिए युद्ध करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर + 2 की छात्रा वंशिका ने 'इम्मोर्टल रोल ऑफ श्री कृष्णा इन हिस्ट्री' विषय पर व नयननीशा ने 'श्रीकृष्ण कर्म योगी के रूप में' विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। कक्षा 6 व 7के छात्र छात्राओं द्वारा एक भजन की प्रस्तुति दी गई, जिसमें अनन्य , आलिया , शिवेन , आरुष अरमान,अयान, शिवांश सुहान छात्रों ने भाग लिया। इस उपलक्ष पर कृष्ण सुदामा की मित्रता पर एक लघु नाटक के माध्यम से एक भजन भी प्रस्तुत किया गया।कार्यक्रम का मंचन दिव्यांश और दीपिका द्वारा किया गया।
धर्मपुर क्षेत्र के जाबली में गुरुवार सुबह तेज बारिश के दौरान अचानक भारी मात्रा में पानी दुकान की ओर आ गया। पानी का तेज बहाव देखकर दुकान में मौजूद दुकानदार ने बिना देर किए बाहर भागकर अपनी जान बचाई! घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि दुकानदार जैसे ही दुकान से बाहर निकलता है, उसके कुछ ही सेकंड बाद दुकान के ऊपर से पानी का तेज सैलाब नीचे की ओर आता है। अचानक आए पानी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि सुबह हुई भारी बारिश के बाद जाबली और आसपास के इलाकों में कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई। फोरलेन की ओर से बहकर आया बारिश का पानी दुकानों तक पहुंच गया, जिससे स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। बारिश के कारण धर्मपुर क्षेत्र में जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। कई स्थानों पर पानी और मलबे के कारण आवाजाही बाधित हुई है। ऐसे में प्रशासन की ओर से लोगों को नदी-नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी जा रही है। जाबली की यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश के दौरान कुछ ही मिनटों में हालात किस तरह खतरनाक हो सकते हैं।
सोलन: हिमाचल प्रदेश के फार्मा हब बद्दी-नालागढ़ में नशे के कथित अवैध कारोबार के खिलाफ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने बड़ी कार्रवाई की है। NCB की चंडीगढ़ यूनिट ने कई ठिकानों पर छापेमारी कर करीब 25 लाख नशीली/आदत लगाने वाली दवाओं की गोलियां और 2,000 किलोग्राम से अधिक टैपेंटाडोल बरामद किया है। यह कार्रवाई सोमवार देर रात शुरू हुई और मंगलवार शाम तक जारी रही। NCB टीम ने नालागढ़ के जगातखाना गांव में किराये पर ली गई तीन दुकानों और बद्दी स्थित एक अनधिकृत गोदाम समेत कई स्थानों की तलाशी ली। कार्रवाई में हिमाचल प्रदेश राज्य औषधि नियंत्रण प्रशासन के छह ड्रग इंस्पेक्टर और पंजाब पुलिस के एक विशेषज्ञ ने भी सहयोग किया। जांच में सामने आया कि जगातखाना स्थित शारिका बायोटेक में कथित तौर पर बिना जरूरी अनुमति के टैपेंटाडोल का निर्माण किया जा रहा था। कंपनी परिसर से करीब 40 किलो वजन वाले 30 ड्रम भी बरामद किए गए। अधिकारियों के अनुसार, संबंधित यूनिट पहले भी निर्माण संबंधी अनियमितताओं को लेकर जांच के घेरे में रह चुकी है और फरवरी तक सील थी। जांच में सामने आया कि जगातखाना स्थित शारिका बायोटेक में कथित तौर पर बिना जरूरी अनुमति के टैपेंटाडोल का निर्माण किया जा रहा था। कंपनी परिसर से करीब 40 किलो वजन वाले 30 ड्रम भी बरामद किए गए। अधिकारियों के अनुसार, संबंधित यूनिट पहले भी निर्माण संबंधी अनियमितताओं को लेकर जांच के घेरे में रह चुकी है और फरवरी तक सील थी। छापेमारी के बाद NCB ने फार्मा कंपनी के मालिक गौरव अग्रवाल को बद्दी स्थित उसके आवास से हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। रिपोर्ट के मुताबिक कार्रवाई के दौरान करीब 25 लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए। एजेंसी अब दवाओं के निर्माण, भंडारण और सप्लाई से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। NCB को शक है कि वैध चिकित्सा इस्तेमाल के लिए बनाई जाने वाली दवाओं को कथित तौर पर अवैध बाजार में पहुंचाने वाला बहुराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय ड्रग डायवर्जन नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। जांच एजेंसी दवाओं की सप्लाई, खरीद-बिक्री, वित्तीय लेन-देन और मनी ट्रेल को भी खंगाल रही है। बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ क्षेत्र में नशीली और नकली दवाओं को लेकर पहले भी कई बड़ी कार्रवाई हो चुकी हैं। हाल के दिनों में भी बड़ी मात्रा में नशीली गोलियां और दवाएं बरामद की गई हैं। इससे फार्मा हब में दवाओं के कथित अवैध डायवर्जन को लेकर सुरक्षा और नियामक एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। फिलहाल NCB की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में दवाएं कहां सप्लाई की जानी थीं और इस कथित नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बद्दी में विजिलेंस ने एक महिला पटवारी ललिता को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया. बरोटीवाला पटवार सर्कल में तैनात महिला पटवारी ललिता को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया. जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने विजिलेंस को शिकायत दी थी कि महिला पटवारी लैंड वेल्यू प्रमाण पत्र बनाने की एवज में रिश्वत मांग रही है.इस पर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस को शिकायत दे दी. बाद में विजिलेंस ब्यूरो ने योजनाबद्ध तरीके से महिला पटवारी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया, शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले की जांच-पड़ताल की और शिकायत को सही पाए जाने पर जाल बिछाया. विजिलेंस थाना बद्दी की टीम ने कार्रवाई करते हुए महिला पटवारी को रिश्वत की रकम लेते हुए मौके पर पकड़ लिया. टीम ने कथित रिश्वत की राशि को भी कब्जे में ले लिया है. विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है. जांच में रिश्वत मांगने के कारणों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं को खंगाला जा रहा है. विजिलेंस के आईजी बिमल गुप्ता ने बताया कि आरोपी महिला से एक लाख रुपये बरामद किए गए हैं. विजिलेंस विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा. वही तहसीलदार सतेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी महिला पटवारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
सोलन के शमलेच के समीप परमाणु-शिमला एनएच-5 पर सोमवार सुबह सड़क पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, मृतक की अभी पहचान नहीं हो पाई है। प्रारंभिक स्तर पर यह स्पष्ट नहीं है कि व्यक्ति की मौत सड़क हादसे में हुई, किसी वाहन की टक्कर के बाद चालक मौके से फरार हुआ या मामला किसी अन्य कारण से जुड़ा है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के क्षेत्र से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक कौन था और वह शमलेच के पास सड़क तक कैसे पहुंचा। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य तथ्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारण का पता लगाया जाएगा।
दयानन्द आदर्श विद्यालय के प्रांगण में कक्षा आठवीं -नौवीं के विद्यार्थियों के लिए सोलो सॉन्ग और डुएट सॉन्ग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया I प्रिंसिपल उषा मित्तल ने बताया कि इस तरह के आयोजन द्वारा बच्चों का आत्मविश्वास मजबूत होता है I कार्यक्रम का आगाज़ दीप प्रज्वलन एवं मंत्र उच्चारण द्वारा किया गया I इस प्रितियोगिता की मुख्यातिथि प्रिंसिपल उषा मित्तल रही I सोलो व डुएट प्रतियोगिता का आयोजन एक्टिविटी इंचार्ज संगीता के मार्गदर्शन में करवाया गयाI उन्होंने बताया कि सभी सॉन्ग बड़े ही मनमोहक थे I इस प्रतियोगिता के जज प्रिंसिपल उषा मित्तल , रोमिला कँवर , फुला धर , व समिति चंदेल रहे I वही क्लास आठवीं कक्षा में सोलो सॉन्ग प्रतियोगिता में पहला स्थान पर रूद्र, दूसरा स्थान पर अतुल और तीसरा स्थान पर ऋषब रहा I वही कक्षा नवमीं में पहला स्थान पर सार्थक, दूसरा स्थान पर मृदुल और तीसरा स्थान पर तेजस रहा I लड़कियों के बीच में पहला स्थान पर सनाया ,दूसरा स्थान पर महक और तीसरा स्थान पर निष्ठां रही I डुएट सॉन्ग प्रतियोगिता में एक्स्ट्रा आर्डिनरी- अरमान रूद्र .पहला स्थान पर प्रोनिमा, प्रज्ञा ,दूसरा स्थान पर वैभव, गरिमा लविश अर्णव और तीसरा स्थान पर एंजेल महक , एव शर्मिष्ठा प्रांजल रहे I
आईईसी विश्वविद्यालय में 25 अगस्त को मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में खेल महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में सोलन के जिला खेल अधिकारी भूपेंद्र वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर खेल महोत्सव का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने युवाओं के जीवन में खेल भावना, शारीरिक फिटनेस और अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला। खेल महोत्सव के दौरान 100 मीटर दौड़, बैडमिंटन, क्रॉस कंट्री रेस, वॉलीबॉल और रस्साकशी सहित विभिन्न रोमांचक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विश्वविद्यालय के सभी विभागों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर आईईसी विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. प्रल्हाद गुप्ता सहित शिक्षक एवं गैर-शिक्षक वर्ग के सदस्य उपस्थित रहे और उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता आईईसी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अशोक पुरी ने की। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में डॉ. अशोक पुरी ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास के लिए ही महत्वपूर्ण नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास करते हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय की खेल समिति, आयोजकों, शिक्षकों एवं सभी प्रतिभागियों को बधाई दी।
लायंस क्लब सोलन वैली द्वारा हरी ओम गौशाला, कोटला बरोग में 4th पौधारोपण अभियान एवं गौ सेवा का सफल आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में आयोजित इस अभियान के दौरान साई इंटरनेशनल स्कूल, सोलन के विद्यार्थियों एवं स्टाफ तथा लायंस क्लब सोलन वैली के सदस्यों द्वारा कुल 45 पौधे लगाए गए। इस अवसर पर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली के महत्व के प्रति जागरूक भी किया गया। पौधारोपण के साथ-साथ गौ सेवा भी की गई। उपस्थित सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने गायों को गुड़, चोकर, पशु आहार, केले एवं अन्य खाद्य सामग्री खिलाई। इसके अतिरिक्त गौशाला की आवश्यकताओं एवं गौ सेवा के लिए गौशाला प्रबंधन को नकद सहयोग राशि भी प्रदान की गई। इस अवसर पर लायंस क्लब सोलन वैली के अध्यक्ष MJF Lion Raminder Bawa ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जीवों के प्रति करुणा, दोनों ही समाज सेवा के महत्वपूर्ण अंग हैं। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं क्लब सदस्यों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में सेवा, संवेदनशीलता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। सचिव Lion Dr. R K Sood ने कार्यक्रम में सहयोग एवं सहभागिता के लिए सभी लायंस सदस्यों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्लब भविष्य में भी समाज, पर्यावरण एवं पशु कल्याण से जुड़े सेवा कार्य निरंतर करता रहेगा। कोषाध्यक्ष Lion Shakti Awasthi ने सभी सदस्यों के सहयोग एवं योगदान की सराहना करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी का धन्यवाद किया। PRO Lion Vineet Rai Sood ने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए 45 पौधे आने वाले समय में हरियाली और स्वच्छ पर्यावरण का संदेश देंगे। उन्होंने कहा कि पौधारोपण एवं गौ सेवा जैसे कार्यक्रम समाज में सेवा भावना, पर्यावरण संरक्षण और जीवों के प्रति करुणा का संदेश पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं।
लायंस क्लब सोलन वैली द्वारा बुधवार को दुर्गा भवन, मुरारी मार्केट, सोलन में "नशा मुक्ति एवं साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम" का आयोजन किया गया। क्लब अध्यक्ष एमजेएफ लायन रामिन्दर बावा की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों तथा बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) सोलन दिव्यांशु सिंगल ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर अनुशासित जीवन अपनाने और डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित व जिम्मेदारी से उपयोग करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराधों और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। पुलिस विभाग की ओर से इंस्पेक्टर नवनीत सैनी (क्राइम ब्रांच) और हेड कांस्टेबल नरेंद्र (साइबर क्राइम) ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, ओटीपी फ्रॉड, बैंकिंग धोखाधड़ी, सोशल मीडिया सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर प्रख्यात वक्ता मनमोहन सिंह एवं रेनुका ने भी प्रेरक व्याख्यान देते हुए विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सोलन के विभिन्न विद्यालयों के 300 से अधिक विद्यार्थियों, प्रधानाचार्यों और शिक्षकों ने भाग लिया। इसमें एमआरए डीएवी स्कूल, सेंट ल्यूक्स स्कूल, साई इंटरनेशनल स्कूल, बी.एल. सेंट्रल स्कूल, सोलन पब्लिक स्कूल, साउथ वेल स्कूल तथा एनसीसी कैडेट्स शामिल रहे। इस दौरान आयोजित डिक्लेमेशन प्रतियोगिता में एमआरए डीएवी स्कूल की दिव्यांगनी ने प्रथम, साउथ वेल स्कूल की वाणी धीमान ने द्वितीय तथा बी.एल. सेंट्रल स्कूल की यादवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। क्लब अध्यक्ष एमजेएफ लायन रामिन्दर बावा ने अपने संबोधन में कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, सकारात्मक सोच अपनाने और डिजिटल सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, अपनी बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।
जोगिन्द्रा केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड के चेयरमैन एडवोकेट मुकेश शर्मा ने आज अर्की में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान बैंक की विभिन्न विकासात्मक योजनाओं एवं वित्तीय उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अर्की एवं भराड़ीघाट में बैंक की नवीन शाखाओं का उद्घाटन शीघ्र ही अर्की के विधायक संजय अवस्थी द्वारा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुनिहार एवं जयनगर शाखाओं को वर्तमान बाजार क्षेत्र से स्थानांतरित कर ओल्ड बस स्टैंड के समीप मुख्य सड़क पर स्थापित किया जाएगा। प्रेसवार्ता के दौरान चेयरमैन ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के बैंक के उत्कृष्ट वित्तीय परिणामों एवं उपलब्धियों को भी साझा करते हुए कहा कि बैंक निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है तथा ग्राहकों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से बैंक की प्रतिष्ठा को निरंतर क्षति पहुंचाने तथा भ्रामक एवं असत्य प्रचार करने वाले अधिवक्ता मुकेश शर्मा के विरुद्ध बैंक कानूनी कार्रवाई करेगा। इस संबंध में विधिक नोटिस जारी किया जा रहा है तथा बैंक की साख एवं प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के लिए माननीय उच्च न्यायालय में मानहानि का दावा भी दायर किया जाएगा। चेयरमैन ने बताया कि अर्की के सरयांज तथा कुनिहार की हाटकोट पंचायत स्थित बैंक की संपत्तियों की नियमानुसार नीलामी प्रक्रिया जारी है। इन परिसरों के ताले तोड़कर अवैध हस्तक्षेप करने वालों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जा चुकी है, जबकि एक मामले में न्यायालय में चालान भी प्रस्तुत किया जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बैंक की संपत्ति एवं कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। इस अवसर पर बैंक के निदेशक रोशन ठाकुर, प्रबंध निदेशक पंकज सूद तथा शाखा प्रबंधक मदन गोपाल भी उपस्थित रहे।
अंतरराष्ट्रीय छात्र विनिमय कार्यक्रम (International Student Exchange Program) के अंतर्गत नीदरलैंड, तुर्की, स्विट्जरलैंड, ब्राज़ील एवं इटली से आए विदेशी छात्रों ने गुरुवार को साई इंटरनेशनल स्कूल का भ्रमण किया। विद्यालय पहुंचने पर उनका पारंपरिक हिमाचली रीति-रिवाजों के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक संवाद आयोजित किया गया, जिसमें विदेशी छात्रों ने भारतीय संस्कृति, शिक्षा व्यवस्था एवं हिमाचली परंपराओं के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा अपने देशों की संस्कृति एवं जीवनशैली से भी सभी को अवगत कराया। विद्यालय के चेयरमैन एवं लायंस क्लब सोलन वैली के अध्यक्ष रामिंदर बावा ने विदेशी छात्रों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विभिन्न देशों के विद्यार्थियों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान, वैश्विक मित्रता एवं आपसी समझ को सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम हैं। इस अवसर पर लायंस क्लब सोलन वैली के सचिव लायन डॉ. आर. के. सूद, कोषाध्यक्ष लायन शक्ति अवस्थी तथा जनसंपर्क अधिकारी (PRO) लायन विनीत राय सूद भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्या मीरा गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम विद्यार्थियों को वैश्विक दृष्टिकोण प्रदान करने के साथ-साथ विभिन्न संस्कृतियों का सम्मान करना भी सिखाते हैं। विद्यार्थियों ने विदेशी मेहमानों के सम्मान में हिमाचल के प्रसिद्ध लोकनृत्य "नाटी" की आकर्षक प्रस्तुति दी। विदेशी छात्र भी नाटी की धुन पर थिरकते नजर आए, जिससे कार्यक्रम का वातावरण उत्साह और उल्लास से भर गया। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ द्वारा विदेशी छात्रों के लिए पारंपरिक हिमाचली व्यंजनों की विशेष व्यवस्था की गई, जिनका उन्होंने भरपूर आनंद लिया तथा हिमाचली आतिथ्य और स्थानीय संस्कृति की मुक्त कंठ से सराहना की।
हिमाचल प्रदेश में लंबे इंतजार के बाद आखिरकार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार इस वर्ष मानसून अपनी सामान्य तिथि 25 जून के मुकाबले करीब 5 दिन की देरी से प्रदेश पहुंचा है। फिलहाल मानसून की उत्तरी सीमा मंडी तक पहुंच चुकी है और आने वाले दिनों में इसके पूरे प्रदेश में सक्रिय होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून पूरी तरह से किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कुल्लू, शिमला और मंडी के अधिकांश हिस्सों को कवर कर चुका है, जबकि कांगड़ा और सिरमौर के कुछ क्षेत्रों में भी इसका प्रभाव देखने को मिल रहा है। विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले एक सप्ताह तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। स्थिति को देखते हुए 2 से 4 जुलाई तक प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तेज बारिश के साथ भूस्खलन, अचानक बाढ़, सड़क अवरोध और निचले इलाकों में जलभराव जैसी घटनाओं की आशंका जताई गई है। वहीं 5 और 6 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान गोहर में सबसे अधिक 55 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा मंडी में 45.6 मिमी, बरठीं में 42.6 मिमी, रायपुर मैदान में 41 मिमी, सुंदरनगर में 31.4 मिमी और कांगड़ा में 30.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं मैदानी जिला ऊना राज्य का सबसे गर्म क्षेत्र रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों और पर्यटकों से खराब मौसम के दौरान नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, अनावश्यक यात्रा टालने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने रविवार को सोलन में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय शूलिनी मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता भी उनके साथ मौजूद रहीं। राज्यपाल ने जिला प्रशासन और शूलिनी मेला समिति को मेले के सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि शूलिनी मेला केवल एक सांस्कृतिक उत्सव नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और आस्था का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को मजबूत करने के साथ-साथ प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखने और पर्यटन को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाते हैं। समारोह के दौरान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने राज्यपाल को सम्मानित किया। राज्यपाल ने सोलन रेडक्रॉस सोसायटी के नव-नामित आजीवन सदस्यों को बैज प्रदान किए और मानव सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने शूलिनी मेले के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व पर आधारित स्मारिका का भी विमोचन किया तथा स्थानीय कलाकारों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया। इससे पहले राज्यपाल ने सोलन के ऐतिहासिक दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। समारोह में विधायक विनोद सुल्तानपुरी, उपायुक्त मनमोहन शर्मा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, रेडक्रॉस प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
दयानंद आदर्श विद्यालय में 23 जून को कक्षा 6वीं एवं 7वीं के विद्यार्थियों द्वारा विज्ञान प्रदर्शनी का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का संचालन एवं समन्वयन गतिविधि प्रभारी रोहिणी सूद के निर्देशन में किया गया। प्रदर्शनी का शुभारंभ विद्यालय प्रधानाचार्या एवं अतिथियों की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विज्ञान से संबंधित विभिन्न आकर्षक मॉडल, परियोजनाएँ एवं प्रयोग प्रस्तुत किए। प्रदर्शनी में पर्यावरण संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा, जल संरक्षण, रोबोटिक्स तथा दैनिक जीवन में विज्ञान के उपयोग जैसे विषयों पर आधारित मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने अपने मॉडलों की कार्यप्रणाली को आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत किया, जिससे उनकी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता एवं नवाचार क्षमता का परिचय मिला। अभिभावकों ने भी प्रदर्शनी में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विद्यार्थियों के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने बच्चों द्वारा प्रदर्शित वैज्ञानिक दृष्टिकोण, परिश्रम एवं प्रतिभा की सराहना करते हुए विद्यालय के इस प्रयास को अत्यंत प्रेरणादायक बताया। विद्यालय की प्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने Re-NEET 2026 परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण राहत की घोषणा की है। सरकार के निर्णय के तहत 21 जून को आयोजित होने वाली Re-NEET परीक्षा के अभ्यर्थियों को हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की साधारण बसों में परीक्षा केंद्र तक आने-जाने के लिए नि:शुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य छात्रों की यात्रा को सुगम, सुरक्षित और तनावमुक्त बनाना है, ताकि वे बिना किसी अतिरिक्त आर्थिक बोझ के परीक्षा में शामिल हो सकें। HRTC द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार यह सुविधा केवल निगम की साधारण बसों में ही लागू होगी। लग्जरी, डीलक्स और अन्य विशेष श्रेणी की बसों में यह छूट मान्य नहीं होगी। मुफ्त यात्रा का लाभ उठाने के लिए अभ्यर्थियों को यात्रा के दौरान अपना Re-NEET 2026 एडमिट कार्ड दिखाना होगा। यही दस्तावेज पहचान पत्र, निवास स्थान और परीक्षा केंद्र के प्रमाण के रूप में स्वीकार किया जाएगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह सुविधा अभ्यर्थी के निवास स्थान से परीक्षा केंद्र तक एक बार जाने और परीक्षा के बाद एक बार वापस लौटने के लिए ही मान्य होगी। विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था 20 जून से 22 जून तक प्रभावी रहेगी। किसी भी प्रकार के दुरुपयोग को रोकने के लिए बस परिचालकों को एडमिट कार्ड पर यात्रा संबंधी आवश्यक प्रविष्टियां दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, मुफ्त यात्रा करने वाले छात्रों का रिकॉर्ड तैयार कर HRTC मुख्यालय को भेजा जाएगा। उपमुख्यमंत्री Mukesh Agnihotri के निर्देशों के बाद HRTC प्रबंधन ने सभी क्षेत्रीय और यूनिट अधिकारियों को इस सुविधा के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश जारी किए हैं। माना जा रहा है कि इस फैसले से विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों से परीक्षा देने आने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को आर्थिक एवं मानसिक राहत मिलेगी। उपमुख्यमंत्री ने Re-NEET 2026 में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्र पूरे आत्मविश्वास और शांत मन से परीक्षा दें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है और उनकी सुविधा सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास करती रहेगी।
दयानंद आदर्श विद्यालय में मंगलवार को इंटर हाउस ग्रुप डांस प्रतियोगिता एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रोहित भारद्वाज तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में गौरव राजपूत उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। मुख्य अतिथियों का स्वागत विद्यालय की प्रधानाचार्या ऊषा मित्तल, आर्य समाज के पदाधिकारियों एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों द्वारा किया गया। इसके बाद सरस्वती वंदना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों सदनों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। विरजानंद सदन ने वीर संभाजी के जीवन पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि दयानंद सदन ने शिव-शक्ति की मनमोहक प्रस्तुति दी। श्रद्धानंद सदन ने "स्पेक्ट्रम ऑफ टाइम" और विवेकानंद सदन ने "द रोअर ऑफ नरसिम्हा" विषय पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में विशिष्ट सेवाओं के लिए प्रधानाचार्या ऊषा मित्तल को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। साथ ही वर्ष 2025 के मेधावी विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट बोर्ड परीक्षा परिणाम देने तथा वर्ष 2025 में न्यूनतम अवकाश लेने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि रोहित भारद्वाज और गौरव राजपूत ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। प्रधानाचार्या ऊषा मित्तल ने विद्यालय के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और जीवन में उच्च आदर्श अपनाने का संदेश दिया। प्रतियोगिता के परिणामों में विवेकानंद हाउस को "हाईली रिकमेंडेड" (सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति), दयानंद हाउस को प्रथम, श्रद्धानंद हाउस को द्वितीय तथा विरजानंद हाउस को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
सोलन के उपायुक्त मनमोहन शर्मा को देश की प्रतिष्ठित पत्रिका फेम इंडिया-एशिया पोस्ट द्वारा जारी ‘सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारी 2026’ सर्वेक्षण में देश के टॉप-25 जिला अधिकारियों में स्थान मिला है। यह उपलब्धि सोलन जिले के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है। वर्ष 2013 बैच के आईएएस अधिकारी मनमोहन शर्मा को सर्वेक्षण में ‘कर्तव्यनिष्ठ’ श्रेणी में प्रमुख स्थान दिया गया। यह सर्वे उत्कृष्ट प्रशासनिक क्षमता, प्रभावी गवर्नेंस, नवाचार, संकट प्रबंधन, जनसंपर्क, जवाबदेही और विकासोन्मुख सोच सहित 10 प्रमुख मानकों के आधार पर किया गया। उपायुक्त के रूप में उन्होंने सोलन में जन शिकायतों के त्वरित निपटारे, राजस्व प्रशासन को मजबूत करने, अतिक्रमण हटाने, सरकारी भूमि की सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। वहीं ‘नशा मुक्त हिमाचल’ अभियान के तहत एंटी चिट्टा अभियान को भी नई गति प्रदान की है। मनमोहन शर्मा की जनकेंद्रित कार्यशैली और प्रगतिशील दृष्टिकोण को इस राष्ट्रीय सम्मान के रूप में बड़ी पहचान मिली है।
शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने फिर करवट बदल ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर, सोलन, बिलासपुर, हमीरपुर और ऊना जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में 18 जून तक मौसम खराब बना रह सकता है। इस दौरान कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों ने निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में अचानक तेज बारिश के कारण जलभराव और छोटे नालों के उफान पर आने की भी आशंका जताई है। पर्वतीय इलाकों में दृश्यता कम होने से यातायात प्रभावित हो सकता है, जिससे वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन भूस्खलन, पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने जैसी समस्याओं की आशंका भी बढ़ गई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। वहीं किसानों और बागवानों को भी मौसम की ताजा जानकारी के अनुसार अपने कार्यों की योजना बनाने की सलाह दी गई है। इसके अलावा बागवानी क्षेत्रों में ओलावृष्टि और तेज हवाओं से फलों की फसल को नुकसान पहुंचने की संभावना को देखते हुए आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।
एमएमएमसीएच, कुमारहट्टी के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग द्वारा फेडरेशन ऑफ ऑब्स्टेट्रिक एंड गायनेकोलॉजिकल सोसाइटीज ऑफ इंडिया (FOGSI) और इंडियन एसोसिएशन ऑफ गायनेकोलॉजिकल एंडोस्कोपिस्ट्स (IAGE) के सहयोग से गायनेकोलॉजिकल एंडोस्कोपी पर एक दिवसीय द्वितीय सेंसिटाइजेशन स्किल डेवलपमेंट वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को महार्षि मार्कण्डेश्वर ट्रस्ट के अध्यक्ष तरसेम गर्ग और सचिव विशाल गर्ग का संरक्षण प्राप्त रहा। मुख्य अतिथि एमएमयू के कुलपति डॉ. रवि चंद शर्मा तथा सह-अध्यक्ष के रूप में रजिस्ट्रार अजय कुमार सिंगल उपस्थित रहे। इस अवसर पर एमएमएमसीएच के प्राचार्य डॉ. मनप्रीत सिंह नंदा, उप-प्राचार्य डॉ. जसदीप सिंह संधू, एमएमसीओएन की प्राचार्य डॉ. हरप्रीत कौर, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. किरण कुमार सिंघल और एनएएसी समन्वयक डॉ. जय गोपाल वोहरा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की स्थानीय संयोजक एवं विभागाध्यक्ष डॉ. मोनिका गुप्ता तथा परियोजना समन्वयक डॉ. पियूष वोहरा रहे। कार्यशाला का मुख्य आकर्षण ऑपरेशन थियेटर से प्रसारित लाइव सर्जरी रही, जिसमें राष्ट्रीय एंडोस्कोपिक सर्जरी प्रशिक्षक डॉ. अजय अग्रवाल, डॉ. पियूष वोहरा और डॉ. वाणी शर्मा ने लैप्रोस्कोपिक हिस्टेरेक्टॉमी, ग्रेड-4 एंडोमेट्रियोसिस में ओवेरियन सिस्टेक्टॉमी, लैप्रोस्कोपिक मायोमेक्टॉमी तथा फेलोपियन ट्यूब रिकैनालाइजेशन जैसी जटिल सर्जिकल प्रक्रियाओं का प्रदर्शन किया। विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को आधुनिक उपकरणों के उपयोग, सर्जरी के विभिन्न चरणों और महत्वपूर्ण चिकित्सीय निर्णयों की भी जानकारी दी। कार्यशाला में संकाय सदस्यों, वरिष्ठ रेजिडेंट्स, स्नातकोत्तर विद्यार्थियों और चिकित्सकों ने भाग लिया तथा एंडोस्कोपिक सर्जरी की नवीनतम तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
दयानंद आदर्श विद्यालय के प्रांगण में आज सीनियर सेक्शन के अंतर्गत कक्षा नर्सरी, एलकेजी, यूकेजी एवं प्रथम कक्षा के विद्यार्थियों के लिए स्पोर्ट्स डे का आयोजन बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्पोर्ट्स इंचार्ज वीणा कौशिक तथा अध्यापिकाओं अनुराधा, रीता और ममता के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ आकर्षक मार्च पास्ट से हुआ, जिसमें नर्सरी, एलकेजी, यूकेजी और प्रथम कक्षा के विद्यार्थियों ने अनुशासन और उत्साह का शानदार प्रदर्शन किया। मार्च पास्ट का नेतृत्व कियारा ने किया। वीणा कौशिक के निर्देशन में प्रस्तुत यह मार्च पास्ट सभी उपस्थित अभिभावकों और शिक्षकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने रंगारंग ड्रिल प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसे सभी ने खूब सराहा। विद्यालय की प्राचार्या उषा मित्तल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलकूद गतिविधियां बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। खेलों से जहां शरीर स्वस्थ एवं सशक्त बनता है, वहीं बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का भी विकास होता है। उन्होंने कहा कि खेलों में हार और जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना के साथ भाग लेना होता है। इसके बाद विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। कक्षा नर्सरी के परिणाम स्प्रिंट रेस (बालक वर्ग) प्रथम – खुशान्त द्वितीय – अर्णव तृतीय – रियॉन स्प्रिंट रेस (बालिका वर्ग) प्रथम – अनन्या द्वितीय – तनीषा तृतीय – आराधना फ्रिल रेस (बालक वर्ग) प्रथम – अर्णव द्वितीय – रियॉन तृतीय – काव्यांश फ्रिल रेस (बालिका वर्ग) प्रथम – तनीषा द्वितीय – आराधना तृतीय – माहिरा कक्षा एलकेजी के परिणाम स्प्रिंट रेस (बालक वर्ग) प्रथम – रियांश द्वितीय – मिवान तृतीय – शिवाक्ष स्प्रिंट रेस (बालिका वर्ग) संयुक्त प्रथम – अनायरा एवं दिव्यांशी द्वितीय – वामिका तृतीय – रितिका बैग रेस प्रथम – शिवाक्ष द्वितीय – रियांश तृतीय – संबंध कक्षा यूकेजी के परिणाम स्प्रिंट रेस प्रथम – लविश द्वितीय – सफल तृतीय – सूर्यवीर फ्रॉग रेस प्रथम – लविश द्वितीय – सफल तृतीय – सूर्यवीर सांत्वना पुरस्कार – शिवांश कक्षा प्रथम के परिणाम स्प्रिंट रेस प्रथम – चिराग द्वितीय – अभियान तृतीय – माहिरा बैलून रेस प्रथम – अभियान द्वितीय – एतिक तृतीय – युवान कार्यक्रम के अंत में विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी गई तथा सभी प्रतिभागियों के उत्साह, खेल भावना और अनुशासन की सराहना की गई।
पंचायत चुनाव-2026 के दौरान विकास खंड कुनिहार में बैलेट पेपर लेखन कार्य के बीच दो बैलेट पेपर गायब होने का मामला सामने आने से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने बैलेट पेपर लेखन कार्य में तैनात आठ कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस थाना कुनिहार में एफआईआर दर्ज करवाई है। इनमें संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) भी शामिल हैं। साथ ही सभी कर्मचारियों को चुनाव ड्यूटी से हटा दिया गया है। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत खनलग के वार्ड नंबर-4 के लिए जारी किए गए दो बैलेट पेपर जांच के दौरान गायब पाए गए। खंड विकास अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी पंचायत कुनिहार तन्मय कंवर द्वारा पुलिस को भेजी शिकायत में बताया गया है कि उक्त पंचायत के लिए बैलेट पेपर क्रम संख्या 5265516 से 5265670 तक जारी किए गए थे। जांच के दौरान इनमें से क्रम संख्या 5265669 और 5265670 के दो मतपत्र नहीं मिले। उन्होंने बताया कि 16 मई से ब्लॉक मुख्यालय कुनिहार में बैलेट पेपर लेखन कार्य चल रहा है। इसके लिए विभिन्न पंचायतों के सहायक रिटर्निंग अधिकारियों और कर्मचारियों को बैलेट पेपर वितरण एवं लेखन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। प्रशासन ने गड़बड़ी सामने आने के बाद अपने स्तर पर भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है और सभी कर्मचारियों से पूछताछ जारी है। वहीं, डीएसपी अशोक चौहान ने बताया कि बैलेट पेपर गुम होने की शिकायत पर पुलिस थाना कुनिहार में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
शूलिनी विश्वविद्यालय और एंटियर सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), लार्ज लैंग्वेज मॉडल्स (एलएलएम), ब्लॉकचेन तथा शिक्षा-आधारित नवाचार के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस एमओयू पर शूलिनी विश्वविद्यालय में नवाचार और एआई के अध्यक्ष तथा योगानंद स्कूल ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कंप्यूटर और डेटा साइंस के निदेशक प्रोफेसर आशीष खोसला और एंटियर सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने हस्ताक्षर किए। यह साझेदारी उद्योग और शिक्षा जगत के बीच मजबूत सेतु स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। इस सहयोग के अंतर्गत एआई, एलएलएम, ब्लॉकचेन और संबंधित तकनीकों पर संयुक्त परियोजनाएं संचालित की जाएंगी। साथ ही छात्रों के लिए इंटर्नशिप, प्लेसमेंट अवसर, कार्यशालाएं, सेमिनार और भविष्य की अनुसंधान पहलें भी इस समझौते का हिस्सा होंगी। एमओयू पांच वर्षों तक प्रभावी रहेगा और भविष्य में आपसी सहमति से विशेष परियोजनाओं तथा नवाचार-आधारित कार्यक्रमों तक विस्तारित किया जा सकेगा। हस्ताक्षर समारोह के दौरान प्रोफेसर आशीष खोसला ने कहा कि शूलिनी विश्वविद्यालय का मानना है कि शिक्षा का भविष्य अकादमिक उत्कृष्टता और वास्तविक दुनिया के तकनीकी नवाचार के संगम में निहित है। उन्होंने कहा कि एंटियर सॉल्यूशंस के साथ यह सहयोग छात्रों और शिक्षकों को अत्याधुनिक तकनीकों से जोड़ने के साथ-साथ अनुसंधान, नवाचार और करियर विकास के नए अवसर प्रदान करेगा। वहीं, एंटियर सॉल्यूशंस के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने कहा, यह साझेदारी उद्योग के व्यावहारिक अनुभव को अकादमिक अनुसंधान के करीब लाने का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने शूलिनी विश्वविद्यालय की अनुसंधान, जैव प्रौद्योगिकी और स्वदेशी एलएलएम के क्षेत्र में हो रही प्रगति की सराहना करते हुए कहा, यह सहयोग संयुक्त नवाचार, व्यावहारिक शिक्षा और भविष्य में बौद्धिक संपदा विकास के नए अवसर पैदा करेगा।
अटल शिक्षा कुंज कालू झंडा स्थित आईईसी विश्वविद्यालय के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग द्वारा बीसीए अंतिम वर्ष के छात्रों के लिए एक भव्य विदाई पार्टी का आयोजन किया गया। यूनिवर्सिटी कैंपस के ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में जूनियर छात्रों ने अपने सीनियर्स को नम आंखों और ढेर सारी शुभकामनाओं के साथ विदा किया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत मुख्य अतिथियों और विभागाध्यक्ष द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद सेकंड ईयर (जूनियर्स) के छात्रों ने अपने सीनियर्स के स्वागत में कई शानदार प्रस्तुतियां दीं। छात्रों ने बॉलीवुड और पहाड़ी लोक गीतों पर धमाकेदार डांस परफॉर्मेंस दी। कुछ छात्रों ने कॉलेज लाइफ और दोस्ती पर भावुक कर देने वाले गीत और अनूठी शायरियां पेश कीं।जूनियर्स ने अपने सीनियर्स के लिए कुछ मज़ेदार गेम्स और रैपिड-फायर राउंड्स भी रखे। मिस्टर और मिस फेयरवेल का चयन समारोह का मुख्य आकर्षण 'रैंप वॉक' और 'टैलेंट राउंड' रहा। ट्रेडिशनल और फॉर्मल आउटफिट्स में सजे सीनियर्स ने स्टेज पर अपना जलवा बिखेरा। उनके आत्मविश्वास और बुद्धिमत्ता के आधार पर विजेताओं को चुना गया । जिसमे कुलदीप को मिस्टर फेयरवेल और किरणदीप को मिस फेयरवेल फाइनल ईयर के होनहार छात्र को इस खिताब से नवाजा गया। बेहतरीन प्रस्तुति के लिए छात्रा को ताज पहनाया गया। इसके साथ ही सीनियर्स को उनकी खूबियों के आधार पर कई अन्य मज़ेदार टाइटल्स और स्मृति चिह्न भी भेंट किए गए।
कुनिहार स्थित बी.एल. सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला का दसवीं कक्षा का वार्षिक परीक्षा परिणाम इस वर्ष शत-प्रतिशत रहा। विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल, अभिभावकों और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय प्रबंधन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित परीक्षा परिणाम में गार्गी शर्मा ने 671 अंक प्राप्त कर 95.85 प्रतिशत के साथ पहला स्थान हासिल किया। समीक्षा जोशी और आकृति ने 669 अंक यानी 95.57 प्रतिशत के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं वंशिका शेख ने 658 अंक लेकर तीसरा, तान्या ने 654 अंक लेकर चौथा तथा कुमार मंगलम ने 649 अंक लेकर पांचवां स्थान हासिल किया। विद्यालय के 25 विद्यार्थियों ने 600 से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। विद्यालय अध्यक्ष ने सभी मेधावी विद्यार्थियों, अभिभावकों और अध्यापक वर्ग को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग से यह सफलता संभव हो पाई है। उन्होंने बताया कि विद्यालय पिछले 31 वर्षों से लगातार उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम दे रहा है और हिमाचल प्रदेश में ए-ग्रेड का दर्जा प्राप्त कर चुका है। स्कूल के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद और अन्य गतिविधियों में भी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। विद्यालय प्रबंधन ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि संस्था गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नैतिक मूल्यों और अनुशासन को प्राथमिकता देते हुए आगे भी विद्यार्थियों को बेहतर मंच प्रदान करती रहेगी।
एसवीएन विद्यालय कुनिहार का दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शत-प्रतिशत रहा। विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल देखने को मिला। यह जानकारी विद्यालय अध्यक्ष टीसी गर्ग ने दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय के छात्रों ने गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और समर्पित शिक्षण पद्धति को सिद्ध किया है। परीक्षा परिणाम में आदित्य ने 700 में से 673 अंक प्राप्त कर विद्यालय में पहला स्थान हासिल किया। सौरभ ने 666 अंक लेकर दूसरा तथा आंचल ने 665 अंक लेकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं केरवी ने 660 अंक प्राप्त कर चौथा, कृतिका ठाकुर ने 658 अंक लेकर पांचवां तथा तेजस ने 657 अंक लेकर छठा स्थान हासिल किया। आदित्य ने गणित, विज्ञान व कंप्यूटर विषय में 100 में से 100 अंक लिए। वहीं आंचल ने गणित विषय में 100 में से 100,सौरभ, सक्षम,रितिका, चाहत ने कंप्यूटर विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त किए। इसके अलावा विद्यालय के कई अन्य विद्यार्थियों ने भी 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय और अपने अभिभावकों का नाम रोशन किया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग से यह सफलता संभव हो पाई है। विद्यालय प्रधानाचार्य नीति चौधरी ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए विद्यालय की निरंतर प्रगति की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय निदेशक लूपिन गर्ग, उप प्रधानाचार्य गुरप्रीत बाजवा, पीटीए अध्यक्ष हेमंत शर्मा, समन्वयक रामेश्वर ठाकुर सहित अभिभावकों और शिक्षकों के योगदान की सराहना की गई।
सोलन में जिला पुलिस की SIU टीम ने चिट्टा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 12.48 ग्राम चिट्टा तथा नकदी बरामद की है। मामले में आगामी जांच जारी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 05 मई 2026 को एक गुप्त सूचना के आधार पर SIU टीम ने विवांता मॉल की पार्किंग में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान एक TUV वाहन में बैठे तीन युवकों के कब्जे से 7.07 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और ₹29,000 नकद बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवेंदर बत्ता (43) निवासी सलोगड़ा, तेज सिंह (39) निवासी कसौली तथा शुभम ठाकुर (30) निवासी जुंगा, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पुलिस थाना सदर सोलन में FIR नंबर 110/2026 के तहत धारा 21 और 29 NDPS एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया। मामले में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया। दिनांक 06 मई 2026 को आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से 4 दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के दौरान खुलासा हुआ कि बरामद चिट्टा जीरकपुर से खरीदा गया था। इसके बाद पुलिस थाना सदर सोलन की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य सप्लायर मनदीप पुत्र दलबीर सिंह, निवासी कैथल, हरियाणा को जीरकपुर से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 5.41 ग्राम चिट्टा/हेरोइन भी बरामद की गई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से दो आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं। देवेंदर बत्ता के खिलाफ सोलन और परवाणू में 2 मामले दर्ज हैं, जबकि तेज सिंह के खिलाफ हिमाचल और हरियाणा में चिट्टा तस्करी से जुड़े 6 मामले तथा IPC की गंभीर धाराओं के तहत 3 अन्य मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, अब तक इस मामले में कुल 4 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और मामले की जांच लगातार जारी है।
पंचायती राज चुनावों को लेकर विकासखंड कुनिहार में चुनावी गतिविधियां अब पूरी तरह तेज हो गई हैं। नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन विकासखंड की 58 ग्राम पंचायतों में विभिन्न पदों के लिए कुल 325 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। नामांकन केंद्रों पर सुबह से ही उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की आवाजाही बनी रही, जिससे पूरे क्षेत्र में चुनावी माहौल देखने को मिला। खंड विकास अधिकारी तन्मय कंवर ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले दिन पंचायत प्रधान पद के लिए 92, उपप्रधान पद के लिए 83 तथा वार्ड सदस्य पद के लिए 150 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। सभी नामांकन केंद्रों पर प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं, जिसके चलते पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावों को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। संभावित प्रत्याशी समर्थकों के साथ नामांकन केंद्र पहुंच रहे हैं और पंचायतों में जनसंपर्क अभियान भी तेज हो गया है। कई पंचायतों में मुकाबला रोचक बनने की संभावना जताई जा रही है, जिसके चलते गांवों में राजनीतिक चर्चाओं का दौर भी शुरू हो गया है। प्रशासन का मानना है कि आगामी दिनों में नामांकन प्रक्रिया में और तेजी आएगी तथा अधिक संख्या में उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरेंगे। पंचायत चुनावों को लेकर विकासखंड कुनिहार का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगता नजर आ रहा है।
चिट्टा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना कंडाघाट में दर्ज FIR नंबर 29/26 दिनांक 28 अप्रैल 2026, धारा 21 NDPS एक्ट के तहत दर्ज मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को पंजाब से गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, 27/28 अप्रैल 2026 की रात पुलिस थाना कंडाघाट की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक के कब्जे से 18.16 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की थी। आरोपी की पहचान नरेश कुमार उर्फ निशु निवासी सिरीनगर, तहसील कंडाघाट, जिला सोलन के रूप में हुई थी। पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया था। जाँच के दौरान आरोपी को अदालत में पेश कर पांच दिन का पुलिस रिमांड लिया गया। पूछताछ, बैंक खातों की ट्रांजैक्शन डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण में सामने आया कि आरोपी ने बरामद चिट्टा ₹32 हजार में खरीदा था और भुगतान QR कोड के माध्यम से किया गया था। इसी आधार पर पुलिस ने मामले में संलिप्त दूसरे आरोपी बंटी निवासी लुधियाना, पंजाब की पहचान की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पंजाब के राजपुरा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 7 मई 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि नरेश कुमार उर्फ निशु लंबे समय से कंडाघाट और वाकनाघाट क्षेत्र में युवाओं और छात्रों को चिट्टा सप्लाई कर रहा था। आरोपी के खिलाफ पहले से चिट्टा तस्करी के चार मामले दर्ज हैं, जिनमें कुल 20.71 ग्राम चिट्टा बरामद हो चुका है। इसके अलावा उसके खिलाफ मारपीट का एक मामला भी दर्ज है। पुलिस के अनुसार आरोपी को दिसंबर 2025 में PIT NDPS एक्ट, 1988 के तहत तीन महीने की निवारक हिरासत में भी रखा गया था। जेल से रिहा होने के बाद वह फिर से नशा तस्करी में सक्रिय पाया गया। फिलहाल दूसरे आरोपी बंटी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है और मामले की छानबीन जारी है।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोलन जिला के कुनिहार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जाडली क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक आल्टो कार से 3.83 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर चार युवकों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आदित्य शर्मा (31) निवासी गांव चुराग, तहसील करसोग, जिला मंडी; इंद्र सिंह (39) निवासी गांव कमलाटू, तहसील व जिला शिमला; सौरभ (31) निवासी गांव चुराग, जिला मंडी; और गौरव (35) निवासी गांव चुराग, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहन को रोका गया और तलाशी में नशा बरामद हुआ। चारों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक सप्लाई किया जाना था, जबकि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात भी कही गई है।
एसवीएन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कुनिहार ने एक बार फिर उत्कृष्ट शिक्षा का प्रदर्शन करते हुए कक्षा 12वीं के वार्षिक परीक्षा परिणाम में 100 प्रतिशत सफलता हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विद्यालय के कला, वाणिज्य और विज्ञान तीनों संकायों में विद्यार्थियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिससे पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित परीक्षा परिणाम में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विज्ञान संकाय में सलोनी ठाकुर ने 455/500 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। जानवी 454/500 अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर रहीं। वहीं विधि पंवर और हरमिंदर ने 427/500 अंक लेकर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यालय अध्यक्ष टीसी गर्ग ने बताया कि तीनों संकायों का परिणाम शत-प्रतिशत रहा है, जो विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का प्रतिफल है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों और अभिभावकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और विश्वास जताया कि विद्यालय भविष्य में भी ऐसे ही उत्कृष्ट परिणाम देता रहेगा। विद्यालय की प्रधानाचार्य नीति चौधरी, पीटीए अध्यक्ष हेमंत शर्मा तथा समस्त अध्यापक वर्ग ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
बी.एल. सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, कुनिहार ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता को साबित करते हुए कक्षा 12वीं के वार्षिक परीक्षा परिणाम में 100 प्रतिशत सफलता दर्ज की है। विद्यालय के तीनों संकाय- कला, वाणिज्य और विज्ञान- में विद्यार्थियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित परिणाम में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। कला संकाय में वैशाली ने 92.2% अंक लेकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। दक्ष ठाकुर (91%) दूसरे, सोनम (89.6%) तीसरे स्थान पर रहे। पलक वर्मा (88.3%) चौथे तथा पियूष (87.2%) पांचवें स्थान पर रहे। वाणिज्य संकाय में तन्मय ने 89.6% अंक के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। अंशुमन और दिशिता (84.2%) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। दिव्या (83.4%) चौथे तथा निहारिका और अमन वर्मा (82.2%) पांचवें स्थान पर रहे। विज्ञान संकाय में अविका ने 89% अंक के साथ विद्यालय में पहला स्थान प्राप्त किया। सौम्या ठाकुर और उर्वशी (85.4%) संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। अंजलि (85%) तीसरे, वैभव (84.2%) चौथे तथा पल्लवी पाल (83.6%) पांचवें स्थान पर रहीं। विद्यालय अध्यक्ष ने बताया कि तीनों संकायों का परिणाम 100 प्रतिशत रहा, जो विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय पिछले 31 वर्षों से लगातार उत्कृष्ट परिणाम दे रहा है और प्रदेश में ‘A ग्रेड’ का दर्जा प्राप्त कर चुका है। विद्यालय के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। विद्यालय की मुख्याध्यापिका सुषमा शर्मा, पीटीए अध्यक्ष रतन तंवर और समस्त अध्यापक वर्ग ने भी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
गम्बरपुल-बनोह सरली सड़क पर रविवार को एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे का कारण वाहन के ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। हादसे में चालक को मामूली चोटें आई हैं, जबकि बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के मुताबिक कार चंडी से जयनगर की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए। सामने से बाइक आ रही थी, जिसे बचाने के लिए चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए कार को पहाड़ की ओर मोड़ दिया। इसके बाद वाहन पहाड़ से टकराकर पलट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में चालक अकेला सवार था। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और न ही किसी अन्य व्यक्ति को चोट पहुंची। चालक पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन का नंबर HP 14 D 0263 बताया गया है।
साई इंटरनेशनल स्कूल में पृथ्वी दिवस बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु एक विशेष प्रातःकालीन सभा का आयोजन किया गया। सभा के दौरान विद्यार्थियों के समक्ष प्रेरणादायक विचार प्रस्तुत किए गए, जिनमें माँ पृथ्वी की देखभाल के महत्व को उजागर किया गया। कक्षा 2 एवं 3 के विद्यार्थियों ने एक सुंदर नाटक के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे सभी ने सराहा। कक्षा 4 एवं 5 के विद्यार्थियों ने ‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ गतिविधि में भाग लेकर अपनी सृजनात्मकता का प्रदर्शन किया और पुनः उपयोग व पुनर्चक्रण का महत्व बताया। वहीं कक्षा 6 से 9 तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कला के जरिए पृथ्वी के प्रति प्रेम और चिंता व्यक्त की। नर्सरी, एलकेजी, यूकेजी एवं कक्षा 1 के नन्हे बच्चों ने फैंसी ड्रेस और स्वच्छता गतिविधियों में भाग लेकर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर विद्यालय के चेयरमैन रामिंदर बावा और प्रधानाचार्या मीरा गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें पर्यावरण संरक्षण के लिए जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा दी।
सोलन में ‘चेस्टर हिल्स’ प्रोजेक्ट को लेकर चल रहे विवाद के बीच अब इसके संचालक हंसराज ठाकुर ने सामने आकर अपनी स्थिति स्पष्ट की है।उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट को लेकर सामने आ रही कुछ जानकारियां तथ्यों पर आधारित नहीं हैं और इससे भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। ठाकुर के अनुसार, ‘चेस्टर हिल्स-2’ और ‘4’ एक वैध आवासीय परियोजना है, जिसे सभी आवश्यक प्रक्रियाओं और अनुमतियों के तहत विकसित किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रोजेक्ट की लागत को लेकर जो बड़े आंकड़े सार्वजनिक रूप से चर्चा में हैं, वे वास्तविकता से मेल नहीं खाते। उनके अनुसार, परियोजना की अनुमानित लागत लगभग ₹150 करोड़ है। हंसराज ठाकुर ने बताया कि यह प्रोजेक्ट वर्षों की मेहनत, बैंक ऋण और निजी निवेश के माध्यम से आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके पास RERA, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग, नगर निगम सोलन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सहित संबंधित विभागों की आवश्यक मंजूरियां मौजूद हैं। इस मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा जारी है, वहीं परियोजना से जुड़े कुछ खरीदारों और परिवारों की ओर से भी स्थिति को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है। ठाकुर ने आग्रह किया है कि मामले को लेकर सभी पक्ष तथ्यों के आधार पर स्थिति देखें और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पूरी जानकारी का संज्ञान लिया जाए, ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके।आपको बता दें कि यह मामला उपायुक्त सोलन के पास है और जांच की जा रही हैं ।
सोमवार को दयानंद आदर्श विद्यालय के प्रांगण में कैप्टन इन्वेस्टिचर सेरेमनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और मंत्र उच्चारण के साथ हुई। विद्यालय की प्रधानाचार्य उषा मित्तल ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों में जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा की भावना विकसित होती है। उन्होंने सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं भी दीं। इस अवसर पर विद्यालय के हेड बॉय सुहान और हेड गर्ल रक्षिता ठाकुर बनीं, जबकि अक्षरा वर्मा को वाइस कैप्टन की जिम्मेदारी सौंपी गई। विद्यालय के चारों सदनों में भी कैप्टन और प्रीफेक्ट नियुक्त किए गए विरजानंद सदन की कैप्टन राशि और वंश राठौर प्रीफेक्ट बने, दयानंद सदन की कैप्टन नंदिनी शर्मा और देव भारद्वाज प्रीफेक्ट बने, श्रद्धानंद सदन की कैप्टन रिद्धिमा वर्धन और कार्तिकेय सूद प्रीफेक्ट बने, वहीं विवेकानंद सदन की कैप्टन तानिया शर्मा और हर्ष कश्यप प्रीफेक्ट बने। स्पोर्ट्स कैप्टन के रूप में सुजल ठाकुर और परमिता ठाकुर को नियुक्त किया गया, जबकि असिस्टेंट स्पोर्ट्स कैप्टन का दायित्व भी उन्हें सौंपा गया। हेड ऑफ वॉलंटियर्स के रूप में यश वर्मा और शुभम छेत्री को जिम्मेदारी मिली। स्कूल पुलिस की जिम्मेदारी याशिका भारद्वाज और इको क्लब कैप्टन सुहानी बनीं। प्रधानाचार्य उषा मित्तल ने सभी चयनित छात्रों को सैशेज और बैज पहनाकर सम्मानित किया और शुभकामनाएं दीं। हेड बॉय और हेड गर्ल के नेतृत्व में परेड का आयोजन किया गया तथा स्पोर्ट्स प्रभारी बीना कौशिक, जगदीश और सुश्री निशा की अध्यक्षता में शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। सभी विद्यार्थियों ने अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी और निष्ठा से निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का मंच संचालन कनन भंडारी और हरजीत ठाकुर द्वारा किया गया। अंत में मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किया गया और कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ हुआ।
शिमला जिला में 10 अप्रैल से 12 अप्रैल 2026 के बीच वीकेंड के दौरान पर्यटकों और स्थानीय लोगों की भारी आवाजाही के कारण सोलन-शिमला राष्ट्रीय मार्ग पर यातायात का वॉल्यूम उल्लेखनीय रूप से बढ़ा। इसके बावजूद जिला पुलिस की प्रभावी एवं मैदानी स्तर पर सक्रिय तैनाती के चलते पूरे मार्ग पर यातायात सुचारू रूप से संचालित होता रहा। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 10 अप्रैल को लगभग 17000 वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई, जिनमें करीब 7000 वाहन अन्य राज्यों से संबंधित थे। 11 अप्रैल को यह संख्या बढ़कर लगभग 19,000 हो गई, जिनमें करीब 9,000 बाहरी राज्य के वाहन शामिल रहे। वहीं 12 अप्रैल को सायं 6 बजे तक ही लगभग 11000 वाहन इस मार्ग से गुजर चुके थे, जिनमें करीब 5,500 अन्य राज्यों के वाहन थे। बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए जिला पुलिस ने पूर्व योजना के तहत विशेष ट्रैफिक प्रबंधन लागू किया। सभी गजेटेड अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में फील्ड में मौजूद रहे, जबकि संबंधित थाना प्रभारियों (SHOs) ने स्वयं सड़कों पर उतरकर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया। संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई तथा निरंतर निगरानी सुनिश्चित की गई। पुलिस की सतर्कता के कारण पूरे वीकेंड के दौरान कहीं भी लंबा जाम या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई, जिससे आम जनता और पर्यटकों को निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सकी। शिमला पुलिस यातायात व्यवस्था बनाए रखने में आप सभी के सहयोग की आभारी है।
हिमाचल प्रदेश के कसौली की हेरिटेज मार्केट में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर कई दुकानें जलकर राख हो गईं। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं। बताया जा रहा है कि आग सुबह करीब 3:30 बजे लगी। शुरुआती अंदेशे के मुताबिक आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। इस हादसे में करीब 12 से 14 गैस सिलेंडर फटने की भी सूचना है, जिससे आग और भड़क गई। अब तक लगभग सात दुकानें पूरी तरह जल चुकी हैं। इनमें मोमोज, खिलौने, कपड़ों की दुकानें और एक कैफे शामिल हैं। आशंका जताई जा रही है कि आग की शुरुआत इसी कैफे से हुई। प्रशासन की ओर से एसडीएम कसौली महेंद्र प्रताप सिंह और धर्मपुर के एसएचओ मौके पर मौजूद हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।
शूलिनी विश्वविद्यालय में इंडोर स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का सफल समापन हुआ, जिसमें विभिन्न खेलों के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चैंपियनशिप में टेबल टेनिस, बैडमिंटन और शतरंज सहित कई इंडोर खेलों का आयोजन किया गया। छात्रों ने प्रतियोगिता के दौरान असाधारण कौशल, दृढ़ संकल्प और खेल भावना का प्रदर्शन किया, जिससे यह आयोजन प्रतिस्पर्धी और मनोरंजक बना रहा। शतरंज में अभिषेक कुमार झा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि विनम्र सिंह गांधी उपविजेता रहे। टेबल टेनिस के लड़कों के एकल वर्ग में अभिषेक विजेता रहे, वहीं रिजुल दूसरे स्थान पर रहे। लड़कों के युगल में रिजुल और मृदुल ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि अभिषेक और सूरज ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। बैडमिंटन स्पर्धाओं में भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। महिलाओं के एकल वर्ग में मृगना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि निमिषा उपविजेता रहीं। पुरुष एकल में अनिमीष ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, उसके बाद दीपांश दूसरे स्थान पर रहे। महिला युगल में मृगना और अनुष्का की जोड़ी चैंपियन बनी, जबकि श्रीजल और दिव्यांश उपविजेता रहीं। पुरुष युगल में वंश और दीपांश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अनिमीष और रोहनीत उपविजेता रहे। मिश्रित युगल में आदित्य और मृगना ने चैंपियनशिप जीती, जबकि कुणाल और सुहाना ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पुरस्कार वितरण समारोह में शूलिनी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति पी. के. खोसला ने विजेताओं को सम्मानित किया और सभी प्रतिभागियों और आयोजकों के प्रयासों की सराहना की। सभा को संबोधित करते हुए प्रोफेसर खोसला ने अनुशासन, टीम वर्क और समग्र व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देने में खेलों के महत्व पर जोर दिया और छात्रों को ऐसी गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। खेल विभाग द्वारा 3 अप्रैल से 7 अप्रैल तक आयोजित, यह कार्यक्रम प्रोफेसर नीरज गंडोत्रा, एसोसिएट डीन, छात्र कल्याण के मार्गदर्शन में संचालित किया गया, जिन्होंने छात्रों को अकादमिक गतिविधियों और खेलों में सक्रिय भागीदारी के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
पेंशन वेलफेयर एसोसिएशन कुनिहार की मासिक बैठक मंगलवार को अध्यक्ष विनोद जोशी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पेंशनर्स से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों पर गहन चर्चा करते हुए सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर की गई। बैठक में सदस्यों ने महंगाई भत्ते (डीए) की सभी बकाया किस्तों का तुरंत भुगतान करने की मांग उठाई। साथ ही सेवानिवृत्त कर्मचारियों के कम्यूटेशन मामले को लेकर कहा गया कि वर्तमान में 15 वर्ष तक की कटौती अवधि को घटाकर 10 वर्ष 8 माह किया जाए, जैसा कि कई अन्य राज्यों में पहले ही लागू किया जा चुका है। एसोसिएशन ने 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पेंशनर्स को क्रमशः 5, 10 और 15 प्रतिशत अतिरिक्त लाभ मूल पेंशन में जोड़ने की मांग भी रखी। इसके अलावा 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बिना किसी भेदभाव के वित्तीय लाभ देने पर जोर दिया गया। सदस्यों ने आरोप लगाया कि सरकार पेंशनर्स के मामलों में भेदभावपूर्ण नीति अपना रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पेंशनर्स के साथ “बंदरबांट” जैसी स्थिति नहीं होनी चाहिए और सभी लंबित मामलों का समान रूप से समाधान किया जाए। बैठक में पेंशन से संबंधित जेसीसी (संयुक्त सलाहकार समिति) की बैठक शीघ्र बुलाने की मांग भी उठाई गई। साथ ही चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों को लेकर सरकार की घोषणा पर सवाल उठाते हुए कहा गया कि बजट उपलब्ध कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
साई इंटरनेशनल स्कूल में विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर के माधयम से विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं स्टाफ में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। स्वास्थ्य शिविर में सोलन के प्रसिद्ध चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान दी, जिनमें डॉ. तरुण भारद्वाज (दंत चिकित्सक), डॉ. विनोद सूरी एवं डॉ. सुखदा सूरी (होम्योपैथिक विशेषज्ञ), डॉ. विनय पटियाल (त्वचा विशेषज्ञ), डॉ. रविकांत सूद (जनरल फिजिशियन), डॉ. संजय ग्रोवर (नेत्र विशेषज्ञ) तथा डॉ. रवि वर्मा (एमडी पीडियाट्रिक्स, एपेक्स अस्पताल) शामिल रहे। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन रामिंदर बावा एवं प्रिंसिपल मीरा गुप्ता ने सभी डॉक्टरों को प्लांटर्स दे कर सम्मानित किया।
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह 7 अप्रैल, 2026 को सोलन जिला के प्रवास पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मंत्री सुबह 11:00 बजे दून विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुठाड़ में इंडोर स्टेडियम की आधारशिला रखेंगे। इसके उपरांत वह सुबह 11:15 बजे टैगोर वनस्थली पब्लिक स्कूल, कुठाड़ में आयोजित ‘इन्वेस्टीचर सेरेमनी 2026-27’ में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सोलन के अनुसार आवश्यक रखरखाव कार्य के चलते 3 अप्रैल, 2026 को विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता राहुल वर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि 3 अप्रैल को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक जराश, सूर्य किरण, बेर की सेर तथा आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। राहुल वर्मा ने कहा कि खराब मौसम या किसी अपरिहार्य कारण के चलते निर्धारित समय और तिथि में बदलाव संभव है। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से सहयोग करने की अपील की है।
कुनिहार को नगर पंचायत बनाने के फैसले के खिलाफ क्षेत्र में विरोध तेज होता जा रहा है। कुनिहार विकास सभा, महिला मंडल कोठी और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने सरकार के इस निर्णय पर कड़ा ऐतराज जताते हुए हाटकोट, कोठी और कुनिहार पंचायतों को नगर पंचायत घोषित करने के नोटिफिकेशन को तुरंत डिनोटिफाई करने की मांग उठाई है। कुनिहार विकास सभा के प्रधान धनीराम तंवर के नेतृत्व में कार्यकारिणी सदस्यों भागमल तंवर, ज्ञान ठाकुर, दीप राम ठाकुर, बाबूराम तंवर, नागेंद्र ठाकुर, संतराम, देवी राम मेहता, ज्ञान गर्ग, सनी राघव, ओम प्रकाश ठाकुर, सोहनलाल, राजेंद्र गर्ग, जगदीश ठाकुर, रामचंद, बलवीर चौधरी और धर्म सिंह सहित महिला मंडल कोठी व अन्य संस्थाओं ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि सरकार ने बिना स्थानीय लोगों की सहमति के यह निर्णय लिया, जो जनभावनाओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर पहले भी कई बार सरकार और प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे क्षेत्रवासियों में रोष बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि कुनिहार अभी भी पूर्णतः ग्रामीण क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में लोग खेती-बाड़ी और पशुपालन पर निर्भर हैं। नगर पंचायत बनने से न केवल उनकी पारंपरिक व्यवस्था प्रभावित होगी, बल्कि उन पर टैक्स और अन्य नियमों का अतिरिक्त बोझ भी पड़ सकता है। विकास सभा ने तर्क दिया कि कांगड़ा जोन में कई नगर पंचायतों को जनता के विरोध के बाद डिनोटिफाई किया जा चुका है। वहीं, कंडाघाट को भी 23 मार्च 2026 को मुख्यमंत्री द्वारा लोगों की मांग को स्वीकार करते हुए डिनोटिफाई किया गया। ऐसे में कुनिहार के साथ भेदभाव क्यों किया जा रहा है, यह सवाल भी उठने लगे हैं। संयुक्त बयान में यह भी कहा गया कि सरकार को राजनीतिक द्वेष से ऊपर उठकर निर्णय लेने चाहिए। जनता के हितों की अनदेखी करना किसी भी सूरत में उचित नहीं है। उन्होंने चेताया कि यदि सरकार ने समय रहते इस फैसले पर पुनर्विचार नहीं किया तो क्षेत्र में व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायत व्यवस्था में ही उनकी भागीदारी और अधिकार सुरक्षित हैं, जबकि नगर पंचायत बनने से उनकी पारंपरिक संरचना कमजोर हो सकती है। इसलिए वे किसी भी कीमत पर इस फैसले को स्वीकार करने के पक्ष में नहीं हैं। अंत में कुनिहार विकास सभा और सभी संगठनों ने एक स्वर में सरकार से मांग की है कि कुनिहार को नगर पंचायत बनाने के नोटिफिकेशन को तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए और क्षेत्र को पहले की तरह पंचायत व्यवस्था में ही रखा जाए, ताकि लोगों का सरकार पर विश्वास बना रहे।
सोलन जिला राइफल एसोसिएशन 3 अप्रैल से 5 अप्रैल तक कंडाघाट के कैथलीघाट, महालक्ष्मी फर्नीचर के समीप 11वीं जिला स्तरीय निशानेबाजी प्रतियोगिता 2026 का आयोजन करने जा रहा है। यह प्रतियोगिता हिमाचल प्रदेश राइफल एसोसिएशन के तत्वावधान में होगी। जिला राइफल एसोसिएशन के महासचिव विजय ठाकुर ने बताया कि इस प्रतियोगिता में .22 राइफल (50 मीटर), .22 पिस्टल (50 व 25 मीटर), .32 सेंटर फायर पिस्टल (25 मीटर) और ट्रैप शूटिंग (12 बोर) की प्रतियोगिताएं होंगी। 10 मीटर एयर पिस्टल व राइफल प्रतियोगिताएं भी इसी अवधि में श्री बालाजी गनफायर शूटिंग अकादमी, छावनी रेस्टोरेंट के नजदीक, बायपास रोड़ सोलन में आयोजित की जाएंगी। ठाकुर ने कहा कि प्रतियोगिता हेतु आर्म्स और एम्युनिशन प्रतिभागी शूटर्स को एसोसिएशन द्वारा मौके पर उपलब्ध करवाए जाएंगे। हिमाचल प्रदेश राइफल एसोसिएशन द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेना अनिवार्य किया गया है।
क्षेत्र के अग्रणी शैक्षणिक संस्थान द एसवीएन स्कूल में अत्याधुनिक रोबोटिक्स एवं इनोवेशन लैब का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा और बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विद्यालय के चेयरमैन टी.सी. गर्ग और सीनियर डायरेक्टर लुपिन गर्ग ने लैब की स्थापना में अहम भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से यह आधुनिक सुविधा साकार हो पाई, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में नई दिशा मिलेगी। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, एसवीएन स्कूल क्षेत्र का पहला ऐसा संस्थान बन गया है, जहां विद्यार्थियों को रोबोटिक्स जैसी उन्नत तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस लैब के माध्यम से छात्र-छात्राएं कोडिंग, रोबोट निर्माण और विभिन्न नवाचार गतिविधियों में भाग लेकर अपने कौशल को निखार सकेंगे। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय तकनीकी युग का है और रोबोटिक्स भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों को शुरुआती स्तर से ही तकनीकी शिक्षा से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। रोबोटिक्स लैब विद्यार्थियों में रचनात्मकता, तार्किक सोच और समस्या समाधान क्षमता को विकसित करने में सहायक सिद्ध होगी। साथ ही, यह लैब उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में भी अहम भूमिका निभाएगी। विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे विद्यालय का भ्रमण कर यहां उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं व विशेष कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त करें और अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में भागीदार बनें। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि एसवीएन स्कूल निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है और विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं, इस मौके पर विद्यालय स्टाफ सहित अभिभावक उपस्थित रहे।
डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी में राज्य वन विभाग के सहयोग से किसान सहभागिता के माध्यम से विलुप्तप्राय एवं संकटग्रस्त औषधीय एवं सुगंधित पौधों (MAPs) के रणनीतिक प्राथमिकता निर्धारण” विषय पर एक इंटरएक्टिव बैठक का आयोजन किया गया। वन उत्पाद विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में वैज्ञानिकों, शोधार्थियों, वन अधिकारियों तथा प्रगतिशील किसानों ने भाग लेकर हिमाचल प्रदेश में औषधीय एवं सुगंधित पौधों के संरक्षण, खेती और सतत उपयोग पर मंथन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन बल प्रमुख एवं जाइका वानिकी परियोजना के मुख्य परियोजना निदेशक डॉ. संजय सूद ने प्रदेश में औषधीय पौधों की खेती की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने वैज्ञानिक एवं आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रजातियों पर ध्यान केंद्रित करने और हितधारकों की आवश्यकताओं के अनुरूप अनुसंधान कार्यक्रम तैयार करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने जलवायु परिवर्तन के कारण इन पौधों के प्राकृतिक आवासों पर पड़ रहे प्रभाव की ओर भी ध्यान आकर्षित किया तथा जागरूकता एवं संरक्षण में शैक्षणिक एवं अनुसंधान संस्थानों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि औषधीय खेती ग्रामीण आजीविका और अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में सहायक हो सकती है। डॉ. सूद ने यह भी आश्वासन दिया कि जाइका वानिकी परियोजना औषधीय पौधों पर शोध के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेश्वर सिंह चंदेल ने कहा कि औषधीय पौधे किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने विभागों और किसानों के बीच समन्वित सहयोग पर बल देते हुए संकटग्रस्त एवं विलुप्तप्राय प्रजातियों को प्राथमिकता देने की आवश्यकता बताई। कृषि योग्य भूमि की सीमाओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने गहन खेती, अंतराफसलीकरण तथा प्राकृतिक खेती अपनाने की वकालत की, साथ ही गुणवत्ता मानकों और आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने पर भी जोर दिया। इससे पूर्व, वानिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. सी.एल. ठाकुर ने प्रतिभागियों का स्वागत किया और पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों में औषधीय पौधों के महत्व पर प्रकाश डाला। वन उत्पाद विभाग के प्रमुख डॉ. यशपाल शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय वर्तमान में 32 औषधीय एवं सुगंधित पौधों पर कार्य कर रहा है तथा कई प्रजातियों के लिए कृषि तकनीकों और नर्सरी उत्पादन विधियों का मानकीकरण किया जा चुका है। तकनीकी सत्र में हिमालयन फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टिट्यूट, शिमला के डॉ. संदीप शर्मा ने उनके संस्थान द्वारा किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला। जाइका वानिकी परियोजना के मार्केटिंग प्रबंधक डॉ. राजेश चौहान ने परियोजना की गतिविधियों और औषधीय पौधों को बढ़ावा देने में हर्बल सेल की भूमिका के बारे में बताया। विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर डॉ. रविंदर रैना ने दुर्लभ, संकटग्रस्त और विलुप्तप्राय औषधीय पौधों पर विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इसके साथ ही, इन पौधों की खेती के भविष्य की रूपरेखा पर विचार-विमर्श हेतु एक इंटरैक्टिव सत्र भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर डॉ. संजय सूद ने वन विभाग के आईडीपी प्रोजेक्ट के सहयोग से स्थापित वन संसाधन एवं पर्यावरण उद्यमिता केंद्र का उद्घाटन भी किया। औषधीय एवं सुगंधित पौधों पर अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना के अंतर्गत किसानों को चिरायता और कलिहारी के पौध सामग्री वितरित की गई। इस दौरान पांच प्रगतिशील किसानों—पवन कुमार (चंबा), ओम प्रकाश (कांगड़ा), राजेश कुमार कंवर एवं हरदेश बत्रा (सिरमौर) तथा कृपाल सिंह (शिमला)—को औषधीय पौधों की खेती एवं प्रोत्साहन में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वैधानिक अधिकारी- डॉ. एचपी संख्यान और डॉ. दौलत राम भारद्वाज, वन संरक्षक सोलन नरेंद्र प्रकाश भरोट, जाइका वानिकी परियोजना के परियोजना निदेशक श्रेष्ठा नंद शर्मा, डीएफओ सोलन सहित वैज्ञानिक एवं वन अधिकारी और किसान उपस्थित रहे।
सोलन के देओघाट क्षेत्र में अवैध निर्माण, सड़क अवरोध और पर्यावरणीय नुकसान को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। जहां सोलन के एक प्रतिष्ठित कारोबारी द्वारा नियमों को ताक पर रखकर निर्माण कार्य को अंजाम दिया जा रहा है। निर्माण कार्य के दौरान सड़क और बिजली लाइन को भी क्षतिग्रस्त किया जा रहा है और आरोप लगाया जा रहा है कि यह मामला रेरा के अधीन आता है तथा रेरा से कोई अनुमति नहीं ली गई है। स्थानीय निवासी पीहा वर्मा ने उपायुक्त सोलन को लिखित शिकायत भेजकर तुरंत हस्तक्षेप और कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, देओघाट मुख्य बाजार से श्रम एवं रोजगार कार्यालय को जोड़ने वाली नगर निगम की सड़क, जो पिछले करीब 24 वर्षों से आम उपयोग में है, उसे अवरुद्ध और क्षतिग्रस्त किया जा रहा है। यह सड़क न केवल संबंधित आवेदक के प्लॉट्स तक पहुंच प्रदान करती है, बल्कि आसपास के कई घरों और सरकारी कार्यालयों के लिए भी महत्वपूर्ण मार्ग है। पीहा वर्मा ने बताया कि खसरा नंबर 817 में आशा देवी व अन्य द्वारा बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य शुरू किया गया है। आरोप है कि इस निर्माण के दौरान उक्त एमसी सड़क को बंद करने का प्रयास किया जा रहा है, जो कानूनी रूप से गलत है। उन्होंने भारतीय उपबंध अधिनियम, 1882 का हवाला देते हुए कहा कि इस सड़क पर उनका स्थायी एवं निर्बाध अधिकार है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि निर्माण कार्य के दौरान पेड़ों को उखाड़कर जलाया गया और सड़क पर लगी स्ट्रीट लाइट्स को भी नुकसान पहुंचाया गया है। इससे न केवल पर्यावरण को क्षति हुई है, बल्कि स्थानीय लोगों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। आवेदक ने आरोप लगाया है कि निर्माण स्थल पर करीब 50 फीट तक ऊर्ध्वाधर कटाई की गई है, जो नियमों के विरुद्ध है। नियमानुसार 3.5 मीटर से अधिक कटाई की अनुमति नहीं होती। इसके अलावा, यह कार्य पास से गुजर रही 33 केवी बिजली लाइन के लिए भी खतरा पैदा कर रहा है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि परियोजना क्षेत्र 2500 वर्गमीटर से अधिक है, जिससे यह मामला रेरा (RERA) के दायरे में आता है, लेकिन इसकी जानकारी संबंधित प्राधिकरण को नहीं दी गई है और नियमों को ताक पर रखकर निर्माण कार्य किया जा रहा है। पीड़ित पक्ष ने प्रशासन से कई मांगें रखी हैं, जिनमें प्रमुख हैं: निर्माण कार्य को तुरंत प्रभाव से रोका जाए, निर्माण स्वीकृति की जांच करवाई जाए, 33 केवी बिजली लाइन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, अवैध पेड़ कटान की जांच हो, सरकारी भूमि में की गई कटाई की जांच हो तथा उक्त सड़क को किसी भी हालत में बंद न होने दिया जाए। साथ ही, पीहा वर्मा ने स्पष्ट किया है कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो उन्हें न्यायालय का सहारा लेना पड़ेगा।


















































