बैजनाथ: उतराला-होली मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, चार की मौ**त एक घाय**ल
उतराला-होली मार्ग पर सोकडू के पास बीती देर रात एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक बीती रात उतराला-होली मार्ग पर 5 युवक कार में सवार होकर जा रहे थे, जैसे ही यह लोग सोकडू के पास पहुंचे तो इनकी कार अनियंत्रित होकर नीचे खाई में लुढ़क गई। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग व पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य में जुटे।
इस हादसे में पपरोला के 35 वर्षीय शिवांक सूद व 28 वर्षीय अरुण मेहरा के अलावा फटाहर के 27 वर्षीय रोहित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल 24 वर्षीय सुमित ने आयुर्वेदिक अस्पताल पपरोला में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसके अलावा गंभीर रूप से घायल 27 वर्षीय रमन को बैजनाथ अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। इस दुर्घटना की पुष्टि करते हुए डीएसपी संदीप शर्मा ने बताया की सभी शवों का पोस्टमार्टम बैजनाथ अस्पताल में करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है।
