US कैपिटल अराजकता के दौरान तिरंगा फहराने वाले की हुई पहचान

अमेरिका में बुधवार को डोनल्ड ट्रम्प के समर्थकों द्वारा किए गए बवाल के बीच भारत का तिरंगा फहराने वाले शख्स की पहचान हो गई है। तिरंगे झंडे को भारतीय मूल के विन्सन पलथिंगल ऊर्फ विंसेंट जेवियर फहरा रहे थे। विन्सन प्रदर्शन के दौरान कैपिटल हिल के बाहर मौजूद हजारों लोगों की भीड़ में शामिल थे और डोनाल्ड ट्रंप के समर्थन में नारेबाजी कर रहे थे।
विन्सन ने पहले फेसबुक पर कैपिटल हिल के बाहर तिरंगा फहराने की तस्वीर पोस्ट की थी। विन्सन ने फेसबुक पर फोटो शेयर करते हुए लिखा था, 'ट्रंप की रैलियों में हमेशा खूब मजा आता है।' हालांकि, बाद में उन्होंने इसे डिलीट कर दिया।
विन्सन ने दावा किया कि वर्ष 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में जमकर धोखाधड़ी हुई है। राष्ट्रपति ट्रंप ने भी इसी तरह का दावा किया है लेकिन चुनाव अधिकारियों ने उनके इस दावे को सबूतों के साथ खारिज कर दिया है।
बता दें, कैपिटल हिल में हिंसा पर उतारू हजारों ट्रंप समर्थकों को काबू करने में प्रशासन के पसीने छूट गए थे। इस दौरान 5 लोगों की मौत भी हो गई। वहीं, इस घटनाक्रम एक वीडियो भारत में खासा वायरल हो रहा है जिसमें ट्रंप समर्थकों की भीड़ में भारतीय तिरंगा दिखाई दे रहा है।