जवाली : अपना संतुलन खो बैठी है भाजपा, अपने ही कार्यकर्ताओं का नहीं पता-अध्यक्ष

राजेश कतनौरिय। जवाली
जवाली भाजपा अपना संतुलन खो बैठी है तथा उनको कार्यकर्ताओं का ही पता नहीं चल रहा है। यह बात ब्लॉक कांग्रेस जवाली के अध्यक्ष चैन सिंह व राजीव गांधी पंचायती राज प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मनमोहन सिंह ने आज जवाली में आयोजित प्रेसवार्ता में कही। चैन सिंह व मनमोहन सिंह ने कहा कि हाल ही में भाजपा के कुछेक कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि जो लोग कांग्रेस में शामिल हुए हैं, वो भाजपा के प्राइमरी मेंबर तक नहीं हैं, लेकिन उनको इस बात का पता ही नहीं है कि उक्त ज्वाइन करने वाले लोगों की भाजपा द्वारा सदस्यता पर्ची काटी गई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा पदाधिकारियों ने कहा था कि अगर कांग्रेस में शामिल हुए लोग अपनी भाजपा की सदस्यता पर्ची दिखा देंगे, तो हम अपने पदों से इस्तीफा दे देंगे, तो अब उनको पर्ची भी दिखा दी है तथा अब बताएं कि कब अपने पदों से इस्तीफा दे रहे हैं। चैन सिंह व मनमोहन सिंह ने कहा कि भाजपा के जो लोग चौधरी चंद्र कुमार व नीरज भारती से विकास के बारे में पूछ रहे हैं, उनको पता होना चाहिए कि जिस विश्राम गृह में बैठकर वो प्रेसवार्ता कर रहे थे, वो कांग्रेस की देन है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने विकास नहीं अपितु विनाश करवाया है।
उन्होंने कहा कि विधायक अर्जुन सिंह ने चार साल तक कांग्रेस कार्यकाल में करवाए गए। विकास कार्यों का लोकार्पण किया है, जबकि अपनी कोई भी बड़ी उपलब्धि नहीं है। चैन सिंह व मनमोहन सिंह ने कहा कि नीरज भारती विकास के मुद्दे पर बहस को तैयार हैं तथा भाजपा बताए कि कहां पर बहस करनी है। उन्होंने कहा कि इस बहस में मात्र नीरज भारती व विधायक अर्जुन सिंह ही मंच पर रहेंगे, जबकि अन्य किसी भी कार्यकर्ता को मंच पर नहीं जाने दिया जाएगा। इस मौके पर कुलवंत सिंह, शिवदेव सिंह, युकां महासचिव शशि चौधरी व एडवोकेट अमित चौधरी इत्यादि मौजूद रहे।