पोषण अभियान जागरूकता रैली को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना
राजेश्वर गोयल ने कहा कि राष्ट्रीय पोषण अभियान की सफलता के लिए समाज के सभी वर्गों का सहयोग अनिवार्य है। यह बात उपायुक्त ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सौजन्य से राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर में पोषण अभियान के अन्तर्गत आयोजित ज़िला स्तरीय वर्कशाप/शिविर में सम्बोधित करते हुए कही। इससे पूर्व उन्होने उपायुक्त कार्यालय परिसर से पोषण अभियान जागरूकता रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि आमजन को पोषण के बारे में अवगत करवाने के उद्देश्य से सितम्बर माह को पोषण माह के रूप में मनाया गया। उन्होंने कहा कि कुपोषण के अभिशाप को पूर्ण रूप से समाप्त करने के लिए इस वर्ष पोषण माह को ‘हर घर पोषण व्यवहार’ के रूप में आयोजित किया गया तथा बिलासपुर के सभी लोगों को पोषण के महत्व से अवगत करवाकर जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि पोषण माह के तहत ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता और पोषण दिवस आयोजित किए गए। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा 6 वर्ष तक के बच्चों व 11 से 18 वर्ष तक की किशोरियों का स्वास्थ्य संबंधी विशलेषण किया गया तथा उन्हें पोषण की उचित जानकारी प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगभग 2 सौ किशोरियों का एचबी. टैस्ट भी गया। डॉ. प्रवीण शर्मा तथा महाविद्यालय के विद्यार्थी गौरव शर्मा, वंदना, अतुल व दिशा ने कुपोषण को दूर रखने के लिए अपने बहुमूल्य विचार रखे। इस अवसर पर काॅलेज प्रधानाचार्य रामकृष्ण, ज़िला आयुर्वेदिक अधिकारी जयगोपाल शर्मा, सीडीपीओ. नीलम टाडू, नरेन्द्र कुमार के अतिरिक्त काॅलेज स्टाफ व विद्यार्थी उपस्थित रहे।
