हिमाचल के 8.01 लाख किसानों के खातों में पीएम किसान सम्मान निधि की 160.21 करोड़ रुपये की किस्त हुई जारी

हिमाचल प्रदेश के 801045 किसानों के खाते में 160.21 करोड़ रुपए आए हैं। केंद्र सरकार ने वर्षा और बाढ़ प्रभावित राज्य हिमाचल प्रदेश के किसानों के लिए पी.एम.-किसान योजना की 21वीं किस्त जारी की है। शुक्रवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रैंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पी.एम.-किसान) योजना की 21वीं किस्त जारी करने की घोषणा की। यह किस्त विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड के उन किसानों के लिए प्राथमिकता के आधार पर है, जो हाल ही में आई बाढ़ और भूस्खलन से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। हिमाचल के कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार, सचिव कृषि सी. पाल रासू तथा अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
हिमाचल सहित पंजाब व उत्तराखंड ने हाल ही में भीषण बाढ़, भूस्खलन और फसल की व्यापक क्षति का सामना किया है, जिससे किसान परिवारों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ा है। तीनों राज्यों के लगभग 2.7 लाख महिला किसानों सहित 27 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में कुल 540 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सीधे अंतरित की गई है। इस सहायता का उद्देश्य हाल की आपदाओं से उबरने के लिए किसानों को समय पर राहत प्रदान करना है। वीडियो कॉन्फ्रैंस के दौरान एक लघु वृत्तचित्र भी दिखाया गया, जिसमें बाढ़ प्रभावित तीन राज्यों के किसानों की कठिनाइयों और इस मुश्किल घड़ी में सरकार द्वारा उनकी सहायता के लिए उठाए जा रहे कदमों को दर्शाया गया है।