चम्बा : जिला परिषद वार्ड बनेट के सदस्य संदीप पनियाल ने सीएम के भटियात दौरे को बताया फ्लॉप
जिला परिषद वार्ड बनेट के सदस्य संदीप पनियाल ने मुख्यमंत्री के भटियात दौरे को फ्लॉप करार देते हुए प्रदेश सरकार पर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भटियात दौरे के दौरान केंद्र सरकार की योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कर वाहवाही लूटने का प्रयास करके चले गए, जबकि क्षेत्र की स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था बदहाल बनी हुई है।
पनियाल ने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र, जहां से विधानसभा अध्यक्ष प्रतिनिधित्व करते हैं, वहां स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति बेहद चिंताजनक है। सिविल अस्पताल चुवाड़ी में वर्ष 2022 से अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित होने के बावजूद रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति न होने के कारण यह मशीन बंद पड़ी है। अस्पताल में मेडिकल ऑफिसर के तीन पद खाली हैं। इसके अलावा एमडी मेडिसिन, आर्थो विशेषज्ञ और ओटीए के पद भी रिक्त चल रहे हैं। लैब टेक्नीशियन के दो पदों में से एक पद खाली है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में स्वीकृत 59 पदों में से 26 पद रिक्त हैं।
उन्होंने कहा कि समोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वीकृत 40 पदों में से 17 खाली हैं, जबकि क्षेत्र की 11 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्वीकृत 45 पदों में से 15 पद रिक्त पड़े हैं। ऐसे में क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने के सरकारी दावों की हकीकत सामने आ रही है।
शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पनियाल ने कहा कि चुवाड़ी कॉलेज में हिंदी, रसायन विज्ञान और राजनीति शास्त्र की पीजी कक्षाएं चल रही हैं, लेकिन इन विषयों को पढ़ाने के लिए अलग से प्राध्यापकों की नियुक्ति नहीं हुई है। कॉलेज में करीब 750 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। वाणिज्य विषय में तीन स्वीकृत पदों में से केवल दो प्राध्यापक कार्यरत हैं। हिंदी के दो स्वीकृत पदों में से एक तथा राजनीति शास्त्र के तीन पदों में से एक पद खाली है।
उन्होंने सिहुंता कॉलेज की स्थिति पर भी चिंता जताते हुए कहा कि यहां करीब 370 विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं, लेकिन कॉलेज को आज तक अपना भवन उपलब्ध नहीं करवाया गया है। यहां प्रयोगशाला की सुविधा भी नहीं है। इसके चलते विज्ञान विषय की पढ़ाई करने के इच्छुक विद्यार्थियों को करीब 55 किलोमीटर दूर धर्मशाला जाना पड़ता है।
पनियाल के अनुसार प्राथमिक शिक्षा की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है। प्रारंभिक शिक्षा खंड सिहुंता में शिक्षकों के स्वीकृत 74 पदों में से 35 खाली हैं, जबकि चुवाड़ी शिक्षा खंड में 85 स्वीकृत पदों में से 45 पद रिक्त पड़े हैं। सिहुंता शिक्षा खंड के पांच और चुवाड़ी शिक्षा खंड के दो स्कूलों में नियमित शिक्षक तक उपलब्ध नहीं हैं। ये सात स्कूल डेपुटेशन व्यवस्था के सहारे चल रहे हैं। वहीं, एक स्कूल के पास अपना भवन नहीं होने के कारण उसे जंजघर में संचालित करना पड़ रहा है।
संदीप पनियाल ने कहा कि भटियात में विकास के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इसके विपरीत है। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान क्षेत्र की स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी इन गंभीर समस्याओं पर कोई ठोस पहल सामने नहीं आई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार केंद्र सरकार की योजनाओं का श्रेय लेने और अपने नाम से शिलान्यास करने में व्यस्त है, जबकि स्थानीय जनता आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है।
