ज्वालामुखी : शतरंज में छाए बाल स्कूल ज्वालामुखी के होनहार
विनायक ठाकुर । ज्वालामुखी
राज्य स्तरीय स्कूली अंडर-17 लड़कों की शतरंज प्रतियोगिता में राजकीय बरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल ज्वालामुखी के गणेश बहादुर ने पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त करके अपने स्कूल का नाम रोशन किया। यह प्रतियोगिता राबमापा बाल धर्मशाला में आयोजित की गई थी। अब उसका चयन नैशनल के लिए हो गया है। इसी स्कूल की छात्रा केशबी ने हिमाचल प्रदेश राज्य शतरंज संघ द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय सीनियर वूमेन शतरंज प्रतियोगिता में पूरे राज्य में चौथा स्थान प्राप्त करके नेशनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। ये केश्बी का दूसरा नेशनल होगा। स्कूल प्रधानाचार्या मीना कुमारी ने इस उपलब्धि पर इन बच्चों, उनके टीम कोच अशोक कुमार डीपीई, श्यामा कुमारी, विकास धीमान और उनके अभिभावकों को बधाई दी और नेशनल में इनके अच्छे प्रदर्शन की कामना की। स्कूल प्रधानाचार्या मीना कुमारी ने बताया कि बाल स्कूल ज्वालामुखी के बच्चे शतरंज में राज्य स्तरीय और राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर रहे है। शतरंज खिलाड़ियों को शतरंज खेलने के लिए अलग कमरा दिया गया है, जहां पर उन्हें सुविधाएं उपलव्ध करवाई जा रही है।
