बिलासपुर: 21 से 23 नवंबर तक होगा एक्वा फेस्ट 2025 का आयोजन, गोबिंद सागर झील बनेगी रोमांच का केंद्र
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विभाग और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा 21 से 23 नवंबर तक बिलासपुर एक्वा फेस्ट–2025 (जल महोत्सव) का आयोजन किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस महोत्सव में गोबिंद सागर झील रोमांच का केंद्र बनेगी। मंगलवार को बिलासपुर में पत्रकार वार्ता के दौरान तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने बताया कि गोबिंद सागर झील में लुहणू से मंडी भराड़ी तक के क्षेत्र में जल महोत्सव का आयोजन होगा। इस आयोजन में लगभग 250 प्रतिभागी विभिन्न राज्यों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और खेल संघों से हिस्सा लेंगे। मंत्री ने बताया कि इस दौरान कई आकर्षक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें कयाकिंग एवं केनोइंग, कंट्री बोटिंग, स्वीमिंग, स्टिल वाटर राफ्टिंग और फील-फ्री कयाकिंग प्रमुख हैं।
धर्माणी ने बताया कि इस अवसर पर रेड क्रॉस मेला, स्थानीय आजीविका मेला और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, जिनमें विभिन्न स्वयं सहायता समूह और स्थानीय उद्यमी अपने उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री करेंगे।आगंतुकों के मनोरंजन के लिए विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य गोबिंद सागर झील को प्रमुख जल एवं इको-टूरिज्म गंतव्य के रूप में विकसित करना और रोमांचक वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों को प्रोत्साहित करना है।
