कांगड़ा : पंजाब में आम आदमी पार्टी का "झाड़ू" बना "वैक्यूम क्लीनर"
जनादेश ने "काम की राजनीति के साथ शिक्षा की राजनीति" पर लगाई मोहर : कल्याण भंडारी
मनोज कुमार। कांगड़ा
पंजाब में आम आदमी पार्टी ने देश की सबसे पुरानी पार्टियों, कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल समेत दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी, भाजपा के अरमानों पर झाड़ू चला कर प्रचंड बहुमत हासिल कर अपने सियासी पराक्रमी इरादे जाहिर कर दिए हैं और आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर मोदी के सामने चुनौती पेश करने की बिसात बिछा दी है। पंजाब में चुनावी दंगल में उतरी विरोधी पार्टियों के सभी बड़े नेताओं ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर ताबड़तोड़ सियासी हमले किए। बावजूद इसके पंजाब की समझदार जनता ने खुले दिल से वोटिंग मशीन में पार्टी के प्रति अपनी मोहबत जाहिर कर काम की राजनीति के साथ शिक्षा की राजनीति पर मोहर लगाई। प्रैस के नाम जारी विज्ञप्ति में आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता कल्याण भण्डारी ने कहा कि दस वर्ष की राजनीतिक यात्रा पूरी कर रही पार्टी ने दिल्ली के बाहर न केवल पंजाब में बल्कि उत्तराखंड व गोवा में भी लाज़वाब प्रर्दशन किया है।
इसके अलावा महाराष्ट्र, चंडीगढ़, गुजरात और असम म्युनिसिपैलिटी चुनावों में पार्टी अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कर चुकी है। उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनावों के बाद विधानसभा चुनावों में पार्टी की सक्रिय भूमिका उल्लेखनीय है। भंडारी ने भरोसा जताया कि जिस तरह पंजाब में आम आदमी पार्टी के गवर्नेंस व चुनावी नतीजों के दिल्ली मॉडल के दो रूपों की झलक दिखी है ठीक वैसे ही हिमाचल में आम आदमी पार्टी अपना जलवा आने वाले विधानसभा चुनावों में दिखाएगी। "आप" के झाड़ू ने पंजाब में वैक्यूम क्लीनर का काम किया है।
