विकास को रिवर्स गियर में ले जाना कांग्रेस की आदत: अनुराग ठाकुर
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश से भाजपा की सरकार जाने के बाद यहां सारे विकास कार्य ठप पड़े हैं। भाजपा जो विकास कार्य शुरू कर गई थी, कांग्रेस ने उसे भी रुकवाने का काम किया है। राज्य हो या देश कांग्रेस सदैव विकास की गाड़ी को रिवर्स गियर में ले जाती है। वहीं मोदी 3.0 में देश विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति हेतु टॉप गियर में यात्रा करने को तैयार है।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने यह बातें आज हमीरपुर और धर्मपुर में चुनावी कार्यक्रमों के दौरान कहीं।अनुराग ठाकुर ने आज सर्वप्रथम भोरंज विधानसभा में जनसभा को संबोधित किया इसके बाद धर्मपुर विधानसभा और नादौन मंडल में उन्होंने पन्ना प्रमुख सम्मेलनों में भी भाग लिया।
अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के विकास की बात करते हुए कहा कि भाजपा सदा ही विकास की बात और राजनीति करती है जबकि कांग्रेस विकास को रिवर्स गियर में जाना कांग्रेस की आदत बन चुकी है। पहले हिमाचल प्रदेश में एक भी ढंग की रेलवे लाइन नहीं थी। हमने ऊना दौलतपुर चौक वाली रेल लाइन पूरी करवा दी। देश की चौथी वंदे भारत ट्रेन ऊना से चली जो मात्र साढ़े चार घंटे में दिल्ली पहुंचा देती है। इसके अलावा आज ऊना से हरिद्वार, खाटू श्याम, कोलकाता, नांदेड साहब, वृंदावन, मथुरा, ओंकारेश्वर, ग्वालियर, आगरा, इंदौर और महाकाल लोक तक की सीधी ट्रेनें हैं। लगभग 1800 करोड़ का एम्स अस्पताल बना दिया, 500 करोड़ का पीजीआई बना रहे हैं, सेंट्रल यूनिवर्सिटी, ट्रिपल आईटी, एनआईडी, हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज सब खुलवा दिया।
उन्होंने कहा कि धर्मपुर विधानसभा में तो दो केंद्रीय विद्यालय हैं। आज हमीरपुर मंडी की सड़क ₹1200 करोड की लागत से बन रही है। यह सब भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में ही संभव हो पाया है।"
अनुराग ठाकुर ने आगे कहा कि कांग्रेस जब भी सत्ता में आती है तो अपना वोट बैंक साधने के लिए तुष्टिकरण की राजनीति करती है। सिर्फ एक समुदाय विशेष को बढ़ावा देने की कोशिश करती है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी सबका साथ और सबका विकास के मूल मंत्र के साथ कार्य करती है। अगर पिछले 10 वर्षों में 25 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। उसमे हिंदू, मुस्लिम, सिख, इसाई सभी लोग हैं। इससे पता चलता है कि हमने कभी कोई भेदभाव नहीं किया। हिमाचल के अंब में जब हम रेलवे लाइन बनवा रहे थे तब उसके बगल में एक मस्जिद पड़ गई थी तब हमने लाखों रुपए अलग से खर्च कर वहां पुल बनवाया। कांग्रेस देश को क्षेत्रवाद, भाषा और जाति के नाम पर बांटना चाहती है परंतु मोदी जी एक भारत और श्रेष्ठ भारत के निर्माण के लिए कार्यरत हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस विकास विरोधी राजनीति करती है परंतु भारतीय जनता पार्टी विकास युक्त राजनीति करती है। यह लोग परिवारवाद और क्षेत्रवाद लेकर आते हैं और हम राष्ट्रवाद को आगे बढ़ाते हैं। यह लोग सेना को पत्थर खाने के लिए छोड़ देते हैं। हम सेना को सशक्त बनाकर उसका आधुनिकीकरण करते हैं। कांग्रेस ने तो अपने 10 वर्षों में सेना को एक भी बुलेट प्रूफ जैकेट तक नहीं दिया, मोदी सरकार ने दिया। हमने वन रैंक, वन पेंशन चालू की। आज सेना के पास राफेल से लेकर सभी अत्यधिक हथियार हैं जिससे वह दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। हमने सिर्फ बॉर्डर पर 68 सौ किलोमीटर से ज्यादा सड़के बनाई हैं। आज तेजस जैसा लड़ाकू विमान और आईएनएस विक्रांत जैसा युद्धपोत देश स्वयं बना रहा है। हमने मात्र पिछले साल 1 लाख करोड़ से ज्यादा के रक्षा उत्पादन किए हैं।"