शिमला : कांग्रेस ने हमेशा ही महिला शसक्तीकरण को दिया बढ़वा- प्रतिभा सिंह

फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला
सासंद प्रतिभा सिंह ने महिलाओं से एकजुट होकर अपने अधिकारों के प्रति सजग होने का आह्वान करते हुए कहा है कि आज देश व समाज के विकास में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि आज महिला हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिला कर खड़ी हैं। उन्होंने कहा कि जिसने भी महिलाओं को कमजोर समझने की भूल की है, उसे हमेशा ही मुंह की खानी पड़ी है। आज शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बनूटी में विधायक विक्रमादित्य सिंह की अध्यक्षता में आयोजित महिला शसक्तीकरण सम्मेलन में मुख्यातिथि शिरकत करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही महिला शसक्तीकरण को बढ़वा दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता पूर्व प्रधानमंत्री स्व.राजीव गांधी ने ग्राम पंचायतों में महिलाओं को पचास प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया था।उन्होंने कहा कि आज महिला घर की चार दिवारी से बाहर निकल कर देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
प्रतिभा सिंह ने सम्मेलन में उपस्थित भारी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति पर खुशी प्रकट करते हुए कहा कि विधायक विक्रमादित्य सिंह इस क्षेत्र के विकास के प्रति पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने कहा कि स्व.वीरभद्र सिंह के सपने विकास के कार्यों को पूरा करने के लिये वह स्वम् और विक्रमादित्य सिंह तन-मन-धन से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भले ही आज वीरभद्र सिंह अब उनके बीच नहीं है, पर उनके आदर्श और उनका आशीर्वाद हमेशा उनके साथ रहेगा। उन्होंने विक्रमादित्य सिंह को भारी जन समर्थन देने के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भले ही विक्रमादित्य उनका सपुत्र है, पर अब उन्होंने उन्हें जनता की झोली में जनसेवा के लिए डाल दिया है। इससे पूर्व कांग्रेस की वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री विधायक आशा कुमारी ने विशेष अतिथि शिरकत करते हुए कहा कि भाजपा का महिला विरोधी चेहरा अब सब के सामने आ चुका है। उन्होंने कहा कि आज जिस प्रकार से महंगाई बढ़ रही है, उससे महिलाओं को घर चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में जब गैस सिलेंडर 350 रुपए का मिलता था, तो यही भाजपा जो आज सत्ता में बेठी है। इसके लिए बड़े-बड़े मगरमच्छी आंसू बहाते थे। आज यही सिलेंडर एक हजार से ऊपर चला गया है। आशा कुमारी ने कहा कि महंगाई व बेरोजगारी दोनों ही भाजपा की देन है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में 14 प्रतिशत से ऊपर बेरोजगारी बढ़ गई है, जबकि कांग्रेस के समय में कभी भी यह आंकड़ा 4 या 5 प्रतिशत से ऊपर नहीं गया। उन्होंने प्रदेश में जयराम सरकार को पूरी तरह विफल करार देते हुए कहा कि यह मुख्यमंत्री बहुत ही कमजोर साबित हुए हैं।
आशा कुमारी ने आज बनूटी में आयोजित महिला सशक्तिकरण में महिलाओं की भारी संख्या पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि आज साबित हो गया है कि महिलाएं एकजुट और शसक्त होती जा रही है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति विजय का प्रतीक है, जो न तो कभी कमजोर हो सकती है और न ही मजबूर। उन्होंने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र की सासंद प्रतिभा सिंह को चुनावों के दौरान उन्होंने उन्हें कमजोर और मजबूर बताने की जो कुचेष्टा की थी, तो उन्होंने चुनाव जीत कर उन्हें और अन्य भाजपा नेताओं को बता दिया कि वह कितनी मजबूत है। उन्होंने इसके लिए मंडी संसदीय क्षेत्र के लोगों और प्रदेश के लोगों का आभार प्रकट किया जिन्होंने उन्हें भारी जन समर्थन दिया। आशा कुमारी ने विक्रमादित्य सिंह की सराहना करते हुए कहा कि भले ही विक्रमादित्य सिंह उम्र में छोटे और पहली बार विधानसभा में आए हैं, पर वह जिस प्रकार से लोगों की समस्याओं और जनहित से जुड़े मसलों को उठाते हैं, उससे उनका परिपक्व झलकता है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह के बाद अब विक्रमादित्य सिंह प्रदेश का भविष्य है।
इस दौरान विक्रमादित्य सिंह ने अपने संबाेधन में लोगों का उन्हें भारी समर्थन देने का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका प्रयास ग्रामीण क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने का रहा है। उन्होंने कहा कि महिला शक्ति को आगे बढ़ाने और उनकी समस्याओं को दूर करने का भी रहा है। उन्होंने कहा कि आज का यह कार्यक्रम महिलाओं के सम्मान में महिला शसक्तीकरण के उद्देश्य से ही रखा गया है। उन्होंने कहा कि शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र अब उनका घर है और यहां की समस्याओं को दूर करना उनका मुख्य कार्य है। विक्रमादित्य सिंह ने महिलाओं के जन समर्थन पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह क्षेत्र में किसी भी दलगत राजनीति से ऊपर उठ कर समान विकास कार्यों को अंजाम दे रहें है। उन्होंने कहा कि आज यह कार्यक्रम भी कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है। इस कार्यक्रम में टुटू ब्लॉक के सभी उन महिला मंडलों को आमंत्रित किया गया है, जो किसी भी दल से संबंध रखते हो। इस अवसर पर उपस्थित 100 महिला मंडलों को उनके महिला मंडलों की जरूरत के लिए 23-23 हजार के स्वीकृति प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की।
इस दौरान प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल, ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल शर्मा, पूर्व विधायक चिरन्जी लाल कश्यप, जिला परिषद उपाध्यक्ष सुरेंद्र रेटका, सदस्य प्रभा वर्मा, संतोष शर्मा, निर्मला वर्मा, लता वर्मा, प्रधान बनूटी दवेंद्र ठाकुर, प्रदीप शर्मा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा, प्रदीप वर्मा, ऊषा ठाकुर, विनीता वर्मा, सुनीता शर्मा, लता वर्मा के अतिरिक्त कई अन्य पार्टी पदाधिकारी, विभिन्न पंचायतों के प्रधान व उपप्रधान, बीडीसी सदस्यों के अतिरिक्त सैकड़ाें की संख्या में महिला मंडलों की सदस्य मौजूद थीं।