उदयपुर में भीम सेतु राष्ट्र को समर्पित: केंद्रीय रक्षा मंत्री ने डबल लेन पुल का किया उद्घाटन

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने जिला लाहौल-स्पिति के उदयपुर में नवनिर्मित डबल लेन पुल (भीम सेतु) को राष्ट्र को समर्पित करने के लिए केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आभार व्यक्त किया। यह पुल सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) द्वारा निर्मित किया गया है और क्षेत्र की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस पुल का लोकार्पण समारोह बीआरओ के 66वें स्थापना दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित मुख्यालय में आयोजित किया गया। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने वर्चुअल माध्यम से इस समारोह में भाग लिया।
समारोह के दौरान रक्षा मंत्री ने अन्य राज्यों के लिए 50 सड़कों और पुलों सहित कई महत्वपूर्ण आधारभूत परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया, जिनमें उदयपुर में 4.7 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित भीम सेतु भी शामिल है। इस पुल का निर्माण 20 फरवरी, 2023 को प्रारंभ हुआ था और यह 17 जनवरी, 2025 को पूर्ण हुआ।
राज्यपाल ने इस पुल के सामरिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह नया पुल 21 मीटर लंबा और 10 मीटर चौड़ा है, जिसकी भार क्षमता 70आर है। इस पुल के निर्माण से क्षेत्र में कनेक्टिविटी और परिवहन व्यवस्था में महत्वपूर्ण सुधार होगा।
राज्यपाल ने प्रोजेक्ट दीपक के मुख्य अभियंता राजीव कुमार और उनकी टीम, साथ ही 94 सड़क निर्माण कंपनी के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी।
इस मौके पर उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने राज्यपाल का स्वागत किया। इसके अलावा राज्यपाल के सचिव सीपी वर्मा, पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह, प्रोजेक्ट दीपक के मुख्य अभियंता राजीव कुमार और बीआरओ के वरिष्ठ अधिकारी भी इस समारोह में उपस्थित थे।