कुनिहार: पौधारोपण कर मनाया गया जगदीश सिंह का 80वां जन्मदिवस
सोलन ज़िले की पट्टा बरावरी पंचायत में प्रदेश कोली समाज के राज्य कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व पेंशनर कल्याण संघ अध्यक्ष (कुनिहार इकाई) जगदीश सिंह का 80वां जन्मदिवस सादगी और सेवा भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पेंशनरों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पट्टा बरावरी-हरिपुर यूनिट और कुनिहार यूनिट के पेंशनरों की मौजूदगी में समारोह का आयोजन किया गया। जगदीश सिंह के पैतृक गांव पन्याली में, पेंशनर कार्यालय भवन से श्मशान घाट तक सड़क किनारे लगभग 50 पौधे जैसे आंवला, जरूनी, बांस और भेड़ा रोपे गए।
समारोह की शुरुआत जिला मीडिया प्रभारी डी.डी. कश्यप ने की, जिन्होंने जगदीश सिंह को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके दीर्घायु जीवन की कामना की। इसके बाद सभी पेंशनरों ने बारी-बारी से उन्हें बधाई दी।
इस अवसर पर रूपेन्द्र कौशल (सेवानिवृत्त अधिशासी अभियंता, विद्युत बोर्ड), रामनाथ कश्यप (जिला कोली समाज अध्यक्ष), जगदेव गर्ग (अध्यक्ष, पेंशनर एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन), ग्राम पंचायत प्रधान हरिश कौशल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जगदीश सिंह ने सभी पेंशनरों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया और उनके लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई। इस संबंध में जानकारी जिला मीडिया प्रभारी डी.डी. कश्यप द्वारा प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई।
