पालमपुर : शिक्षा पर व्यय हो रहे 8412 करोड़ : परमार
प्रतिमा राणा। पालमपुर
विधानसभा अध्यक्ष, विपिन सिंह परमार ने गुरुवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भवारना में करोड़ों की योजनाओं को छात्रों को समर्पित किया। उन्होंने एक करोड़ 70 लाख की लागत से बने विज्ञान भवन, विद्यालय के दो परिसरों को जोड़ने वाले 75 लाख से बने ओवरहेड फुट ब्रिज और 5 लाख से बने मंच को छात्रों को समर्पित किया। उन्होंने भवारना के लोगों और छात्रों को इन योजनाओं की बधाई दी। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा में गुणवत्ता और दूर-दराज के क्षेत्रों में भी बेहतर तथा उच्च शिक्षा की उपलब्धता को सुनिश्चित बनाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा के विस्तार एवम गुणात्मक शिक्षा के लिये 8 हजार 412 करोड़ का प्रावधान बजट में किया गया है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति 2020 को लागू करने वाला हिमाचल देश का पहला राज्य बना है। उन्होंने कहा कि नईं शिक्षा नीति को रोजगार मुखी बनाया गया है, जिसमें बच्चों की प्रतिभा और कौशल के अनुरूप शिक्षा उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में भी अभूतपूर्व कार्य किया गया है। स्कूलों के पुराने भवनों के स्थान पर नये भवनों का निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा कि सुलाह निर्वाचन क्षेत्र में बच्चों को बेहतर और घरद्वार शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए भी अभूतपूर्व कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि चंगर क्षेत्र के रझूं में आईटीआई, बल्लाह परौर में पॉलीटेक्निक कॉलेज, अक्षैणा में फार्मेसी कॉलेज, गढ़ आईटीआई को मॉर्डन आईटीआई बनाया गया है। उन्होंने कहा कि थुरल कॉलेज में साइंस की कक्षाएं आरंभ की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भवारना संपूर्ण विद्यालय के रूप में उभर कर आदर्श स्कूल के रूप में पहचान बनाई है। उन्होंने इस अवसर पर विद्यालय के मेधावियों को भी पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय मैदान को फ्लड लाइट्स के लिए 4 लाख, विद्यालय प्रांगण के लिए 4 लाख, शौचालय निर्माण के लिए साढ़े पांच लाख, और बास्केट बॉल के लिए 5 लाख और मंच निर्माण के लिये 5 लाख रुपए उपलब्ध करवाए गए हैं। उन्होंने बास्केट बॉल मैदान के शेष कार्य के लिए धनराशि, सांस्कृतिक कार्यक्रम को बढ़ावा देने के लिए 11 हजार देने की घोषणा की।
उन्होंने इसी विद्यालय में तैनात अध्यापक अजय मनकोटिया के स्वर्गवास के बाद उनके परिजनों द्वारा उनकी स्मृति में बनाए गए गेट निर्माण के लिए आभार प्रकट किया। इससे पहले विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय गुलेरिया ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और विद्यालय के लिए करोड़ों की योजनाओं के लिये आभार प्रकट किया। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष देश राज शर्मा, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य तनु भारती, भवारना पंचायत की प्रधान बंदना अवस्थी, बड़ग्वार पंचायत की प्रधान सोनिया बंटा, उपप्रधान शिवालिक नरयाल, जिला परिषद रजनी देवी, बीडीसी अध्यक्ष अनिता चौधरी, अंकुर कटोच, समिति सदस्य सोनी गुप्ता, समिति सदस्य मोहिंदर चौधरी, बीडीसी संतोष कुमारी, प्रधान रमेहड़ मोहिंदर राणा, उपप्रधान सुरजीत कुमार, रागिनी रुकवाल, सुनील कुमार, एसएमसी के अध्यक्ष प्यार चन्द, डरोह स्कूल के प्रधानाचार्य विजय शर्मा, अधिशाषी अभियंता मुनीष सहगल और अनिल पुरी, एसडीओ डीएस परमार, एसडीओ आनंद कटोच और प्रवीण कुमार सहित गणमान्य लोग, छात्र, अध्यापक, अभिभावक और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
