डाडा सीबा : सेवानिवृत्ति पर कुंता देवी को दी गई सम्मानपूर्ण विदाई
बाबा कांशी राम राजकीय महाविद्यालय, डाडा सीबा में आज कार्यालय अधीक्षक के पद पर कार्यरत कुंता देवी के सेवानिवृत्त होने पर उनके सम्मान में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त स्टाफ और प्रबुद्धजनों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी।
समारोह की शुरुआत वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. जतिंदर कुमार द्वारा कुंता देवी एवं उनके साथ आए अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन करने से हुई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्राध्यापकों और स्टाफ सदस्यों ने कुंता देवी की कार्यशैली, अनुशासन और समर्पण भाव की सराहना करते हुए उनके साथ बिताए अनुभव साझा किए।
अपने संबोधन में कुंता देवी ने महाविद्यालय में बिताए समय को याद करते हुए इसे अपने जीवन का महत्वपूर्ण अध्याय बताया। उन्होंने विदाई समारोह के आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्होंने महाविद्यालय के विकासात्मक कार्यों के लिए 31 हजार रुपये की राशि भी भेंट की।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. दविंदर सिंह ने कुशलतापूर्वक किया, जबकि धन्यवाद प्रस्ताव प्रो. रामपाल द्वारा प्रस्तुत किया गया।
