केरल: धोखाधड़ी के मामले में यूट्यूबर मॉनसन मावुंकल को किया पुलिस ने गिरफ्तार

मॉनसन मावुंकल की उम्र 52 साल है। इस नाम से आप भले ही अंजान हों, लेकिन बीते करीब एक हफ्ते से यह शख्स केरल की मीडिया में खूब सुर्खियां बटोर रहा है। यह इंसान एक ठग है। धोखाधड़ी के मामले में यूट्यूबर मॉनसन मावुंकल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मावुंकल पर आरोप है कि कई रसूखदार लोगों से उसकी सांठगांठ थी। ऐसे में वह खुद को प्राचीन कलाकृतियों और अवशेषों का संग्रहकर्ता बताकर लोगों के साथ ठगी कर रहा था। उसके खिलाफ कई लोगों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मावुंकल को गिरफ्तार कर लिया था। केरल के चेरथला निवासी मॉनसन मावुंकल का दावा है कि उसके पास टीपू सुल्तान का सिंहासन, मूसा की निशानी, औरंगजेब की अंगूठी, छत्रपति शिवाजी की भगवद गीता और सेंट एंटनी के नाखून जैसी दुर्लभ वस्तुएं मौजूद हैं। उस पर आरोप है कि इसी कलेक्शन के नाम पर वह लोगों से पैसे ठगता था। पिछले कई वर्षो से खुद को प्राचीन कलाकृतियों और अवशेषों का संग्रहक बताने वाले मॉनसन मावुंकल ने लोगों को कई झूठी कहानियां सुनाई। साथ ही उसने लोगों से कहा कि उसके लाखों रुपये विदेशी बैंको में फंसे हैं। ये वो पैसा है, जो कई शाही परिवारों ने उसे कलाकृतियों के बेचे जाने पर भुगतान के रूप में दिया है। मॉनसन मावुंकल ने करीना कपूर के नाम से पोर्शे कार भी खरीदी थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। हालांकि अभी तक पुलिस को ज्यादा जानकारी हाथ नहीं लगी है।