कांगड़ा : कर्मचारियों की मांगों को पूरा न कर प्रदेश सरकार ने जता दिया कि वह कर्मचारी विरोधी-काजल
हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों के समर्थन में विधायक पवन काजल भी धरने पर बैठे
मनोज कुमार। कांगड़ा
पंचायती राज विभाग में शामिल करने की मांग को लेकर पिछले चार दिनों से विकास खंड कार्यालय कांगड़ा में हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों के समर्थन में वीरवार को स्थानीय विधायक, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष पवन काजल भी धरने पर बैठे। पवन काजल ने हिमाचल की भाजपा सरकार को सरकारी कर्मचारी विरोधी करार देते हुए कहा कि पिछले लंबे अरसे से जिला परिषद के अंतर्गत पंचायतों में विकास को गति दे रहे कर्मचारियों की मांगों को पूरा ना कर प्रदेश सरकार ने जता दिया कि वह कर्मचारी विरोधी है। उन्होंने कहा प्रदेश में 4300 कर्मचारियों को पंचायती राज विभाग में शामिल करने की कांग्रेस अपनी चुनावी घोषणा पत्र में शामिल कर वायदा करेगी।
काजल ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों की आयु सीमा 50 वर्ष से ऊपर हो चुकी है। ऐसे में विभाग में शामिल न करने कारण उनको भविष्य की चिंता सताने लगी है। उन्होंने कहा भाजपा सरकार में समाज का हर वर्ग दुःखी व आहत है। महिलाएं, युवा वर्ग और कर्मचारियों को अपने हक के लिए संघर्ष, हड़ताल और धरने प्रदर्शन करने पड़ रहे हैं, जिससे सरकार की कार्यशैली का अंदाजा लगाया जा सकता है। काजल ने कहा कांग्रेस के सत्ता में आने पर सरकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन बहाल करने साथ अन्य मांगों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। इस मौके पर कई पंचायत प्रधान भी विधायक काजल साथ कर्मचारियों के समर्थन मे पहुंचे।
