मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू ने एम्स बिलासपुर पहुंचकर बस दुर्घटना के घायलों का हाल जाना

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज बिलासपुर ज़िले के नम्होल के पास हुई दर्दनाक बस दुर्घटना में घायल यात्रियों का कुशलक्षेम जानने के लिए एम्स बिलासपुर का दौरा किया। उन्होंने घायलों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार की ओर से सभी घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि सभी घायलों का त्वरित और उच्च स्तर पर उपचार सुनिश्चित किया जाए।
इस हादसे में घायल हुए 32 यात्रियों का इलाज एम्स बिलासपुर में चल रहा है, जबकि बस चालक को मार्कंड के नागरिक अस्पताल में भर्ती किया गया है। ज़िला प्रशासन ने हादसे के तुरंत बाद पीड़ितों को चिकित्सीय सहायता और फौरी राहत राशि उपलब्ध कराई। मुख्यमंत्री के साथ इस मौके पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, कांग्रेस नेता विवेक कुमार, पवन ठाकुर, संजीव गुलेरिया और गौरव शर्मा, उपायुक्त राहुल कुमार तथा पुलिस अधीक्षक संदीप धवल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।