'हर्ष' के लिए 'हर्ष' का विषय ...भाजपा कोर ग्रुप सदस्य मनोनीत

कभी वीरभद्र सिंह के हनुमान कहे जाने वाले हर्ष महाजन को अब हिमाचल भाजपा ने कोर ग्रुप का सदस्य मनोनीत किया हैं। विधानसभा चुनाव से पहले हर्ष महाजन भाजपाई हो गए थे। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की मंजूरी के बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल ने हर्ष महाजन की नियुक्ति को लेकर आदेश जारी कर दिए हैं। हर्ष महाजन की इस तैनाती को पूरा चंबा जिला साधने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
वहीँ चर्चा यह भी है कि कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से भाजपा हर्ष महाजन को लोकसभा प्रत्याशी भी बना सकती है। चंबा जिला के चार निर्वाचन क्षेत्र भी कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आते है। ऐसे में ये देखना रोचक होगा कि क्या भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव में महाजन पर दांव खेलती है।
बता दें कि हर्ष महाजन पिछले वर्ष हुए विधानसभा चुनाव से कुछ समय पहले तक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वर्किंग प्रेसिडेंट थे। पहले चुनाव से ठीक पहले उन्होंने सबको चौंकाते हुए भाजपा का दामन थाम लिया था। हालांकि भाजपा की सत्ता स्व विदाई हो गई और हर्ष महाजन भी कमोबेश दरकिनार से ही दिखे, अब उन्हें भाजपा कोर ग्रुप का सदस्य बनाया गया हैं। यानी अब भाजपा के अहम निर्णय लेने में उनकी भूमिका भी अहम होने वाली है।