पालमपुर : मोदी ने जो हिमाचल को दिया कांग्रेस अगले 50 वर्ष भी नहीं सोच सकती-त्रिलोक कपूर
फर्स्ट वर्डिक्ट। पालमपुर
मोदी ने जो हिमाचल को दिया कांग्रेस अगले 50 साल भी नहीं सोच सकती, उक्त शब्द भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं पालमपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी त्रिलोक कपूर ने डाढ, अप्पर डाढ, जिया और खारटी पंचायतों में रखी गई अलग-अलग बैठकों में जनता को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। कपूर ने कहा कि जिस तरह मोदी और जयराम ठाकुर की डबल इंजन की सरकार ने हिमाचल में विकास करवाया है, उस विकास के बारे में कांग्रेस अगले 50 सालों तक भी नहीं सोच सकती। उन्होंने कहा कि यह मोदी जी का हिमाचल के प्रति प्यार और स्नेह ही है, जो उन्होंने छोटे से राज्य को एम्स जैसा बड़ा मेडिकल इंस्टीट्यूट, अटल टनल और ड्रग पार्क्स जैसी अनेक बड़ी-बड़ी योजनाएं हिमाचल को दी। क्या कभी ऐसी योजनाएं देने के बारे में कांग्रेस सोच सकती है बिल्कुल नहीं। कपूर ने अपने चुनाव अभियान के दौरान रखी गई इन बैठकों में लोगों से उन्हें समर्थन और वोट देने की भी अपील की।
उन्होंने कहा कि अगर पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के लोग उन्हें विधानसभा में पहुंचाते हैं, तो वह भी उनसे वादा करते हैं कि आने वाले 5 वर्षों में उनके सपनों का पालमपुर बनाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर नेता में काम करने की इच्छा शक्ति हो तो आने वाले 5 वर्षाें में अभूतपूर्व विकास की गाथा लिखी जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि पालमपुर एक ऐसा खूबसूरत क्षेत्र है जिसे पर्यटन की दृष्टि से बहुत विकासशील बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पालमपुर में भाजपा का विधायक न होते हुए भी उन्होंने पिछले 3 वर्षाें में हर उस व्यक्ति का काम करने का प्रयास किया है, जो उनके पास कोई समस्या लेकर आया है। कोई विरला ही ऐसा व्यक्ति होगा, जिसने उनको काम बताया हो और उसका काम न हुआ हो। अलग-अलग जगह रखी गई, बैठकों में त्रिलोक कपूर को आशीर्वाद देने के लिए बहुत बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
लोगों ने कहा कि त्रिलोक कपूर जैसा व्यक्ति जो हर किसी की बात सुनता है मिलना बहुत मुश्किल होता है। त्रिलोक कपूर ने जो पिछले 3 सालों में काम किए हैं वह कांग्रेसी पिछले 70 वर्षों में नहीं करवा पाए, क्षेत्र की जनता त्रिलोक कपूर के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और यही जनता सुनिश्चित करेगी कि त्रिलोक कपूर की जीत कितनी बड़ी हो। इस अवसर पर सभी पंचायतों के पंचायत प्रतिनिधि, जॉन प्रभारी, ग्राम केंद्र प्रभारी, त्रिदेव और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने त्रिलोक कपूर के साथ बैठकों में भाग लिया।
