बर्ड फ्लू : सोलन हाईवे पर मिले 300 मृत मुर्गे-मुर्गियां, हड़कंप

हिमाचल प्रदेश में कोरोना महामारी के बाद अब बर्ड फ्लू ने दस्तक दी है। इसको लेकर अब प्रदेश भर में अलर्ट जारी है। इसी बीच बुधवार को कालका-शिमला राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर चक्की मोड़ के पास 300 से ज्यादा मरे हुए मुर्गे-मुर्गियां मिले हैं। आशंका जताई जा रही है की किसी अज्ञात व्यक्ति ने इन्हे मंगलवार की देर रात यहाँ फेंका होगा। जब अगली सुबह लोगों ने इन्हे यहाँ देखा तो आस पास इलाके में हड़कंप मचा गया। इसके बाद तुरंत प्रशासन को सूचित किया गया। इन मर पक्षियों के सैंपल लेकर जांच के लिए जालंधर भेज दिए गए हैं। मरे हुए मुर्गे-मुर्गियों को गड्ढे में दबा दिया गया है। अब रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी कि इनकी मौत फ्लू से हुई है या किसी अन्य वजह से। वहीं पुलिस ने चक्की मोड़ के पास मरे हुए मुर्गे-मुर्गियां फेंकने वाले की तलाश शुरू करदी है।
बता दें, हाईवे में यह पहला मामला नहीं है कि किसी ने मरे हुए मुर्गे-मुर्गियां फेंके हों। कोरोना के शुरुआती दौर में भी चक्की मोड़ से दत्यार के बीच काफी संख्या में मरे हुए मुर्गे फेंके गए थे।
उधर, कांगड़ा के पौंग डैम में मृत प्रवासी पक्षियों की संख्या बढ़कर 3,055 हो गई है। बुधवार को भी यहाँ 300 और प्रवासी पक्षी मृत पाए गए। इन्हें गड्ढे में डालकर दबा दिया गया है। वन्यप्राणी विंग लगातार यहाँ दौरा कर रही है। वही, देहरादून से आई पक्षी विशेषज्ञों की टीम ने बुधवार को धमेटा व गुगलाडा के पास बांध क्षेत्र का दौरा किया। आज नगरोटा सूरियां में स्थिति का जायजा लिया जाएगा।