आयुष्मान भारत योजना के तहत बनाए गए 43 हजार 560 गोल्डन कार्ड
आयुष्मान पखवाड़े के उपलक्ष्य पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. प्रकाश दडोच ने आयुष्मान भारत योजना के बारे में लोगों को जागरूक करने के किए जाने वाले प्रबन्धों के बारे में समस्त खंड चिकित्सा अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें पखवाडे के दौरान किए जाने वाले आवश्यक कार्याें का मसौदा तैयार किया गया। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत जिला में अभी तक 43 हजार 560 लोगों ने अपने गोल्डन कार्ड बनवा लिए है, और लगभग 400 लाभार्थियों ने निशुल्क इलाज की सुविधा प्राप्त की है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत कार्ड धारकों के परिवारों का 5 लाख का बीमा किया जाता है। जिन परिवारों ने वर्ष 2014 में राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के स्मार्ट कार्ड बनवाये थे, या जिन परिवारों का चयन सामाजिक आर्थिक जाति जनगणना 2011 के अंतर्गत हुआ था वो आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए पात्र है। उन्होंने बताया कि इन कार्डों को बनवाने की कोई अंतिम तिथि निर्धारित नहीं की गई है, फिर भी लोगों से आग्रह किया जाता है की जल्दी से जल्दी कार्ड बनवाकर इस योजना का लाभ उठाएं।
