सोलन में चिट्टा तस्करी के मामलों में संलिप्त फरार आरोपी गिरफ्तार
जिला सोलन के तहत पुलिस थाना धर्मपुर की टीम ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए चिट्टा/हेरोइन तस्करी से जुड़े मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जो वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं। जांच के दौरान इन आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वारदात के समय उनके साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था, जो पुलिस को देखकर वाहन रुकते ही मौके से फरार हो गया था।
बाद में फरार आरोपी की पहचान सचिन ठाकुर (31), पुत्र इंदर सिंह ठाकुर, निवासी गांव शिल्ली, डाकघर दामकड़ी, तहसील व जिला सोलन के रूप में हुई। पुलिस थाना धरमपुर की टीम द्वारा उसकी लगातार तलाश की जा रही थी। तलाशी अभियान के दौरान आज 18 मार्च 2026 को पुलिस ने आरोपी सचिन ठाकुर को सोलन शहर से गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह पहले भी नशा तस्करी के मामलों में संलिप्त रहा है। पुलिस थाना सदर सोलन में उसके खिलाफ चिट्टा/हेरोइन तस्करी के दो मामले पहले से दर्ज हैं। इसके अलावा, उसे हिमाचल प्रदेश सरकार के आदेशानुसार 10 जून 2025 को PIT NDPS Act, 1988 की धारा 3(1) के तहत आदतन अपराधी मानते हुए तीन महीने के लिए जेल भेजा गया था। जेल से रिहा होने के बाद भी आरोपी ने फिर से नशा तस्करी में संलिप्तता जारी रखी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को 19 मार्च 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
