कांगड़ा : एचआरटीसी पेंशनर कल्याण संगठन की मांगों बारे सरकार को करवाया अवगत
अध्यक्ष कृष्ण चंद चौहान की अध्यक्षता में संपन्न हुई बैठक
मनोज कुमार। कांगड़ा
एचआरटीसी पेंशनर कल्याण संगठन की राज्य स्तरीय बैठक मटौर में संगठन के अध्यक्ष कृष्ण चंद चौहान की अध्यक्षता में हुई। इसमें प्रदेशभर से आए 500 पेंशनरों ने भाग लिया और लंबी चर्चा के पश्चात सर्व समिति से विभिन्न प्रस्ताव पारित किए गए। संगठन के अध्यक्ष कृष्ण चंद चौहान ने बताया कि बैठक में विभिन्न प्रस्ताव पारित किए गए। वहीं, कल्याण संगठन द्वारा एचआरटीसी की पेंशन संबंधित अधिकतर मांगों को सुलझाने के लिए मुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री, परिवहन विभाग के अधिकारियों का धन्यवाद व आभार प्रकट किया, जिन्होंने विभिन्न मुद्दों पर बनी सहमति के अनुरूप निर्णयों व बाकी बची समस्याओं को सुलझाने में सहानुभूति विचार-विमर्श किया, ताकि भविष्य में सौहार्दपूर्ण माहौल बना रहे।
वहीं, छठा पे कमिशन के अनुरूप संबोधित पेंशन का भुगतान अगस्त से सुनिश्चित करने हेतु पेंशन फिक्सेशन का कार्य अति शीघ्र शुरू किया जाए। इसके साथ ही पेंशन पेंशनरों को भी सरकारी पेंशनरों के अनुरूप समय पर पेंशन व पेंशन लाभ बिना भेदभाव के मिलते रहे। बैठक में एचआरटीसी पेंशनरों पर हुई पुलिस एफआईआर वापस लेने की भी सरकार से मांग की है। उन्होंने बताया कि पेंशनर कल्याण संगठन द्वारा पेंशनरों को 75 वर्ष के पश्चात 15 प्रतिशत पेंशन बढ़ोतरी सरकारी पेंशनरों के अनुरूप बराबर दी जाने की भी मांग बैठक में की गई। सरकार से अनुरोध किया है कि इस प्रावधान को अति शीघ्र लागू किया जाए। सरकार व प्रबंधन से हर तरह की वार्ता के लिए एचआरटीसी पेंशन कल्याण संगठन वचनबद्ध है आशा है कि सरकार व प्रबंधन भी बातचीत के माध्यम व बिना भेदभाव से सभी मामले सुलझाने पर बल देगी।
