मंडी के पुलघराट में ढाबा संचालक पर बाइक सवारों ने चलाई गोली, लूटपाट के बाद हमला
( words)

मंडी,(21 मार्च 2025): हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के पुलघराट में बीती शुक्रवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। अज्ञात बाइक सवार युवकों ने एक ढाबा संचालक पर गोली चला दी और लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। इस हमले में ढाबा संचालक बाल-बाल बच गया, जब गोली उसके गाल को छूती हुई निकल गई। बताया जा रहा है कि घायल संचालक को इलाज के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात को पुलघराट स्थित ढाबे पर कुछ बाइक सवार युवक खाना पैक करवाने के बहाने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ढाबा संचालक से नकदी छीन ली और वहां रखी एलईडी भी अपने साथ ले गए। जब संचालक ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली जानलेवा साबित नहीं हुई और संचालक की जान बच गई। मंडी की पुलिस अधीक्षक (एसपी) साक्षी वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस बाइक का नंबर ट्रेस करने में जुटी है और आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।
जयराम ठाकुर ने की ढाबा संचालक से फ़ोन पर बात
नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने घायल ढाबा संचालक से फोन पर बात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए सरकार से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।