कांगड़ा : भाजपा के नेता आए दिन हिमाचल का दौरा कर झूठी घोषणाएं से कर रहे जनता को भ्रमित-काजल
विधायक पवन काजल ने किया पांच लाख रुपए की लागत से बनकर तैयार पुली का शुभारंभ
मनाेज कुमार। कांगड़ा
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष और विधायक पवन काजल ने रविवार को ग्राम पंचायत खोली के सिंबल खोला में लगभग पांच लाख रुपए की लागत से बनकर तैयार पुली का शुभारंभ किया। पुली के निर्माण से गांव के लगभग 40 परिवारों को यातायात की सुविधा मिलेगी। काजल ने कहा प्रदेश की भाजपा सरकार महंगाई और बेरोजगारी पर लगाम कसने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा आए दिन हो रही सरकारी परीक्षाओं के पेपर लीक होने से बेरोजगार युवाओं का सरकार से विश्वास उठा है। उन्होंने पुलिस पेपर लीक मामले में संलिप्त अधिकारियों के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
उन्होंने कहा साढ़े 4 वर्षों तक डबल इंजन सरकार होने के बावजूद हिमाचल का विकास करवाने में नाकाम रही बीजेपी के नेता अब आए दिन हिमाचल के दौरे कर प्रदेश की जनता के साथ झूठे और भ्रमित करने वाले भाषण देकर कर जनता को गुमराह करने का सफल प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा नेताओं से पिछले विधानसभा चुनावों के दौरान घोषित 69 नेशनल हाई-वे और फोर लेन बारे स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। काजल ने कहा खोली पंचायत में पेयजल समस्या के समाधान के लिए नई पेयजल योजना के लिए दो करोड़ 53 लाख रुपए स्वीकृत हुए हैं, जिसका निर्माण कार्य शुरू करवा दिया गया है।
नई पेयजल योजना के अंतर्गत सिंबल खोला में भी एक बड़ा वाटर स्टोरेज टैंक बनेगा, जिससे ग्रामीणों को 24 घंटे पीने के पानी की सुविधा मिलेगी। गांव में 25 लाख रुपए की लागत से निर्माणाधीन पुल का निर्माण कार्य अंतिम चरण पर है, दो महीने के भीतर इस पुल का शुभारंभ कर ग्रामीणों की चिर लंबित मांग को पूरा कर दिया जाएगा। इस मौके पर पंचायत प्रधान केवल कुमार, उपप्रधान विजेंद्र, सोनू वार्ड पंच, करतार चंद, वेसी राम, बलदेव कुमार, प्यारे लाल, यशविंद्र सिंह, चंचला देवी, कमला देवी व मंगला देवी भी उपस्थित रहे।
