इंदौरा : दूल्हा-दुल्हन की कार से टकराई बाइक, कार क्षतिग्रस्त
मनीष ठाकुर। इंदौरा
पुलिस थाना डमटाल के अंतर्गत पड़ते पठानकोट-जालंधर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित इंदौरा मोड़ के बिल्कुल सामने एक शादी करवाकर घर वापस जा रहे दूल्हे की कार एक बाइक से टकरा जाने से एक बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जानकारी के अनुसार डल्हौजी से एक बारात जालंधर एरिया में गई हुई थी और आज शाम जैसे ही दूल्हा व दुल्हन बाली कार छन्नी वेली के पास पड़ते इंदौरा मोड़ के बिल्कुल सामने पहुंची, इस दौरान गलत दिशा से आ रही बाइक जिस पर दो लोग सवार होकर छन्नी वेली गांव की ओर जा रहे थे और कार से टकरा गई। हादसे में यहां कार को भारी नुकसान हुआ, तो वहीं बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होकर दो हिस्सों में बंट गई।
गनीमत रही कि दोनों चालकाें को अधिक चोट नहीं आई। ज्ञात रहे कि सघेड़ पुल से लेकर छन्नी वेली रोड़ पर आए दिन कई इस तरह के हादसे होते रहते हैं, जिसका मुख्य कारण वाहनों का उलट दिशा चलना होता है और छन्नी वेली में जाने वाले अधिकतर वाहन चालक उलट दिशा में ही जाते नजर आते हैं। बाइकों में सबार होकर उलट दिशा से होकर छन्नी की ओर जाने वाले तेज रफ्तार से वाहन चलाने वाले अधिकतर लोग नशेड़ी होते हैं और नशा खरीद करने के लिए छन्नी वेली में आते-जाते रहते हैं। स्थानीय पुलिस को ऐसे उलट दिशा में चलकर राहगीरों के लिए परेशानी बनने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई करनी चाहिए।
