देहरा : फ़ेसबुक पर मैसेज से पैसे मांगने वालों से रहें सावधान-डीएसपी
विनायक ठाकुर । देहरा
टेक्नोलॉजी के दौर में साइबर अपराधियों ने भी ठगी के कई नए तरीके ईजाद कर लिए हैं। वहीं, अगर आप भी फेसबुक चलाते हैं तो यह ख़बर आपके लिए ही है। हैकर्स ने फेसबुक आईडी का सहारा लेना शुरू कर दिया है। आपकी फेसबुक आईडी का इस्तेमाल आपके मित्रों और करीबियों से रुपए ऐंठने के लिए हो रहा है। खास बात यह कि रुपए को गुगल एकाउंट या फोन पे के माध्यम से देने का निवेदन भी किया जा रहा है। ऐसा ही एक वाक्या तहसील डाडासीबा में एक व्यक्ति के साथ पेश आया। जब हैकर्स द्वारा उन्हें, उनके ही निकटवर्ती गांव के निवासी की फ़ेसबुक आईडी से मैसेंजर पर मैसेज के ज़रिये अपने दोस्त की लड़की के बीमार होने तथा दिल्ली के एक अस्पताल में एडमिट होने का हवाला देकर गूगल-पे या फोन-पे एकाउंट में रुपए ट्रांसफर करने की बात कही गई, लेकिन पत्रकार ने सूझबूझ के चलते ऑनलाइन पेमेंट नहीं कर पाने की असमर्थता जताई।
वहीं, जब इस बारे उक्त व्यक्ति द्वारा पड़ताल की गई, तो पता चला कि सम्बंधित व्यक्ति द्वारा किसी से भी फ़ेसबुक मैसेंजर के जरिए पैसे नहीं मांगे गए हैं। जब स्क्रीनशॉट दिखाया, तो उनके होश ही उड़ गए। उन्हें यह समझ में आ गया कि उनकी फेसबुक आईडी को किसी ने हैक कर लिया है। डीएसपी देहरा विशाल वर्मा ने बताया कि यदि आपका कोई फेसबुक दोस्त है, जो आपसे फोन करने के बजाय फेसबुक मैसेज के जरिए पैसे मांगता है, तो रुपए ट्रांसफर करने से पहले संबंधित व्यक्ति से फोन पर बात जरूर कर लें। अपना यूजर आईडी एवं पासवर्ड किसी से शेयर न करें। इसके अलावा निजी जानकारियां व फोटो पोस्ट करने में सावधानी बरतें और किसी भी अनजान लिंक व मैसेज पर क्लिक करने से बचें।
