रक्कड़ : कालेश्वर ब्यास नदी में मिला कुहना से लापता महिला का शव
विनायक ठाकुर । रक्कड़
पुलिस थाना रक्कड़ के अधीन जमना देवी (47) पत्नी राणू राम निवासी अलोह शनिवार को अचानक लापता हो गई थी, जिसकी लाश सोमवार दोपहर 12 बजे कालेश्वर के समीप तैरती हुई, मिलने की सूचना प्रकाश में आई है। शव को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। आपको बता दे इस सम्बंध में महिला के पुत्र मनीष कुमार ने पुलिस थाना रक्कड़ में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनकी माता जमना देवी शनिवार शाम से लापता है। शिकायतकर्ता के मुताबिक जमना देवी लगभग चार-पांच दिन पहले अपने मायके कुहना में गई हुई थी। वहीं, 15 अक्तूबर शनिवार को कुहना (चलाह) अपने मायके में करीब शाम चार के बाद वह घर पर नजर नहीं आई। उसके बाद परिजनों ने आस-पड़ोस रिश्तेदारों व जान पहचान के लोगों से भी पता किया, लेकिन उनके बारे में कोई भी सुराग नहीं मिल पाया था।
महिला के पुत्र मनीष कुमार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए पुलिस से उन्हें तलाशने की गुहार लगाई थी। मामला दर्ज होते ही पुलिस मामले की तफ़्तीश में जूट गई थी और महिला को ढूढ़ने का हर संभव प्रयास कर रही थी। सोमवार दोपहर 12 बजे उक्त महिला का शव कालेश्वर के समीप ब्यास नदी में तैरता हुआ मिला है। इस बाबत रक्कड़ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और छानबीन की जा रही है। पुलिस जानकारी के अनुसार महिला मानसिक रूप से बीमार रहती थी। रक्कड़ थाना प्रभारी गुरदेव सिंह ने बताया कि महिला की शिनाख्त उसके परिजनों ने कर ली है। रक्कड़ पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है। मामले की पुष्टि डीएसपी ज्वालामुखी चंद्रपाल ने की है।
