सेना के सम्मान को लेकर कांग्रेस देशभर में करेगी 'जय हिंद सभाएं'

भाजपा की 'तिरंगा यात्रा' के बाद अब कांग्रेस देश भर में 'जय हिंद सभा' आयोजित कर रही है। इस अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी 30 मई को शिमला के होटल पीटरहॉफ में सभा होने वाली है। इसमें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और अन्य कैबिनेट मंत्री व विधायक शिरकत करेंगे। यह अभियान 24 से 31 मई तक देश के 16 प्रमुख शहरों में चलेगा जिसका लक्ष्य भारतीय सेना के शौर्य, बलिदान और सम्मान को जन-जन तक पहुंचाना है।
सीएम सुक्खू के मीडिया सलाहकार नरेश चहुआन ने बताया कि इस जय हिंद सभा का मकसद सेना के प्रति सम्मान व्यक्त करना है इसी के साथ केंद्र सरकार से सुरक्षा चूक और हालिया आतंकवादी घटनाओं पर जवाबदेही मांगना भी है। इस आयोजन में केवल राजनीतिक व्यक्ति ही नहीं, बल्कि सेना के पूर्व अधिकारी, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता, सामाजिक कार्यकर्ता और युवा नेता भी शामिल होंगे।