गगल (कांगड़ा) : पीएम माेदी के धर्मशाला दाैरे के पहले युवाओं ने किया विराेध प्रदर्शन
फर्स्ट वर्डिक्ट। गगल
जिला कांगड़ा के गग्गल में प्रदेश के विभिन्न जगहाें से आए युवकों ने सेना में अग्निपथ भर्ती का विरोध करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। युवाओं के आंदोलन की अगुवाई कर रहे जिला पार्षद पंकज कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि 4 साल पहले लाखों युवाओं ने लिखित परीक्षा और ग्राउंड टेस्ट पास किए हैं, लेकिन केंद्र सरकार ने उसका रिजल्ट न निकालकर अब 4 साल के लिए सेना मे भर्ती करने का फैसला लिया है। पंकज ने आरोप लगाया कि युवाओं को धर्मशाला नहीं जाने दिया जा रहा और पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की। पंकज ने कहा कि सभी युवा धर्मशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर अपनी समस्या का समाधान करवाने जा रहे थे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की सरकार में हिमाचल प्रदेश के युवाओं के साथ मारपीट कर उनकी आवाज को दबाया जा रहा है, लेकिन अब प्रदेश का युवा झुकने वाला नहीं है। जयराम सरकार को उखाड़ कर ही दम लेंगे। इस दौरान युवाओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने 1 घंटे के बाद युवाओं को सरकारी बसों में डालकर चंबी पुल और कांगड़ा की तरफ ले जाकर छोड़ दिया।
