पालमपुर : मुख्य सचिव आरडी धीमान से मिले वूल फेडरेशन के चेयरमैन त्रिलोक कपूर
प्रतिमा राणा। पालमपुर
भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं वूल फेडरेशन के चेयरमैन त्रिलोक कपूर ने आज हिमाचल सरकार के मुख्य सचिव आरडी धीमान से भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी की बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने मुख्य सचिव से यह आग्रह किया कि 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने पालमपुर प्रवास के दौरान पालमपुर में विकास खंड खोलने की घोषणा की है। पालमपुर में विकास खंड शीघ्र बने और अपना काम करना शुरू करे इस बारे आगामी कैबिनेट में संवैधानिक तौर पर मोहर लगाने के लिए संबंधित विभाग को निर्देश देने की कृपा करें, ताकि मंत्री परिषद की मोहर के बाद विभाग पालमपुर में विकास खंड खोलने की प्रक्रिया शुरू हो सके। इस अवसर पर मुख्य सचिव ने संबंधित विभाग को पालमपुर विकास खंड के विषय को आगामी कैबिनेट बैठक में लाने के निर्देश दे दिए। वूल फेडरेशन के चेयरमैन त्रिलोक कपूर ने मुख्य सचिव को बताया कि पालमपुर विधानसभा से जुड़े पंचायती राज के प्रतिनिधि 3 विकास खंडों में बंटे हुए हैं, जिसके कारण उन्हें अत्यधिक परेशानी से गुजरना पड़ता है। उन्होंने बताया कि पालमपुर विकास खंड कार्यालय को खोलने से निश्चित रूप से विकास की दृष्टि से पंचायतों के कार्यों में गति मिलेगी।
