केलांग में ICMR रिसर्च सेंटर की नींव, नड्डा ने किया शिलान्यास
लाहौल-स्पीति के केलांग में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने ICMR सेंटर फॉर हाई एल्टीट्यूड मेडिसिन एंड पब्लिक हेल्थ रिसर्च (ICMR-CHAMP) का शिलान्यास किया। यह ICMR का उच्च हिमालयी चिकित्सा और जनस्वास्थ्य अनुसंधान पर केंद्रित पहला समर्पित केंद्र होगा।
इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य हिमालयी और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों पर वैज्ञानिक शोध करना है। यहां हाई एल्टीट्यूड फिजियोलॉजी, पर्वतीय चिकित्सा, जलवायु से जुड़ी बीमारियों, संक्रामक रोग, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य और आपदा चिकित्सा जैसे विषयों पर अध्ययन किया जाएगा।
केंद्र से दुर्गम इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए टेलीमेडिसिन, डिजिटल हेल्थ प्लेटफॉर्म, ड्रोन के जरिए दवाओं और स्वास्थ्य सामग्री की पहुंच तथा रियल-टाइम हेल्थ सर्विलांस जैसी तकनीकों पर भी काम किया जाएगा।
इसका फायदा स्थानीय लोगों के साथ-साथ ऊंचाई वाले और सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात सेना के जवानों को भी मिलने की उम्मीद है। केंद्र में ऊंचाई पर शरीर में होने वाले बदलाव, अनुकूलन और हाई एल्टीट्यूड सिकनेस जैसी समस्याओं पर शोध किया जाएगा। इसके लिए सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं और अन्य राष्ट्रीय संस्थानों के साथ मिलकर काम किया जाएगा।
केलांग में इस केंद्र की स्थापना से हिमाचल के जनजातीय और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य अनुसंधान, आपदा प्रबंधन और जलवायु-अनुकूल स्वास्थ्य व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
