देहरा: आम आदमी पार्टी नहीं चढ़ पाएगी हिमाचल के पहाड़-बिक्रम सिंह ठाकुर
विनायक ठाकुर।देहरा
उद्योग एवम परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि आम आदमी पार्टी का कोई राजनीतिक भविष्य नहीं है। यह दुष्प्रचार करती है। बिक्रम सिंह ठाकुर ने आप पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि वे पहाड़ नहीं चढ़ पाएंगे। हिमाचल के बारे में राजनीतिक दूरदृष्टि के अभाव के कारण हाल ही में आप पार्टी की राज्य इकाई को भंग किया गया था और अब नई कार्यकारिणी बनाई गई। पंजाब का राजनीतिक परिदृश्य हिमाचल से अलग है और लोग आप पार्टी के झूठे वायदों में नहीं आएंगे। परिवहन बिक्रम ठाकुर ने आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल व पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा शिक्षा पर उठाए जा रहे सवालों पर कड़ी टिप्पणी व्यक्त करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता केजरीवाल बताएं कि उनकी कौन सी सर्वे एजेंसी है, जिस ने कहा है कि हिमाचल में शिक्षा का बुरा हाल है। उन्होंने कहा कि देशभर में शिक्षा का सर्वे होता है। उसमें केरल और हिमाचल अवल रहते हैं और आज भी यही स्थिति है।
दिल्ली जिस प्रदेश में आप की सरकार है, वहां भी शिक्षा की हालत क्या है? सबको पता है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी केवल भ्रम फैलाने का काम करती है और केवल सत्ता के लिए झूठ बोलने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को सलाह है कि वह पंजाब को संभाले नहीं तो पंजाब में चिंगारियां उठेंगी और यह प्रदेश के लिए सही नहीं होगा। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस जिम्मेदारी के साथ आम आदमी पार्टी को पंजाब में सत्ता दी है। उन्हें काम करना चाहिए लेकिन पंजाब आग उगल रहा है, जो प्रदेश व प्रदेश के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता समझदार है, यहां झूठ चलने वाला नहीं है।
