होशियार की 'होशियारी', फिर महफ़िल लूट गए सीएम

सियासी वार भी दिखा- तकरार भी दिखी, नारे भी लगे - वादे भी हुए, अतीत को कौसा गया, तो वर्तमान की खूब जयजयकार हुई। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के शुक्रवार को देहरा पहुंचने पर सियासी पारा चढ़ना तो लाजमी था। देहरा कांग्रेस और विधायक होशियार सिंह का आमना -सामना भी लाजमी था, ठीक वैसे ही जैसे कभी भाजपा कार्यकर्ताओं और होशियार सिंह के समर्थकों का होता था। वैसे ही नारे लगे और ऐसा लगा कि सिर्फ कुछ चेहरे नए है, सियासी फिल्म वही पुरानी चल रही हो।
सीएम सुक्खू का कांगड़ा दौरा कई सियासी मायनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसी कड़ी में आज मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू देहरा विधानसभा क्षेत्र पहुंचे थे। देहरा की सियासत हमेशा उफान पर रहती है और जैसा अपेक्षित था हुआ भी बिलकुल वैसा ही , पहले सीएम के समक्ष अपने -अपने नेताओं को लेकर गुटों ने खूब नारेबाजी की फिर जैसे तैसे स्थिति सामान्य हुई तो विधायक होशियार सिंह ने सियासी बाणों की बौछार कर दी।
कभी जयराम ठाकुर के करीबी रहे होशियार सिंह ने मौके की नजाकत को समझते हुए सियासी होशियारी दिखाई और सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के गुणगान करते नहीं थके। साथ ही पूरी होशियारी से अपने भाषण के दौरान विधायक होशियार सिंह ने देहरा की कई मांगे भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। फिर ये भी कह दिया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू हमारे जीजा है और अपने साले सालियों का ध्यान ज़रूर रखेंगे। इस दौरान होशियार सिंह ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर पर भी खूब सियासी बाण छोड़े और ये जता दिया कि 2024 के लिए देहरा को नज़रअंदाज़ करना भारी पड़ सकता है।
इसके बाद बारी आई मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की। सुक्खू ने देहरा की मांगों को पूरा करने का आश्वासन तो दिया ही, अपने अलग अंदाज़ में 2024 के लिए देहरा की जनता को विशेष संदेश भी। सीएम सुक्खू ने कहा कि सालों से कहा जाता है कि 'देहरा कोई नहीं तेरा' लेकिन अब 'देहरा मेरा है'। सीएम ने कहा कि अब देहरा का हर काम होगा। जिस देहरा के लिए कहा जाता था 'कोई नहीं तेरा' उसको सीएम अपना बोल महफ़िल लूट गए।