धर्मशाला : परिवारवाद का विरोध करने वाली भाजपा ने दिया नेता पुत्रों को टिकट-पंकज पंडित
भाजपा का चाल चरित्र आया जनता के सामने
मंत्री महेंद्र सिंह के पुत्र रजत ठाकुर, चेतन बरागटा, अनिल शर्मा और अनिल धीमान को मिला परिवारवाद के चलते टिकट
फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला
आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता पंकज पंडित ने कहा कि भाजपा के टिकटों के आबंटन से भाजपा के चाल और चरित्र का चेहरा जनता के सामने आ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बड़े-बड़े मंचों से परिवार वाद का विरोध करते हैं और जब टिकट की बारी आती है, तो परिवारवाद हावी रहता है। हिमाचल के टिकट आबंटन से साफ है कि भाजपा कहती कुछ है और करती कुछ है। भाजपा की करनी और कथनी में अंतर है। हिमाचल में भाजपा ने चार विधानसभा क्षेत्रों में परिवारवाद हावी है। मंडी जिले के धर्मपुर में मंत्री महेंद्र सिंह के बेटे रजत ठाकुर को टिकट दिया गया है। जुब्बल कोटखाई में स्व. नरेंद्र बरागटा के बेटे चेतन बरागटा को टिकट दिया गया है। वहीं, हमीरपुर के भोरंज विधानसभा क्षेत्र में पूर्व मंत्री स्वर्गीय आईडी धीमान के बेटे डॉ. अनिल धीमान को टिकट दिया गया है। इसी तरह मंत्री में कांग्रेस के दिग्गज नेता स्वर्गीय पंडित सुखराम के पुत्र अनिल शर्मा को टिकट दिया गया है। जिससे साफ होता है कि सत्ता के लिए भाजपा को परिवारवाद से कोई विरोध नहीं है, लेकिन जनता को पाठ पढ़ाने के लिए राजनीति में परिवार वाद का विरोध करती है।
पंकज पंडित ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को अब जवाब देना चाहिए कि जब जुब्बल कोटखाई में हुए उपचुनाव में चेतन बरागटा का टिकट परिवारवाद के कारण काटा गया, जिसके दुहाई जेपी नड्डा कई जगह देते रहे कि हम सीट हार गए, लेकिन परिवारवाद को टिकट नहीं दिया। अब भाजपा ने चेतन बरागटा को किस पैमाने पर टिकट दिया है। पंकज पंडित ने कहा कि भाजपा का असली चेहता जनता के सामने हैं। विधानसभा चुनावों में हार देखकर भाजपा डरी हुई है, जिसके कारण ही भाजपा परिवारवाद का सहारा ले रही है, लेकिन प्रदेश की जनता ने परिवर्तन का मन बना दिया है। भाजपा सरकार की विदाई तय है। जनता को आम आदमी पार्टी की गारंटियों पर भरोसा है। प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी।
