पालमपुर : विश्वविद्यालय को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बदलने के प्रयास
प्रतिमा राणा। पालमपुर
चौसकु हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय और टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड, हैदराबाद के एक प्रभाग, टीक्यू सर्विसेज ने विश्वविद्यालय में गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली को लागू करने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। कुलपति, प्रो. एचके चौधरी के अनुसार इस सहयोग की दृष्टि गुणवत्ता प्रबंधन प्रणालियों के आईएसओ प्रमाणीकरण के लिए है। इस ज्ञापन में विश्वविद्यालय प्रबंधन में लचीलापन, निरंतर विकास व छात्रों को उच्च श्रेणी की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए सहमति है। आईएसओ 9001ः2015 गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली का प्रमाणन विश्वविद्यालय में सभी शैक्षणिक गतिविधियों और सहायता सेवाओं के अनुसंधान, परामर्श और परीक्षण सेवाओं, प्रशासनिक सह-पाठ्यचर्या और पाठ्येतर गतिविधियों को शामिल करता है। कुलपति ने कहा कि आने वाले समय में उनका लक्ष्य अपने विश्वविद्यालय को देश के शीर्ष पांच कृषि विश्वविद्यालयों में लाना है।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के प्रमाणीकरण से नए गुणवत्ता नियंत्रण तंत्र की शुरूआत से संस्थान के प्रदर्शन में सुधार होगा। प्रो. चौधरी ने बताया कि हर कर्मचारी को गुणवत्ता के सिद्धांतों और आयामों में प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि छात्रों, किसानों और अन्य लोगों को विश्व स्तरीय सेवाएं प्रदान करने के लिए शिक्षण, अनुसंधान और विस्तार शिक्षा के अनिवार्य क्षेत्रों में और सुधार होगा। एमओयू पर कृषि महाविद्यालय के डीन डॉ. डीके वत्स और टीक्यूएस के सलाहकार कृष्णा चैतन्य वर्मा ने कुलपति प्रो एचके चौधरी की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर कुलसचिव संदीप सूद और सभी डीन और निदेशक उपस्थित थे।
