देहरा : सत्ता हासिल करने के लिए निम्न स्तर तक जा सकती है भाजपा-डॉ. राजेश शर्मा
विनायक ठाकुर। देहरा
देश की जनता को आदर्शवाद व राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाने वाले बीजेपी खुद पूंजीवाद के ढर्रे पर चलती हुई सत्ता हासिल करने के लिए क्या-क्या हथकंडे अपना सकती है व किस निम्न स्तर पर भी जा सकती है। इस बात को 8 वर्ष से पूरा देश देख रहा है। यह बात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष डॉक्टर राजेश शर्मा ने यहां जारी प्रेस बयान में कही है। डॉक्टर राजेश शर्मा ने कहा कि चुनी हुई सरकारों को अस्थिर करना व अपना कब्जा जमाना बीजेपी का एकमात्र एजेंडा है। जिसके लिए बीजेपी अपने धन-बल का भरपूर प्रयोग करती है। महाराष्ट्र में सरकार को अस्थिर करने व विधायकों को 50-50 करोड़ में खरीदने के आरोप इस तथ्य को पुख्ता करते हैं कि बीजेपी सच में ही दुनिया की सबसे बड़ी पूंजीपति पार्टी बन चुकी है, लेकिन सवाल यह उठता है कि बीजेपी को अमीर बनाने वाला यह धन आया कहां से।
बीजेपी राज में लोकतंत्र की यह सबसे बदसूरत तस्वीर देश की जनता के सामने है। राजेश शर्मा ने कहा कि अब अगर बीजेपी के हावी होते पूंजीवाद से छुटकारा पाना है, तो देश की जनता को एकजुट होकर बीजेपी की तानाशाही के खिलाफ वोट की चोट करते हुए खड़ा रहना होगा। राजेश शर्मा ने कहा कि सवाल यह भी है कि बीजेपी के जिस दौर में अमीर और गरीब की खाई निरंतर चौड़ी हुई है। अमीरी और गरीबी के फांसले लगातार बढ़े हैं। अमीर और अमीर हुआ है और गरीब और गरीब हुआ है। देश की अर्थव्यवस्था तबाही की कगार पर है। लगातार बढ़ी बेरोजगारी व महंगाई से भुखमरी की नौबत आ चुकी है। इसी दौर में बीजेपी सबसे अमीर पार्टी कैसे बन गई, यह सोचने नहीं बल्कि समझने की भी बात है और जनता को इसे समझना होगा।
