ज्वालामुखी : बीडीओ कार्यालय न खोला गया, ताे जनता प्रशस्त करेगी संघर्ष का मार्ग-प्रताप सिंह राणा
विनायक ठाकुर। ज्वालामुखी
ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के चंगर क्षेत्र की पंचायत सुरानी के पूर्व प्रधान प्रताप सिंह राणा ने यहां जारी प्रेस बयान में प्रदेश सरकार और प्रशासन से जोरदार मांग की है कि ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र में खुलने जा रहा खंड विकास अधिकारी कार्यालय टिहरी पंचायत में खोला जाए, ताकि लोगों को सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि टिहरी पंचायत ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र की 51 पंचायतों में केंद्र बिंदु है और हर क्षेत्र से नजदीक पड़ता है। यहां पर कोई भी कार्यालय मौजूद नहीं है, जिस वजह से यह क्षेत्र विकास की दृष्टि से लगातार पिछड़ता ही चला जा रहा है, यहां पर यदि खंड विकास अधिकारी कार्यालय खुल जाए, तो लोगों को ना केवल विकास के आयाम दिखाई देंगे, बल्कि लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि चुनावों के समय राजनेता वोट लेने के लिए यहां आ जाते हैं, परंतु लोगों को विकास के नाम पर कुछ भी मुहैया नहीं कराया जाता है, जिससे जनता में भारी रोष देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार और प्रशासन ने टिहरी में खंड विकास अधिकारी कार्यालय शीघ्र नहीं खोला तो वे धरना प्रदर्शन करने के लिए विवश होंगे। क्षेत्र की जनता उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेगी और आवश्यकता पड़ी, तो क्रमिक अनशन का भी आयोजन किया जा सकता है, जिसकी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।
