जस्वां परागपुर : सीएम ने 190 करोड़ की 39 विकासात्मक परियोजनाओं का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज कांगड़ा जिला की जस्वां परागपुर विधानसभा क्षेत्र में 190 करोड़ की 39 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास किए। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परागपुर को मॉडल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नागरिक अस्पताल गरली में चिकित्सकों के अतिरिक्त पदों के सृजन और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बथरा में विज्ञान कक्षाएं तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुहना में वाणिज्य कक्षाएं शुरू करने की भी घोषणाएं कीं।
कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान सभी कल्याणकारी नीतियों और विकासात्मक परियोजनाओं का लाभ प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से बीमार मरीज के परिवार के लिए सहारा योजना वरदान साबित हो रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने महिला यात्रियों को हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में किराए में 50 प्रतिशत छूट और इस वर्ष जुलाई से प्रदेश के घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक नि:शुल्क बिजली प्रदान करने का निर्णय लिया है।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने 2.02 करोड़ से उठाऊ पेयजल योजना अलोह पूननी की वितरण प्रणाली के सुधार कार्य, 16.03 करोड़ से जल जीवन मिशन के अन्तर्गत ग्राम पंचायत समूह सलूही, कोलापुर, शांतला, दोदू एवं कहूना के लिए घरेलू नल कनेक्शन योजना, 2.05 करोड़ रुपये से उठाऊ सिंचाई योजना चमुखा की वितरण प्रणाली के सुधार कार्य, तहसील जसवां 2.05 करोड़ से उठाऊ सिंचाई योजना बाड़ी सांडा के संवर्धन एवं विस्तार कार्य, 3.42 करोड़ से जल जीवन मिशन के अन्तर्गत पेयजल योजनाओं बाथु टिप्परी, बह दोदरा, अमरोह, कोई गुम्मी, बथरा, पघन भलवाल, स्वाणा टिप्परी, बथरा सेग, स्वार्थी, डाडा वन, डाडा कलेहर, नंगल चौक, बाड़ी सांडा, करोआ, समनोली एवं दर्वा अमलोहर खनूड़ी के लिए घरेलू नल कनेक्शन योजना, 1.41 करोड़ से जल जीवन मिशन के अन्तर्गत ग्राम पंचायत समूह अलोह पुनानी, टिक्कर, भरोली जदीद, कुडना, गरली एवं नाहन नगरोटा के लिए घरेलू नल कनेक्शन योजना, 1.64 करोड़ से जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल योजना कस्बा कोटला, संसारपुर टेरेस, डूहकी कस्बा, नंगल बस्सी पटटी के लिए घरेलू नल कनेक्शन योजना का लोकार्पण किया। इसके अलाव अन्य शिलान्यास भी किए।
