बैजनाथ राज्य स्तरीय शिवरात्रि महोत्सव का हुआ समापन
नरेंद्र कुमार। बैजनाथ
पांच दिवसीय राज्य स्तरीय शिवरात्रि महोत्सव के समापन समारोह में मुख्यातिथि के रूप में सांसद इंदु गोस्वामी ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता बैजनाथ के विधायक मुल्ख राज प्रेमी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। सांसद इंदु गोस्वामी ने कहा कि कोविड के बाद महाशिवरात्रि उत्सव के आयोजन को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखने मिला। उन्होंने कहा कि मेले और उत्सव केवल मनोरंजन के साधन नहीं होते, बल्कि इनसे हमारे रीति रिवाजों और संस्कृति को सहेजने और संजोय रखने को बल मिलता है। उन्होंने कहा कि उत्सव में विभिन्न कलाओं का समावेश हैं, जहां हमें अलग-अलग संस्कृति को देखने और समझने अवसर मिलता है। उन्होंने कहा देव भूमि हिमाचल की अपनी समृद्ध संस्कृति और इतिहास है।
बोलचाल, रीतिरिवाज और लोकनृत्य, भाषा अलग-अलग होने के बावजूद हमे एक सूत्र में पिरोये रखता है। मेले भाई चारे, मिलने जुलने का माध्यम हैं, जो हमे खुशी और उमंग देते हैं। सांसद ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने जनकल्याण की दर्जनों योजनाएं आरंभ की हैं, जिसका सीधा लाभ आम आदमी को प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने लोगों को आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता को सुनिश्चित बनाया गया है। उन्होंने इस अवसर पर खीर गंगा घाट के लिए 5 लाख, स्टेडियम के लिये 5 लाख, मझेरना सड़क को 5 लाख तथा सैनिक रेस्ट हाउस को 5 लाख देने की घोषणा की।
उन्होंने कांगड़ा झमाकड़ा को 21 हजार तथा गद्दी नाटी को 11 हजार रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने प्रेस क्लब के रेनोवेशन कार्य के भी धन राशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने इस अवसर पर कैलेंडर का विमोचन भी किया। इस अवसर पर बैजनाथ के विधयाक मुल्ख राज प्रेमी ने राज्य सभा सांसद का स्वागत किया और उपस्थित लोगों को शिवरात्रि उत्सव तथा मेले के सफल आयाेजन की बधाई दी है।
