जसवां परागपुर : साईं गोकुलम् बनूड़ी में गौ पूजन कार्यक्रम का आयोजन
विनायक ठाकुर/जसवां परागपुर
रैल पंचायत के अन्तर्गत साईं गोकुलम् बनूड़ी की गौशाला में रविवार को गोपूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में खण्ड विकास अधिकारी प्रागपुर कंवर सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने सहपरिवार गोशाला में गौपूजन किया तथा सरकार द्वारा किए जा रहे विविध विकासात्मक कार्यों का निरीक्षण भी किया। सरकार के द्वारा गौ रक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में भी अवगत करवाया और भविष्य में किए जाने वाले सुधारात्मक कार्यों के लिए हर संभव प्रयास करने का भरोसा दिया। गौशाला में निरीक्षण के दौरान उन्होंने गऊओं के स्वास्थ्य को लेकर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया। लक्ष्मीनारायण गौरक्षा सेवा समिति बनूड़ी की ओर से उनका विशेष आभार प्रकट किया गया। इस अवसर पर समिति के महासचिव अनिल वर्मा जी, उपाध्यक्ष अजय ठाकुर, उपाध्यक्ष डा. अमनदीप शर्मा, सह सचिव रोशन लाल, पंचायत उपप्रधान रमेश कुमार, पंचायत सचिव पवन किशोर, अनुराग सूद, जसबीर सिंह उपस्थित रहे।
